जसप्रीत बुमराह हों या पैट कमिंस, किसी के रसूख से नहीं डरता वैभव सूर्यवंशी: ध्रुव जुरेल

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

राजस्थान रॉयल्स में वैभव सूर्यवंशी के साथी खिलाड़ी ध्रुव जुरेल ने उनकी जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि 15 साल का ये लड़का किसी भी गेंदबाज के रसूख से नहीं डरता। चाहें जसप्रीत बुमराह हों या पैट कमिंस, ये गेंदबाज नहीं, गेंद को देखता है। जुरेल ने कहा कि सूर्यवंशी को खुद पर बहुत भरोसा है।

जसप्रीत बुमराह हों या पैट कमिंस, किसी के रसूख से नहीं डरता वैभव सूर्यवंशी: ध्रुव जुरेल

राजस्थान रॉयल्स के विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने अपने साथी वैभव सूर्यवंशी की तारीफ करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में भी वह विरोधी गेंदबाज की ख्याति से भयभीत नहीं होता ।

पंद्रह वर्ष के सूर्यवंशी ने आईपीएल में जसप्रीत बुमराह से लेकर पैट कमिंस तक सभी की बखिया उधेड़ी है। मोहम्मद सिराज, जोश हेजलवुड और कैगिसो रबाडा की गेंदों पर भी उन्होंने खूब रन बनाये हैं।

IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

बुधवार को उन्होंने कमिंस को लगातार तीन छक्के लगाये। सूर्यवंशी के 29 गेंद में 97 रन की मदद से रॉयल्स ने गुजरात टाइटंस को हराकर दूसरे क्वालिफायर में जगह बनाई।

जुरेल ने कहा, ‘वैभव के बारे में सबसे अच्छी बात यह है कि वह कुछ योजना बनाकर नहीं खेलता क्योंकि वह बहुत अभ्यास करता है और उसे खुद पर भरोसा है। उसे खुद पर एक पल को भी संदेह नहीं होता कि वह ऐसा नहीं कर सकेगा।’

इस सत्र में छह अर्धशतक जमा चुके जुरेल ने कहा, ‘जब हम अकादमी में जाते हैं तो हमसे कहा जाता है कि गेंदबाज को नहीं , गेंद को देखो। 15 बरस की उम्र में हम हमेशा गेंदबाज को देखते हैं कि यह इतना बड़ा गेंदबाज है लेकिन वैभव सिर्फ गेंद को देखता है। वह किसी गेंदबाज की परवाह नहीं करता।’

सनराइजर्स हैदराबाद के सहायक कोच जेम्स फ्रेंकलिन ने कहा, ‘समझ में नहीं आता कि उसे कहां गेंद डाली जाये। हमने उसे फुल लैंग्थ, लेग स्टम्प के भीतर, स्विंग हर गेंद डालकर देखा लेकिन उसने आसानी से खेल ली । पिच भी बल्लेबाजों की मददगार थी।’

उन्होंने कहा, ‘मैंने इस तरह की प्रतिभा कभी नहीं देखी। अभी उसके करियर के 25 साल बाकी है और वह बेहतर ही होता जायेगा।’

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 29 गेंदों में 97 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 12 छक्के और 5 चौके लगाए। सूर्यवंशी के पास आईपीएल इतिहास के सबसे तेज शतक के क्रिस गेल के रिकॉर्ड को तोड़ने का मौका था लेकिन वह उसके बेहद करीब पहुंचकर चूक गए।

अपनी इस पारी के दौरान वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में 60 छक्कों के आकड़े को पार किया। इस सीजन में उनके नाम अब 65 सिक्स हैं जो एक रिकॉर्ड है। इससे पहले आईपीएल के किसी एक सीजन में सबसे ज्यादा सिक्स का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम था जिन्होंने 2012 में 59 छक्के जड़े थे।

वैभव सूर्यवंशी की विध्वंसक पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद पर 47 रन से जीत हासिल की। पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल्स ने 8 विकेट के नुकसान पर 243 रन बनाए। सनराइजर्स की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 196 रन पर सिमट गई। अब राजस्थान रॉयल्स 29 मई को दूसरे क्वालिफायर में गुजरात टाइटन्स से भिड़ेगी।

(भाषा से इनपुट के साथ)

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।