CSK लगातार तीसरी बार प्लेऑफ में से चूकी, एमएस धोनी ने IPL 2026 में तोड़ा फैंस का दिल
चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल 2026 में अपने आखिरी लीग मैच में हार का मुंह देखना पड़ा। गुजरात टाइटंस के हाथों करारी शिकस्त के बाद सीएसके की प्लेऑफ की धुंधली उम्मीदें समाप्त हो गईं।

पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का आईपीएल 2026 से पत्ता कट गया है। सीएसके को गुरुवार को अपने आखिरी लीग मैच में गुजरात टाइटंस (GT) के हाथों 89 रनों से हार झेलनी पड़ी। जीटी ने अहमदाबाद के मैदान पर 229/4 का स्कोर बनाने के बाद सीएसके को 13.4 ओवर में 140 रनों पर ढेर कर दिया। यह चेन्नई की आईपीएल में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी हार है। जीटी से हारते ही सीएसके की धुंधली सी प्लेऑफ की उम्मीदें समाप्त हो गईं। सीएसके 12 अंक ही जुटा सकी। चेन्नई 19वें सीजन में प्लेऑफ की रेस से बाहर होने वाली तीसरी टीम है। उससे पहले मुंबई इंडियंस (MI) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को बाहर होना पड़ा।
लगातार तीसरी बार प्लेऑफ से चूकी CSK
सीएसके लगातार तीसरी बार प्लेऑफ में पहुंचने से चूकी है। ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली चेन्नई टीम फिलहाल अंक तालिका में सातवें पायदान पर है। गायकवाड़ ब्रिगेड ने 14 मैचों में से छह जीते और आठ गंवाए। आईपीएल 2025 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद सीएसके ने नए सिरे से स्कॉड तैयार किया था लेकिन 19वें सीजन में भी किस्मत नहीं पलटी। चेन्नई पिछले सीजन में दसवें पायदान पर रही थी। सीएसके ने आईपीएल 2024 में तालिका में पांचवें स्थान पर फिनिश किया था। सीएसके ने आखिरी ट्रॉफी 2023 में गुजरात की टीम को हराकर जीती थी।
धोनी ने IPL 2026 में तोड़ा फैंस का दिल
दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज एमएस धोनी को खेलते हुए देखने के लिए फैंस काफी बेरकरार थे। हालांकि, 44 वर्षीय धोनी ने मौजूदा सीजन में अपने फैंस का दिल तोड़ दिया। वह चोटिल होने की वजह से सीजन में एक मैच भी नहीं खेल पाए। आईपीएल में पहली बार ऐसा हुआ, जब धोनी ने सीजन में कोई मैच नहीं खेला। वह 2008 में आईपीएल की शुरुआत से चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा हैं। साल 2015 में जब सीएसके पर दो साल का प्रतिबंध लगा, तब धोनी ने 2016 और 2017 सीजन में राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स का प्रतिनिधित्व किया था।
पावरप्ले में हो गई थी CSK की हालत खस्ता
जीटी मैच की बात करें तो सीएसके पावरप्ले में ही उन्होंने अपने चार विकेट गंवा दिए और जीत की उम्मीदें भी खत्म हो गईं। संजू सैमसन बिना खाता खोले आउट हो गए। उर्विल पटेल भी खाता नहीं खोल पाए। हालांकि निचले क्रम में शिवम दुबे ने 17 गेंद पर 47 रन बनाकर उम्मीदें जगा दी थीं लेकिन उनके आउट होने के बाद एक बार फिर पारी बिखर गई। मोहम्मद सिराज, राशिद खान और कगसि रबाडा ने जीटी के लिए तीन-तीन विकेट लिए। गुजरात के इस जीत के साथ अब 18 अंक हो गए हैं और उनके टॉप-2 की दावेदारी भी मजबूत हो गई है।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



