छोटा हल्क है वो; जीतेश शर्मा ने सुनाया वैभव सूर्यवंशी से जुड़ा घड़ी वाला किस्सा
इंडियन प्रीमियर लीग के इस सीजन में अगर कुछ खिलाड़ियों पर सबकी नजर रहने वाली है, उनमें वैभव सूर्यवंशी को शायद सबसे ऊपर रखा जा सकता है। उन्हें लेकर उनके साथी क्रिकेटर जीतेश शर्मा ने कहा है कि वह छोटा हल्क है। उससे गेंदबाज डरते हैं कि कहीं उसका स्ट्रेट शॉट उन्हें लग गया तो जानलेवा हो सकता है।

इंडियन प्रीमियर लीग के इस सीजन में अगर कुछ खिलाड़ियों पर सबकी नजर रहने वाली है, उनमें वैभव सूर्यवंशी को शायद सबसे ऊपर रखा जा सकता है। पिछले सीजन में महज 14 साल की उम्र में उन्होंने राजस्थान रॉयल्स की ओर से आईपीएल डेब्यू करके इतिहास रचा था। फिर सिर्फ 35 गेंद में तूफानी शतक जड़कर ये लड़का आईपीएल इतिहास में सबसे तेज सेंचुरी जड़ने वाला भारतीय बन गया। पिछले सीजन में तो उसने दस्तक दी थी, आईपीएल 2026 में तो वह शुरुआत से ही राजस्थान रॉयल्स की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा रहने वाले हैं। राइजिंग स्टार एशिया कप में उनकी कप्तानी करने वाले जीतेश शर्मा ने वैभव सूर्यवंशी को 'छोटा हल्क' करार दिया है। एक ऐसा बल्लेबाज जो गेंदबाजों के लिए बुरे सपने जैसा हो। गेंदबाज डरते हैं कि अगर उसका स्ट्रेट शॉट उन्हें लग गया तो कोई अनहोनी तक हो सकती है।
सिर्फ 14 साल की उम्र में आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक जड़ने के बाद वैभव सूर्यवंशी रातों-रात एक क्रिकेट सनसनी बनकर उभरे। उसके बाद से ही वह बल्ले से कोहराम मचाते आ रहे हैं। आईपीएल 2025 के बाद उसी साल सूर्यवंशी ने इंडिया ए की तरफ से डेब्यू किया। वह जितने भी टूर्नामेंट या सीरीज में खेले चाहे राइजिंग स्टार्स एशिया कप हो या फिर अंडर19 वर्ल्ड कप, हर जगह उन्होंने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से गर्दा मचाया।
राजिइंग स्टार एशिया कप में सूर्यवंशी ने जीतेश शर्मा की कप्तानी में खेला था। शर्मा ने अभी हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान वैभव सूर्यवंशी के साथ अपनी पहली मुलाकात, बॉन्डिंग और इस क्रिकेट सनसनी की लंबे-लंबे शॉट मारने की काबिलियत पर बात की जो अभी-अभी 15 वर्ष का हुआ है।
रणवीर अल्लाहबादिया के पॉडकास्ट पर जीतेश शर्मा ने बताया कि कैसे नागपुर के पास राजस्थान रॉयल्स एकेडमी में सूर्यवंशी और उनकी ट्यूनिंग बढ़ी और बॉन्डिंग बनी।
शर्मा ने कहा, 'बहुत क्यूट लड़का है। वह टेलीगांव में प्रैक्टिस के लिए आया करता था जहां राजस्थान रॉयल्स की एकेडमी है। वही पर मैंने उसे जाना और फिर हम कतर खेलने गए जहां मैं कप्तान था, इसलिए वहीं हमारा बॉन्ड बना।'
वैभव सूर्यवंशी की पावर हिटिंग क्षमता पर जीतेश शर्मा ने कहा, ‘यह सब नेचुरल पावर है, वह बहुत स्ट्रॉन्ग है। उसकी कलाई मेरी कलाई से बड़ी है- मैंने उसको अपनी घड़ी पहनने के लिए दी थी और वह उसे टाइट हो रही थी। छोटा हल्क है वो।’
वैभव सूर्यवंशी को गेंदबाजों के लिए दहशत बताते हुए शर्मा ने कहा, 'वह बैट को इतनी जोर से घुमाता है कि गेंदबाज डर जाते हैं कि कहीं एकदम स्ट्रेट मार दिया और उन्हें लग गई तो वे मर भी सकते हैं। आरआर के नेट गेंदबाजों को मैं जानता हूं, वे बताते हैं कि वे उसे गेंद को अप पिच नहीं कराते क्योंकि वह सीधे गेंदबाज की तरफ मार सकता है। इसलिए वे शॉर्ट गेंदें फेंकते हैं ताकि वह उनसे दूर शॉट मारे।'
आईपीएल 2026 शुरू होने से ठीक एक दिन पहले वैभव सूर्यवंशी 15 साल के हो चुके हैं। इस सीजन में राजस्थान रॉयल्स को उनसे बहुत उम्मीदें होंगी। विपक्षी टीमें भी उन्हें लेकर कुछ खास रणनीति पर काम कर रही होंगी या बनाई होंगी।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



