पिछली जीत से CSK का जोश हाई, KKR को अभी भी पहली जीत का इंतजार; किसमें कितना दम?
पिछले मैच में जीत से उत्साहित चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की टीम मंगलवार को चेन्नई में होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में नए आत्मविश्वास के साथ उतरेगी। उसकी कोशिश आईपीएल 2026 में अब तक एक भी मैच नहीं जीतने वाली कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के खिलाफ दबदबा बनाने की कोशिश करेगी।

पिछले मैच में जीत से उत्साहित चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की टीम मंगलवार को चेन्नई में होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में अब तक एक भी मैच नहीं जीतने वाली कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की टीम के खिलाफ दबदबा बनाने की कोशिश करेगी।
सीएसके ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेल के हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करके सत्र की अपनी पहली जीत दर्ज की। उसकी इस जीत के नायक संजू सैमसन रहे जिन्होंने 56 गेंद पर नाबाद 115 रन की पारी खेली। इसके बाद उसके गेंदबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया।
डेवाल्ड ब्रेविस हुए फिट, CSK को मिलेगा फायदा
डेवाल्ड ब्रेविस के फिट होकर वापसी करने से सीएसके को अपने गेंदबाजी संयोजन में बदलाव करने की छूट मिली जिससे वह दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 212 रन का बचाव करने में सफल रही।
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज गुरजपनीत सिंह ने अपने आईपीएल पदार्पण पर प्रभावित किया। उन्होंने अपनी अतिरिक्त उछाल से बल्लेबाजों को चौंकाया। जेमी ओवरटन ने भी शानदार प्रदर्शन किया और लगातार अच्छी गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिए।
सत्र का अपना पहला मैच खेल रहे बाएं हाथ के स्पिनर अकील हुसैन ने पावरप्ले में सीएसके के गेंदबाजी आक्रमण को एक और आयाम प्रदान किया।
संजू सैमसन ने शतक जड़ फॉर्म में की वापसी
बल्लेबाजी की बात करें तो सैमसन सीएसके के लिए अपने पदार्पण सत्र में आखिर रन बनाने में सफल रहे। उन्होंने पहले छह ओवर में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करके अपना असली रंग दिखाया।
सीएसके के लिए हालांकि कप्तान रुतुराज गायकवाड़ की फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है। वह संघर्ष कर रही केकेआर के खिलाफ एक बड़ी पारी खेलकर लय हासिल करने की कोशिश करेंगे।
IPL 2026 में अब तक एक भी मैच नहीं खेले धोनी
टूर्नामेंट की शुरुआत में यह घोषणा की गई थी कि महेंद्र सिंह धोनी पिंडली में खिंचाव के कारण कुछ हफ्तों के लिए बाहर रहेंगे। पिछले मैच में गायकवाड़ ने संकेत दिया था कि यह स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज जल्द वापसी करेगा।
जीत के लिए बेताव केकेआर लगाएगी पूरा जोर
दूसरी ओर केकेआर जीत के लिए बेताब है। लखनऊ सुपर जाइंट्स (एलएसजी) के खिलाफ वह लगभग जीत के करीब पहुंच गया था, लेकिन मुकुल चौधरी की शानदार पारी ने अजिंक्य रहाणे और उनकी टीम को पहली जीत से वंचित कर दिया।
कैमरन ग्रीन ने पिछले मैच में केकेआर के लिए गेंदबाजी की। यह ऑलराउंडर चेपॉक में शानदार प्रदर्शन करके अपनी मोटी कीमत को सही साबित करने की कोशिश करेगा।
KKR के सामने CSK को उसके गढ़ में हराने की चुनौती
इसी तरह रिंकू सिंह मध्य क्रम में रन बनाने के लिए बेताब हैं और मंगलवार का दिन उनके लिए खास हो सकता है।
रहाणे ने बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया है जबकि अंगकृष रघुवंशी ने भी प्रभाव छोड़ा है। रोवमैन पॉवेल और ग्रीन ने भी एलएसजी के खिलाफ कुछ रन बनाए, जो टीम के लिए सकारात्मक संकेत है।
केकेआर को अगर सीएसके को उसके गढ़ में हराना है तो उसके गेंदबाजों को भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा। उसके प्रमुख गेंदबाज अभी तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं जिसका असर परिणाम में देखने को मिल रहा है।
टीम इस प्रकार हैं:
सीएसके: रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, एमएस धोनी, उर्विल पटेल, संजू सैमसन, शिवम दुबे, आयुष म्हात्रे, श्रेयस गोपाल, जेमी ओवरटन, खलील अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजपनीत सिंह, नूर अहमद, अकील हुसैन, प्रशांत वीर, कार्तिक शर्मा, मैथ्यू शॉर्ट, अमन खान, सरफराज खान, मैट हेनरी, राहुल चाहर, जैकरी फॉल्क्स, स्पेंसर जॉनसन, रामकृष्ण घोष, मुकेश चौधरी।
केकेआर: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, अंगकृष रघुवंशी, रमनदीप सिंह, रिंकू सिंह, सुनील नारायण, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, वरुण चक्रवर्ती, फिन एलन, मथीशा पथिराना, राहुल त्रिपाठी, टिम सीफर्ट, तेजस्वी दहिया, रचिन रवींद्र, आकाश दीप, ब्लेसिंग मुजाराबानी, नवदीप सैनी, प्रशांत सोलंकी, सार्थक रंजन, कार्तिक त्यागी, कैमरन ग्रीन, सौरभ दुबे, दक्ष कामरा।
मैच शुरू होने का समय: मैच भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे शुरू होगा।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



