
मुस्तफिजुर रहमान पर मचा बवाल तो BCB ने तोड़ी चुप्पी, कहा- भारत पड़ोसी है और हम इस मुद्दे को...
BCB on Mustafizur Rahman: बांग्लादेश के गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को केकेआर ने आईपीएल 2026 ऑक्शन में खरीदा था। मुस्तफिजुर को लेकर बवाल मचा है। अब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने चुप्पी तोड़ी है।
बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों का मामला गरमाया हुआ है। आईपीएल 2026 के लिए बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को खरीदने पर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की आलोचना हो रही है। धर्मगुरुओं और राजनेताओं ने केकेआर के सह-मालिक बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान को लेकर विवादित बयान दिए हैं। केकेआर ने 19वें सीजन के लिए मिनी ऑक्शन में मुस्तफिजुर को 9.20 करोड़ रुपये में लिया था। वह ऑक्शन में बिकने वाले एकमात्र बांग्लादेशी प्लेयर हैं। 30 वर्षीय मुस्तफिजुर पर बवाल मचने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने चुप्पी तोड़ी है।
'हम इस मुद्दे को राजनीति के…'
बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने एएनआई से कहा, "हम पूरे मामले पर आखिर तक नजर रखेंगे, क्योंकि हम क्रिकेट के लोग हैं। हम इस मुद्दे को राजनीति के नजरिए से नहीं बल्कि क्रिकेट के नजरिए से देखने में यकीन रखते हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स में मुस्तफिजुर रहमान एकमात्र बांग्लादेशी प्लेयर हैं। ऐसे में हम आखिर तक देखेंगे कि क्या होता है। हम आखिर तक इसपर नजर रखेंगे। हम हमेशा क्रिकेट के खेल को बढ़ावा देते हैं।" उन्होंने आगे कहा, “भारत हमारा पड़ोसी देश है और उनके साथ हमारे क्रिकेट के बहुत अच्छे रिश्ते हैं। क्रिकेट में बहुत अच्छे कोऑपरेटिव रिश्ते हैं।”
'लोगों में गुस्सा भड़क सकता है'
शिवसेना नेता संजय निरुपम ने शाहरुख खान से अपील की कि हाल के घटनाक्रमों को लेकर बंगलादेश के खिलाफ लोगों में फैले गुस्से को देखते हुए फ्रेंचाइजी फैसले पर फिर से विचार करे। उन्होंने कहा कि इस समय किसी बंगलादेशी खिलाड़ी के साथ जुड़ने से लोगों में गुस्सा भड़क सकता है। भाजपा नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व विधायक संगीत सोम ने शाहरुख को 'गद्दार' कहा और बोले कि किसी भी बंगलादेशी खिलाड़ी को भारत में खेलने की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए। वहीं, जगतगुरु रामभद्राचार्य ने कहा कि शाहरुख का रवैया हमेशा से एक 'गद्दार' जैसा रहा है।
इन टीमों में रह चुके मुस्तफिजुर
बता दें कि मुस्तफिजुर अब तक इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में पांच टीमों के लिए कुल 65 मैच खेल चुके हैं, जिसमें 65 विकेट चटकाए। उन्होंने 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) की ओर से आईपीएल डेब्यू किया था। वह 2018 में मुंबई इंडियंस (एमआई) का हिस्सा बने। वह आईपीएल 2021 में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) में थे। मुस्तफिजुर 2022 और 2023 में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) स्क्वॉड में शामिल रहे। उन्हें आईपीएल 2024 के लिए चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) में गए और 2025 में डीसी में लौटे। मुस्तफिजुर को केकेआर ने पहली बार खरीदा है।

लेखक के बारे में
Md.Akramलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





