वैभव सूर्यवंशी में दिखती है ब्रायन लारा की झलक; अब महान एलन बॉर्डर भी हो गए फिदा
वैभव सूर्यवंशी में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और सर्वकालिक महान बल्लेबाजों में शुमार एलन बॉर्डर को ग्रेट ब्रायन लारा की झलक दिखती है। भारत दौरे पर आए बॉर्डर ने मिड-डे को दिए एक इंटरव्यू में कहा है कि उन्होंने 14-15 साल के किसी बल्लेबाज को इतनी ताकत से गेंद को मारते नहीं देखा है।

वैभव सूर्यवंशी क्रिकेट जगत में छाए हुए हैं। उन्हें भारतीय क्रिकेट टीम में लेने की मांग भी लगातार जोर पकड़ रही है। पूर्व क्रिकेटर सबा करीम तो उनकी तारीफ में यहां तक कह चुके हैं कि सूर्यवंशी में सचिन तेंदुलकर से भी ज्यादा पावर है। अब ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और सर्वकालिक महान बल्लेबाजों में शुमार एलन बॉर्डर को उनमें ग्रेट ब्रायन लारा की झलक दिख रही है। भारत दौरे पर आए बॉर्डर ने मिड-डे को दिए इंटरव्यू में कहा है कि उन्होंने 14-15 साल के किसी बच्चे को इतनी ताकत से गेंद को मारते नहीं देखा है।
एलन बॉर्डर ने मिड-डे को दिए इंटरव्यू में कहा, ‘मुझे लगता है कि वैभव एक ग्रेट टैलेंट है। मैंने 14-15 साल के किसी बल्लेबाजी को क्रिकेट की गेंद को इतनी ज्यादा ताकत से मारते कभी नहीं देखा है।’
ऑस्ट्रेलियन ग्रेट ने कहा कि उन्हें वैभव सूर्यवंशी में ब्रायन लारा की झलक दिखती है। बॉर्डर ने कहा, 'मैं इस वक्त ये भविष्यवाणी तो नहीं कर सकता कि आगे चलकर वह एक सफल टेस्ट क्रिकेटर बन पाएगा या नहीं, लेकिन मैं उसमें ब्रायन लारा की झलक साफ-साफ देख सकता हूं। उसे बहुत आगे जाना है लेकिन उसे ये सुनिश्चित करना होगा कि वह गेंद को मैदान के हार कोने में मार सकता है।'
बॉर्डर ने वैभव सूर्यवंशी को सुझाव दिया कि उन्हें अब ये जरूर सीखना चाहिए कि अपना डिफेंस कैसे मजबूत करें।
70 साल के एलन बॉर्डर भारत दौरे पर हैं। महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर के बुलावे पर वह मंगलवार को मुंबई पहुंचे। गावस्कर और बॉर्डर काफी अच्छे दोस्त हैं। लिटल मास्टर ने उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग को देखने के लिए बुलाया है।
रविवार को एलन बॉर्डर ने ईडन गार्डन्स में हुए केकेआर बनाम राजस्थान रॉयल्स मुकाबले को अपने बेटे डीन के साथ देखा था। उस मैच में वैभव सूर्यवंशी ने 28 गेंदों में 46 रन की पारी खेली थी। इस दौरान उन्होंने 6 चौके और 2 छक्के जड़े थे। उस मैच में वैभव सूर्यवंशी का स्ट्राइक रेट 164.28 का था जो उनके एवरेज स्ट्राइक रेट से काफी कम था। वैभव सूर्यवंशी का आईपीएल में स्ट्राइक रेट 200 से ज्यादा है।
रविवार के मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने राजस्थान रॉयल्स को 4 विकेट से हराकर आईपीएल 2026 में पहली जीत हासिल की थी। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 155 रन बनाए थे। जवाब में कोलकाता ने रिंकू सिंह के नाबाद 53 और अनुकूल रॉय के नाबाद 29 रनों की पारी की बदौलत 2 गेंद बाकी रहते मैच को 4 विकेट से जीत लिया था।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



