बुमराह लाइन-लेंथ भटक गए; यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी पर फिदा हुए MI के मुख्य कोच जयवर्धने
यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने बारिश से प्रभावित मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ कुछ यूं कोहराम मचाया कि विपक्षी टीम के मुख्य कोच महेला जयवर्धने उनके फैन हो गए। मैच के बाद जयवर्धने ने कहा कि दोनों बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। बुमराह थोड़ी लाइन-लेंथ भटक गए जिसका उन बल्लेबाजों को फायदा मिला।
मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच माहेला जयवर्धने ने स्वीकार किया कि राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी के सामने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में उनकी टीम बुरी तरह लड़खड़ा गई। राजस्थान के इन दोनों ओपनर्स ने बल्ले से ऐसा कोहराम मचाया कि विपक्षी टीम मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच महेला जयवर्धने उनकी शान में कसीदे पढ़ते नजर आए।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि गेंदबाजों ने अपनी लाइन और लेंथ का सही इस्तेमाल नहीं किया और यहां तक कि जसप्रीत बुमराह जैसा तेज गेंदबाज भी थोड़ी लेंथ से चूक गया।
बारिश से प्रभावित इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 27 रन से हराया। जायसवाल और सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी से राजस्थान रॉयल्स ने निर्धारित 11 ओवरों में तीन विकेट पर 150 बनाए। इसके जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम नौ विकेट पर 123 रन ही बना पाई।
कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ जीत के साथ सत्र की शुरुआत करने वाले मुंबई इंडियंस की यह लगातार दूसरी हार थी।
हमें खतरे का अहसास था: जयवर्धने
जयवर्धने ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘हमारा प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा और हमें इस पर काम करना होगा। हमने अपनी रणनीति तय की थी लेकिन हम उस पर अच्छी तरह से अमल नहीं कर पाए। ये खिलाड़ी (सूर्यवंशी और जायसवाल) बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। हमें खतरे का अहसास था, विशेषकर जब बारिश के कारण ओवरों की संख्या कम कर दी गई थी क्योंकि ऐसे में आपके पास शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी करने की छूट होती है।’
उन्होंने कहा, ‘पहले चार-पांच ओवर हमारे लिए महत्वपूर्ण थे। मुझे लगता है कि हम अपनी लेंथ और लाइन से भटक गए। उन्होंने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की।’
जयवर्धने ने कहा कि बुमराह जैसे गेंदबाज को भी राजस्थान रॉयल्स के दोनों सलामी बल्लेबाजों के आक्रामक रवैये के सामने संघर्ष करना पड़ा, जिन्होंने मिलकर पहले पांच ओवरों में 80 रन बनाए। जायसवाल ने 32 गेंदों पर नाबाद 77 रन और सूर्यवंशी ने 14 गेंदों पर 39 रन बनाए।
'बुमराह शायद थोड़ी लेंथ चूक गए'
उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि हम सभी पिछले साल से ही सूर्यवंशी की प्रतिभा के बारे में जानते थे। बुमराह शायद थोड़ी लेंथ चूक गए और उन्होंने (सूर्यवंशी) इसका फायदा उठाया। यह देखना दिलचस्प होगा कि आगे वह अपने प्रदर्शन कैसे बेहतर करते हैं। लेकिन निश्चित रूप से उन्होंने हमारे गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।’
जयवर्धने ने कहा, ‘यह मत भूलिए कि जायसवाल की पारी अहम रही। पहले तीन ओवरों में उन्होंने जमकर रन बटोरे और आखिर तक टिके रहे।’
मुंबई इंडियंस पर जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स की टीम अब आईपीएल 2026 पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। राजस्थान रॉयल्स ने अब तक 3 मैच खेले हैं और तीनों में ही जीत हासिल की है। वह 6 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर है। दूसरे नंबर पर पंजाब और तीसरे नंबर पर आरसीबी है। मुंबई इंडियंस 2 अंकों के साथ सातवें पायदान पर है।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



