जब मैं भावनात्मक रूप से कमजोर था तब DK अन्ना ने मेरी मदद की; पिता की मौत और दिनेश कार्तिक के सपोर्ट पर बोले जितेश शर्मा

Chandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, भाषा
share

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के उप कप्तान जितेश शर्मा का कहना है कि जब अपने पिता के निधन के बाद वह भावनात्मक रूप से कमजोर महसूस कर रहे थे तब पूर्व भारतीय विकेटकीपर दिनेश कार्तिक ने उनकी काफी मदद की।

जब मैं भावनात्मक रूप से कमजोर था तब DK अन्ना ने मेरी मदद की; पिता की मौत और दिनेश कार्तिक के सपोर्ट पर बोले जितेश शर्मा

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के उप कप्तान जितेश शर्मा का कहना है कि जब अपने पिता के निधन के बाद वह भावनात्मक रूप से कमजोर महसूस कर रहे थे तब पूर्व भारतीय विकेटकीपर दिनेश कार्तिक ने उनकी काफी मदद की।

जितेश ने कहा कि इस साल फरवरी में उनके पिता के निधन के बाद कार्तिक ने उन्हें कुछ समय के लिए खेल से दूर रहने और भावनात्मक रूप से मजबूत बनने के लिए प्रोत्साहित किया था।

IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

जितेश ने आरसीबी के एक पॉडकास्ट में कहा, ‘डीके (दिनेश कार्तिक) अन्ना ने मुझसे कहा कि मैं थोड़ा आराम करूं। कुछ समय के लिए खेल से दूर रहूं और अपने परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताऊं। इससे मुझे फिर से तरोताजा होने में मदद मिली।’

पिछले महीने जितेश ने पीटीआई से कहा था कि पिता के निधन के बाद उनके जीवन में प्राथमिकताएं कैसे बदल गईं।

जितेश ने पिछले साल आरसीबी की आईपीएल में पहली खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी जिसमें कार्तिक ने बल्लेबाजी कोच और मेंटोर (मार्गदर्शक) के रूप में भी योगदान दिया था।

उन्होंने कहा, ‘मेरे अच्छे प्रदर्शन का बहुत सारा श्रेय डीके अन्ना को जाता है। उन्होंने मुझे अपने खेल को बेहतर ढंग से समझने, अपनी ताकत का सही उपयोग करने और मानसिक रूप से मजबूत बनने में मदद की।’

जितेश ने कहा कि एक मुश्किल दौर के बाद आरसीबी की टीम में वापसी करते हुए एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में प्रवेश करने से उन्हें सुकून मिला।

उन्होंने कहा, ‘जब मैं चिन्नस्वामी में वापस आया और फिर से लाल और नीले रंग को देखा तो मुझे ऐसा लगा जैसे मेरा पुनर्जन्म हुआ हो।’

अपनी बल्लेबाजी के बारे में जितेश ने कहा, ‘मेरा सिर्फ एक ही लक्ष्य होता है और वह है गेंद पर नजर रखना। अगर आप गेंद पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं और उसे अच्छी तरह देख रहे हैं तो बाकी सब अपने आप ठीक हो जाता है।’

उन्होंने कहा, ‘मैं अब खुद को सिर्फ विकेटकीपर के रूप में नहीं देखता। मैं खुद को फिनिशर और फील्डर के रूप में भी देखता हूं। टीम में जगह बनाने के लिए मुझे जो भी भूमिका निभानी पड़े, मैं उसके लिए तैयार हूं। भारत के लिए खेलना अब भी मेरा अंतिम लक्ष्य है।’

जितेश शर्मा को टी20 विश्व कप 2026 के स्क्वाड में अपनी जगह की उम्मीद थी। जब उन्हें स्क्वाड में जगह नहीं मिली तब वह बहुत निराश भी हुए थे। उनकी जगह पर ईशान किशन को मौका मिला था और उन्होंने उस मौके को शानदार ढंग से भुनाया था।

टी20 विश्व कप टीम में जगह नहीं मिलने को जितेश शर्मा ने दिल तोड़ने वाला बताया था। संयोग से विश्व कप शुरू होने से महज 1 हफ्ते पहले 1 फरवरी 2026 को उनके पिता का निधन हो गया। उस समय वह भावनात्मक रूप से टूट गए थे लेकिन दिनेश कार्तिक के शब्दों ने उन्हें हौसला दिया।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।