वैभव सूर्यवंशी भी नहीं तोड़ पाए सुरेश रैना का ये रिकॉर्ड, आज भी इतिहास के पन्नों में है अमर
वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 29 गेंदों पर 97 रन बनाकर कई रिकॉर्ड तोड़े, मगर सुरेश रैना को नहीं पछाड़ पाए। रैना का एक रिकॉर्ड ऐसा है जो आज भी इतिहास के पन्नों में अमर है। कोई शायद ही इस रिकॉर्ड को तोड़ पाए।

राजस्थान रॉयल्स के स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में खूब कोहराम मचाया। मात्र 29 गेंदों पर उन्होंने 97 रनों की धुआंधार पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 12 छक्के शामिल थे। वैभव सूर्यवंशी ने अपनी इस पारी के दौरान कई रिकॉर्ड तोड़े, मगर वह सुरेश रैना के रिकॉर्ड को नहीं तोड़ पाए। रैना का यह रिकॉर्ड है एक आईपीएल इनिंग में 25 गेंदों पर सबसे ज्यादा रन बनाने का। ऐसा लगता है कि उनका यह रिकॉर्ड इतिहास के पन्नों में अमर हो गया है। वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ी भी उनके इस 12 साल पुराने रिकॉर्ड को नहीं तोड़ पाए।
सुरेश रैना ने यह रिकॉर्ड आईपीएल 2014 के क्वालीफायर-2 में पंजाब किंग्स (उस समय किंग्स XI पंजाब) के खिलाफ बनाया था। पंजाब ने पहले बैटिंग करते हुए सीएसके के सामने 227 रनों का मुश्किल टारगेट रखा था, उस समय यह बहुत बड़ा स्कोर माना जाता था, वो भी क्वालीफायर-2 जैसे बड़े मुकाबले में।
फाफ डु प्लेसी के पहले ओवर में आउट होने के बाद सुरेश रैना नंबर-3 पर बैटिंग करने उतरे थे। रैना ने 25 गेंदों पर 12 चौकों और 6 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 87 रनों की यह पारी खेली थी। उस समय ऐसा लग रहा था कि रैना आईपीएल में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड तोड़ देंगे, जो क्रिस गेल ने 30 गेंदों पर बनाया था।
मगर किस्मत ने रैना का साथ नहीं दिया। ब्रेंडन मैक्कुलम के साथ एक रन चुराने के चक्कर में रैना रन आउट हो गए। और इस शानदार पारी का एक दुखद अंत हुआ।
रैना के आउट होने के बाद सीएसके भी ज्यादा कुछ नहीं कर पाई और उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
हालांकि सुरेश रैना की इस पारी को आज भी याद किया जाता है और अभी तक कोई खिलाड़ी शुरुआती 25 गेंदों पर उनसे ज्यादा रन नहीं बना पाया है। रैना की यह पारी इतिहास के पन्नो में अमर है।
वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 29 गेंदों पर 97 रन बनाए, मगर जब उन्होंने 25 गेंदें खेली थी तो उनका स्कोर 81 रन था। वहीं इससे पहले वह 25 गेंदों पर 79 रन भी बना चुके हैं।
वैभव सूर्यवंशी के अलावा ट्रैविस हेड (26 गेंदों पर 84), प्रभसिमरन सिंह (25 गेंदों पर 76) और जैक फ्रेजर मैकगर्क (27 गेंदों पर 84) जैसे खिलाड़ियों ने भी कोशिश की, मगर कोई रैना के इस रिकॉर्ड को नहीं तोड़ पाया।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



