आकाश सिंह ने अपने चिट सेलिब्रेशन पर तोड़ी चुप्पी, बताया क्यों मनाते हैं इस तरह का जश्न
आकाश ने बताया कि इससे उन्हें प्रेरणा मिलती है और यह बल्लेबाजों पर हावी होने और टीम के लिए बेहतर प्रदर्शन करने पर ध्यान केंद्रित करने में मदद करता है। उन्होंने सीएसके के खिलाफ तीन विकेट लिए, जिसमें संजू सैमसन का बड़ा विकेट शामिल था।

लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) की आईपीएल मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ जीत में तीन विकेट लेकर अहम भूमिका निभाने वाले तेज गेंदबाज आकाश सिंह ने जश्न के अपने अनोखे तरीके से लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचा और उन्होंने कहा कि वह खुद को प्रेरित करने और बल्लेबाजों पर दबदबा कायम रखने के उद्देश्य से इस तरह का जश्न मनाते हैं। विकेट लेने के बाद बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने कागज का टुकड़ा निकाला, जिस पर लिखा था, ''अक्की आग लगा रहा है। आकाश जानता है कि टी20 क्रिकेट में विकेट कैसे लिए जाते हैं।''
इस 24 वर्षीय खिलाड़ी ने राजस्थान रॉयल्स के साथ अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी और वह 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स की खिताब जीतने वाली टीम का भी हिस्सा थे। इसके बाद वह एलएसजी से जुड़ गये।
आकाश से प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब पूछा गया कि उन्होंने कागज के टुकड़े पर क्या लिखा था, उन्होंने कहा, '''अक्की को टी20 क्रिकेट में विकेट लेना आता है। ऐसा है ना।''
आकाश ने बताया कि इससे उन्हें प्रेरणा मिलती है और यह बल्लेबाजों पर हावी होने और टीम के लिए बेहतर प्रदर्शन करने पर ध्यान केंद्रित करने में मदद करता है।
उन्होंने कहा, ''विभिन्न लोगों के लिए अलग-अलग चीज प्रेरणा का काम करती हैं। कभी मैं कागज का टुकड़ा दिखाता हूं तो कभी नहीं। इससे मेरी उस दिन की मानसिकता का पता चलता है। जब आप अपने साथ कुछ लिखा हुआ कागज रखते हैं तो अपने लक्ष्य को हासिल करने की कोशिश करते हैं।''
राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले आकाश ने कहा कि पिछले दो वर्षों में एलएसजी के सहयोगी स्टाफ से मिले सहयोग से उन्हें एक अच्छा क्रिकेटर बनने में मदद मिली।
उन्होंने कहा, ''मैं दो साल से एलएसजी के साथ हूं और सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही है कि मुझे कोच का पूरा समर्थन मिला है, भले ही मुझे अंतिम एकादश में जगह नहीं मिले।''
आकाश ने कहा, ''इस साल हमारे साथ भरत अरुण सर हैं, पिछले साल जहीर सर थे। टॉम मूडी भी हैं। जिस तरह से वह हमारा मार्गदर्शन करते हैं, हमें किसी भी स्थिति से निपटने और मौका मिलने पर अच्छा प्रदर्शन करने के लिए तैयार रखते हैं, वह बहुत मायने रखता है।''
उन्होंने कहा, ''प्रत्येक खिलाड़ी मौके का पूरा फायदा उठाना चाहता है। कप्तान का समर्थन भी काफी मायने रखता है और ऋषभ भैया बहुत आत्मविश्वास बढ़ाते हैं जिससे बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिलती है।''
आकाश में बताया कि ऋषभ पंत ने सीएसके के खिलाफ मैच से पहले उन्हें अपनी क्षमता पर भरोसा रखने के लिए कहा था।
उन्होंने कहा, ''ऋषभ भैया ने मुझसे कहा कि नई गेंद मेरी ताकत है और मैं इसे दोनों तरफ स्विंग करा सकता हूं। इसलिए मैंने अपने कौशल का भरपूर इस्तेमाल करने की कोशिश की। विकेट पर अच्छी उछाल थी और मैंने बाउंसर का अच्छी तरह से उपयोग करने पर ध्यान केंद्रित किया।''
आकाश ने कहा कि 2020 से आईपीएल में खेलने के अनुभव से उन्हें विपक्षी बल्लेबाजों को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिली।
उन्होंने कहा, ''जब आप आईपीएल में खेलते हैं तो ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों की खूबियों और कमियों को समझते हैं। मैं अपने मजबूत पक्ष पर ध्यान केंद्रित करता हूं और फिर परिस्थितियों का पूरा लाभ उठाने की कोशिश करता हूं।''
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



