CSK से नाता टूटने को रविंद्र जडेजा ने बताया इमोशनल लेकिन पिंक जर्सी की अलग ही खुशी बताई
आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स ने सोमवार को अपने पहले मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को एकतरफा अंदाज में 8 विकेट से शिकस्त दी। मैच के बाद आरआर के ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने सीएसके से अपनी विदाई से लेकर राजस्थान रॉयल्स की मजबूती समेत तमाम पहलुओं पर खुलकर बातचीत की।

आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स ने सोमवार को अपने पहले मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को एकतरफा अंदाज में 8 विकेट से शिकस्त दी। मैच के बाद आरआर के ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने सीएसके से अपनी विदाई से लेकर राजस्थान रॉयल्स की मजबूती समेत तमाम पहलुओं पर खुलकर बातचीत की। जियोस्टार के 'मैच सेंटर लाइव' कार्यक्रम में जियोस्टार एक्सपर्ट अनिल कुंबले और सुरेश रैना के साथ बातचीत में जडेजा ने बताया कि सीएसके को छोड़ना भावनात्मक था। हालांकि उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि वह अब उस टीम के साथ हैं जिसके साथ उन्होंने आईपीएल का पहला खिताब जीता था।
जियोहॉटस्टार पर जडेजा ने कहा, ‘मैं गुलाबी रंग को पसंद कर रहा हूं। पीला तो थोड़ा बहुत पुराना महसूस हो रहा है, लेकिन मैं सिर्फ मजाक कर रहा हूं। साफ तौर पर सीएसके जैसी फ्रेंचाइजी को छोड़ना, जहां मैं 12-13 वर्षों तक खेला, शुरुआत में थोड़ा मुश्किल था। यह भावनात्मक था। लेकिन मैंने खुद से कहा कि इस तरह के बदलाव भी सफर का हिस्सा होते हैं।’
स्टार ऑलराउंडर ने आगे कहा,'अच्छी बात ये थी कि मैं अब उस टीम के साथ हूं जिसके साथ मैंने अपना पहला आईपीएल टाइटल जीता था। वो याद हमेशा मेरे साथ रहती है कि अंडर-19 वर्ल्ड कप के बाद मैंने अपना आईपीएल करियर शुरू किया और पहले ही सीजन में टाइटल जीता। मैं उन यादों को सकारात्मक सोच के साथ रखता हूं और मेरा मकसद नए ग्रुप के साथ जितना ज्यादा हो सके, सीखने का है और टीम के साथ अपने अनुभव को भी साझा करना है।'
गुवाहाटी की पिच को लेकर पूछे सवाल पर जडेजा ने कहा, 'विकेट थोड़ा स्टिकी था इसलिए मैं जैसी गेंदबाजी करता हूं, उसके लिए मुफीद था। मेरा काम बस सही एरिया में गेंद करना था। जब आप विकेट के सही एरिया को हिट करते हैं तो गेंद थोड़ी धीमी होकर आती है, गेंदबाज इससे अच्छा महसूस करते हैं। पहले ही मैच में इस तरह की सतह पाकर गेंदबाज का आत्मविश्वास बढ़ता है।'
रविंद्र जडेजा उन कुछ चुनिंदा खिलाड़ियों में रहे हैं जो चेन्नई सुपर किंग्स की पहचान बन चुके थे। वे खिलाड़ी जिनके बिना आप सीएसके की कल्पना नहीं कर सकते। लेकिन जडेजा ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत राजस्थान रॉयल्स के साथ ही की थी। 2008 में जब आईपीएल की शुरुआत हुई तब उस पहले सीजन में जडेजा राजस्थान रॉयल्स के स्क्वाड का ही हिस्सा थे। तब शेन वॉर्न की अगुआई में आरआर ने इतिहास रचते हुए आईपीएल का सबसे पहला टाइटल अपने नाम किया था।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



