MI के ड्रेसिंग रूम में खटपट की बात सच हो तब भी हार्दिक पांड्या को रीटेन करना चाहिए: वीरेंदर सहवाग
मुंबई इंडियंस के ड्रेसिंग रूम में सब कुछ ठीक नहीं होने की अफवाहों के बीच दिग्गज वीरेंदर सहवाग ने कप्तान हार्दिक पांड्या का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि ड्रेसिंग रूम में तनाव की बातें अगर सच हैं तब भी पांड्या को रीटेन किया जाना चाहिए। उनके जैसे खिलाड़ी की भरपाई आसान नहीं होती।

मुंबई इंडियंस और उसके कप्तान हार्दिक पांड्या के लिए आईपीएल 2026 किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है। टीम प्लेऑफ में पहुंचने में नाकाम रही है। अटकलें लग रही हैं कि अगले सीजन में कप्तान हार्दिक पांड्या की छुट्टी हो सकती है। सिर्फ कप्तानी से ही नहीं, बल्कि टीम से छुट्टी की अटकलें लग रही हैं। सोशल मीडिया पर ऐसी अफवाहें भी उड़ीं कि हार्दिक पांड्या ने मुंबई इंडियंस को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो कर दिया। कुछ ऐसे भी दावे सामने आए कि उन्होंने फिर बाद में फॉलो भी कर लिया। ऐसे माहौल में भी दिग्गज पूर्व क्रिकेटर वीरेंदर सहवाग का कहना है कि अगर ड्रेसिंग रूम का माहौल सच में खराब ही हो तब भी मुंबई इंडियंस को हार्दिक पांड्या को रीटेन करना ही चाहिए। वह ऐसे खिलाड़ी हैं जिसकी भरपाई आसानी से नहीं हो सकती।
सहवाग ने क्रिकबज पर ये बात तब कही जब पूर्व क्रिकेटर रोहन गावस्कर ने कहा कि अगर ड्रेसिंग रूम के अफवाह सच न हों तब मुंबई को हार्दिक पांड्या को रीटेन करना चाहिए। लेकिन अगर अफवाह सच हैं तब तो रिलीज कर देना ठीक होगा। इसी पर सहवाग ने कहा कि अफवाहों में दम हो या न हो, मुंबई इंडियंस को हर हाल में पांड्या को रीटेन करना चाहिए।
रोहन गावस्कर ने कहा, 'अगर आप सिर्फ क्रिकेट की बात कर रहे तो उन्हें रीटेन कीजिए। लेकिन अगर ड्रेसिंग रूम में तनाव या ऑफ-फील्ड मसलों को लेकर तमाम अफवाहें हैं, हालांकि मैं श्योर नहीं हूं कि ये सच हैं। अगर ये सच हैं तो उन्हें रिलीज कीजिए। अगर झूठ हैं तब क्रिकेट के आधार पर उन्हें रीटेन किया ही जाना चाहिए क्योंकि वह एक टॉप-क्वॉलिटी के खिलाड़ी हैं।'
गावस्कर की इस बात पर वीरेंदर सहवाग असहमत दिखे। उन्होंने कहा कि अगर ड्रेसिंग रूम में टेंशन हो भी तब भी हार्दिक को रीटेन किया जाना चाहिए। ड्रेसिंग रूम का तनाव तो खत्म किया जा सकता है लेकिन हार्दिक जैसी क्षमता वाले खिलाड़ी की आसानी से भरपाई नहीं हो सकती।
वीरेंदर सहवाग ने कहा, 'अफवाहों की परवाह न करते हुए मैं उन्हें रीटेन करूंगा। आप उन्हें (अफवाहों) को कभी भी खत्म कर सकते हैं। ड्रेसिंग रूम में मतभेद की बातें अगर सच हैं तो उन्हें भी दूर किया जा सकता है क्योंकि आपको एक टीम के तौर पर खेलना है। और हार्दिक काफी कीमती खिलाड़ी हैं। मुंबई इंडियंस को उनकी जरूरत है।'
सहवाग ने यहां तक कहां कि हार्दिक का प्राइस टैग भले ही 16.35 करोड़ की है लेकिन वह असल में आईपीएल के सबसे कीमती खिलाड़ी हैं।
सहवाग ने कहा, 'याद रखिए, वह जब मुंबई इंडियंस का कप्तान नहीं थे, तब भी शानदार खेलते थे। तब भी अफवाहें थीं लेकिन मैं उसके बाद भी उन्हें रीटेन करता। असल में 16.35 करोड़ रुपये बहुत छोटी रकम है। वह 27 करोड़ का प्लेयर है।'
दरअसल 27 करोड़ रुपये आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी ऋषभ पंत की कीमत है। इसीलिए सहवाग ने 27 करोड़ का जिक्र किया।
वैसे हार्दिक पांड्या जब से मुंबई इंडियंस के कप्तान बने, तब से उन्हें तमाम नकारात्मकता का सामना करना पड़ा। मुंबई इंडियंस के होम ग्राउंडस में ही उन्हें दर्शकों की हूटिंग का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया पर उनकी बेरहमी से ट्रोलिंग की गई। 2024 में उनकी कप्तान के पहले साल मुंबई इंडियंस पॉइंट्स टेबल में सबसे आखिरी पायदान पर रही। हालांकि 2025 में पांड्या की ही कप्तानी में टीम प्लेऑफ में पहुंची और क्ववालीफायर 2 तक पहुंची। तब आलोचनाओं का तोप उनकी तरफ से हट गया था लेकिन 2026 में एक बार फिर तोप का मुंह उनकी तरफ मुड़ गया है।
मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन अगर खराब होता लेकिन बतौर ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या परफॉर्म कर रहे होते तब शायद उन्हें लेकर इतनी चर्चा नहीं होती। उनका खुद का खराब प्रदर्शन कोढ़ में खाज का काम कर रहा है। हार्दिक पांड्या ने इस सीजन में अब तक 8 पारियों में सिर्फ 146 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट भी महज 136.44 का है। गेंदबाजी में भी वह बिल्कुल असरदार नहीं दिखे। उन्होंने इस सीजन में सिर्फ 4 विकेट लिए हैं और काफी महंगे साबित हुए हैं। उनका इकॉनमी रेट करीब 12 का है।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



