धोनी के कप्तानी छोड़ने के बाद CSK बदलाव के दौर से गुजर रही है; अश्विन ने रुतुराज गायकवाड़ का किया बचाव
दिग्गज ऑफ स्पिनर रहे रविचंद्रन अश्विन ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ का समर्थन किया है। उन्हें कप्तानी से हटाने की उठ रही मांग के बीच अश्विन ने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी के कप्तानी छोड़ने के बाद IPL की यह टीम स्पष्ट रूप से बदलाव के दौर से गुजर रही है।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और दिग्गज ऑफ स्पिनर रहे रविचंद्रन अश्विन ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ का समर्थन किया है। उन्हें कप्तानी से हटाने की उठ रही मांग के बीच अश्विन ने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी के कप्तानी छोड़ने के बाद आईपीएल की यह टीम स्पष्ट रूप से बदलाव के दौर से गुजर रही है। इससे पहले पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने गायकवाड़ को हटाकर संजू सैमसन को सीएसके का कप्तान बनाने की मांग की थी।
गायकवाड़ ने 2024 में सीएसके की कप्तानी संभाली थी और अश्विन ने कहा कि आईपीएल जैसे दबाव वाले टूर्नामेंट में किसी टीम का नेतृत्व करना आसान नहीं है। उन्होंने गायकवाड़ की कप्तानी को लेकर धैर्य बनाए रखने की भी अपील की।
अश्विन ने जिओ हॉटस्टार से कहा, ‘कप्तानी की अतिरिक्त जिम्मेदारी का असर रुतुराज गायकवाड़ की बल्लेबाजी पर पड़ा है। टी20 क्रिकेट पहले से ही चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में सीएसके जैसी फ्रेंचाइजी की उम्मीदों का बोझ उठाना किसी भी खिलाड़ी पर काफी असर डाल सकता है।’
सीएसके को मंगलवार को सनराइजर्स हैदराबाद से पांच विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा, जिससे प्लेऑफ में पहुंचने की उसकी उम्मीदें लगभग खत्म हो गई हैं।
अश्विन ने कहा, ‘धोनी का युग समाप्त होने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स स्पष्ट रूप से बदलाव के दौर से गुजर रही है। फ्रेंचाइजी से जुड़े सभी लोगों, प्रशंसकों, हितधारकों और टीम के लिए यह जानना जरूरी है कि नए सिरे से टीम को तैयार करने में समय लगता है।’
उन्होंने पांच बार की चैंपियन सीएसके की विरासत का हवाला देते हुए कहा, ‘सीएसके की विरासत शानदार रही है जिसके कारण उससे काफी अपेक्षा की जाती है लेकिन वर्तमान टीम को आगे बढ़ने के लिए समय देना जरूरी है।’
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान आरोन फिंच ने रुतुराज की कप्तानी का आकलन करते समय संयम बरतने की अपील की और कहा कि कप्तानी की जिम्मेदारियों से स्वाभाविक रूप से किसी भी खिलाड़ी पर दबाव पड़ता है।
फिंच ने कहा, ‘किसी भी खिलाड़ी या कप्तान का मूल्यांकन एक सत्र के आधार पर नहीं किया जाना चाहिए। टी20 क्रिकेट बेहद चुनौतीपूर्ण और अप्रत्याशिम परिणाम देने वाला प्रारूप है। कप्तान के रूप में रुतुराज गायकवाड़ ने अच्छे फैसले किए हैं और उन्होंने धैर्य भी दिखाया है। उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण अपनी बल्लेबाजी की लय को फिर से हासिल करना है।’
इस बीच सनराइजर्स के गेंदबाजी कोच वरुण आरोन ने तेज गेंदबाज प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन की जमकर तारीफ की।
वरुण ने कहा, ‘इसका बहुत सारा श्रेय प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन को जाता है क्योंकि दोनों में ही सीखने की ललक है। उन्होंने भारत के लिए खेलने का पक्का इरादा कर लिया है। जब युवा खिलाड़ियों में इस तरह की महत्वाकांक्षा होती है तो उनका समर्पण और कड़ी मेहनत स्वाभाविक रूप से सामने आ जाती है।’
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



