दिल्ली कैपिटल्स vs चेन्नई सुपर किंग्स: छोटी सी गलती भी पड़ सकती है भारी, देखें दोनों टीमों की मजबूती-कमजोरी

Chandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, भाषा
Follow us on Google News
share

दिल्ली कैपिटल्स को अपने घरेलू मैदान पर लगातार तीन हार झेलने के सिलसिले को खत्म करने के लिए मंगलवार को जोर लगाना होगा। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में उस दिन दिल्ली के सामने CSK की चुनौती होगी। दिल्ली कैपिटल्स को इस मैच में जीत के लिए खेल के तीनों विभाग में अच्छा प्रदर्शन करना होगा।

दिल्ली कैपिटल्स vs चेन्नई सुपर किंग्स: छोटी सी गलती भी पड़ सकती है भारी, देखें दोनों टीमों की मजबूती-कमजोरी

दिल्ली कैपिटल्स को अपने घरेलू मैदान पर लगातार तीन हार झेलने के सिलसिले को खत्म करने के लिए मंगलवार को जोर लगाना होगा। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में उस दिन दिल्ली के सामने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की चुनौती होगी। दिल्ली कैपिटल्स को इस मैच में जीत के लिए खेल के तीनों विभाग में अच्छा प्रदर्शन करना होगा। दोनों टीमों के लिए अब बाकी बचे अपने हर मैच बहुत अहम होने वाले हैं।

छोटी सी गलती भी पड़ सकती है भारी

दिल्ली और चेन्नई दोनों टीम के नौ मैचों में आठ-आठ अंक हैं। अब जबकि उनके पांच मैच बचे हुए हैं तब छोटी सी गलती भी भारी पड़ सकती है और टीम का प्लेऑफ का सपना टूटकर बिखर सकता है।

IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

दिल्ली कैपिटल्स ने लगातार तीन हार के बाद शुक्रवार को जयपुर में खेले गए मैच में महत्वपूर्ण जीत हासिल की। उसने इससे पहले जो तीन मैच गंवाए थे उनमें से दो हार उसे घरेलू मैदान पर मिलीं थी।

कोटला में पंजाब किंग्स के खिलाफ उसकी टीम 264 रन के स्कोर का बचाव नहीं कर पाई थी जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ उसके बल्लेबाज नहीं चल पाए थे। इससे पहले दिल्ली को कोटला में गुजरात टाइटंस से भी एक रन से हार का सामना करना पड़ा था।

पथुम निसांका का लय में लौटना दिल्ली के लिए राहत की बात

सीएसके के खिलाफ मैच से पहले दिल्ली के लिए सबसे बड़ी सकारात्मक बात यह है कि सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका अपनी लय में आ गए हैं। केएल राहुल अच्छी फॉर्म में हैं, जबकि तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के आने से उसका गेंदबाजी आक्रमण मजबूत हुआ है।

जयपुर में अपने आखिरी ओवर में तीन छक्के खाने के बाद कुलदीप यादव अपने प्रदर्शन में सुधार करना चाहेंगे। वह अभी तक टूर्नामेंट में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। उन्होंने नौ मैचों में केवल सात विकेट लिए हैं और प्रति ओवर 10.26 रन लुटाए हैं।

डेथ ओवरों के विशेषज्ञ टी नटराजन का भी इकोनॉमी रेट अच्छा नहीं है। उन्होंने नौ मैचों में केवल पांच विकेट लिए हैं।

उतार-चढ़ाव भरे दौर के बावजूद कप्तान अक्षर पटेल शांत और व्यावहारिक बने रहने में कामयाब रहे हैं।

अक्षर ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जीत के बाद कहा था, ‘आपको हर दिन अभ्यास करते रहना होगा। आप हमेशा परिस्थितियों को बदल सकते हैं। इसलिए मैं खिलाड़ियों के प्रदर्शन से मैं खुश हूं।’

इस मैच में भी नहीं खेलेंगे धोनी

सत्र के अपने 10वें मैच से पहले सीएसके के सीईओ कासी विश्वनाथन ने पीटीआई को पुष्टि की कि महेंद्र सिंह धोनी अभी तक पूरी तरह से फिट नहीं हुए हैं जिसके कारण वह कोटला में होने वाले मैच में भी नहीं खेल पाएंगे।

दिल्ली की तरह सीएसके भी नाजुक स्थिति में है और अगर वे इस मैच में जीत हासिल नहीं कर पाते हैं तो फिर उनका प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होना तय हो जाएगा।

सीएसके के लिए भी करो या मरो वाला मैच

कप्तान रुतुराज गायकवाड़ सत्र के शुरू में रन बनाने के लिए जूझ रहे थे जिससे टीम को काफी नुकसान हुआ। ऐसे में संजू सैमसन ने अकेले ही सारा भार संभाला। लेकिन गायकवाड अब फॉर्म में लौट आए हैं। उन्होंने पिछले दो मैचों में अर्धशतक लगाए।

चोटिल आयुष म्हात्रे के हटने के बाद उर्विल पटेल ने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी की। मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेली गई उनकी 12 गेंदों में 14 रन की पारी उनके आत्मविश्वास के लिए बहुत फायदेमंद साबित होगी। यही बात कार्तिक शर्मा पर भी लागू होती है, जिन्होंने शनिवार रात को अपना पहला अर्धशतक लगाया।

सीएसके ने अपनी चार जीत में से दो जीत मुंबई इंडियंस की टीम के खिलाफ हासिल की है जो इस सत्र में संघर्ष कर रही है। सीएसके ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ चेन्नई में खेले गए मैच में जीत हासिल की थी और वह उससे प्रेरणा लेने की कोशिश करेगी।

टीम इस प्रकार हैं:

दिल्ली कैपिटल्स: अभिषेक पोरेल, केएल राहुल, नितीश राणा, समीर रिज़वी, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल, आशुतोष शर्मा, दुष्मंथा चमीरा, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, डेविड मिलर, औकिब नबी डार, पथुम निसांका, लुंगी एनगिडी, साहिल पारख, पृथ्वी साव, काइल जैमीसन, त्रिपुराना विजय, माधव तिवारी, अजय जादव मंडल, करुण नायर, टी नटराजन।

चेन्नई सुपर किंग्स: रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, एमएस धोनी, उर्विल पटेल, संजू सैमसन, शिवम दुबे, रामकृष्ण घोष, आयुष म्हात्रे, श्रेयस गोपाल, जेमी ओवरटन, अंशुल कंबोज, गुरजापनीत सिंह, मुकेश चौधरी, नूर अहमद, अकील होसेन, प्रशांत वीर, मैथ्यू शॉर्ट, सरफराज खान, मैट हेनरी, राहुल चाहर, जैकरी फॉल्क्स, स्पेंसर जॉनसन, कार्तिक शर्मा, अमन खान।

समय: मैच भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे शुरू होगा।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।