आक्रामक किंग या जेंटलमैन कोहली? वैभव सूर्यवंशी के सामने कोहली का दिखेगा कौन सा अवतार
आईपीएल 2026 में आज यानी 10 अप्रैल को डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला है। एक तरफ वाइट बॉल क्रिकेट के किंग विराट कोहली होंगे तो दूसरी तरफ 'भविष्य के सुपर स्टार' वैभव सूर्यवंशी। देखना दिलचस्प होगा कि इस मैच में कोहली का आक्रामक अवतार दिखेगा या जेंटलमैन का।

आईपीएल 2026 में आज यानी 10 अप्रैल को डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला है। एक तरफ वाइट बॉल क्रिकेट के किंग विराट कोहली होंगे तो दूसरी तरफ 'भविष्य के सुपर स्टार' वैभव सूर्यवंशी। कोहली 38 वर्ष के हैं। आधुनिक युग के महानतम बल्लेबाजों में उनकी गिनती होती है। यह उनका 19वां सीजन है। वैभव सूर्यवंशी अभी 15 वर्ष के हैं। सीनियर टीम के साथ उनका अंतरराष्ट्रीय करियर तो अभी शुरू ही नहीं हुआ है। ये उनका महज दूसरा ही आईपीएल सीजन है। यह मुकाबला आज के किंग और कल के होने वाले संभावित प्रिंस के बीच का है जिसमें इस पर भी नजर रहेगी कि मैच में विराट कोहली का कौन सा अवतार दिखेगा। दहाड़ते हुए आक्रामक किंग का या फिर जेंटलमैन वाला अवतार।
पिछले एक दशक में संभवतः ऐसा पहली बार होगा जब विराट कोहली को लोकप्रियता में किसी नए खिलाड़ी से टक्कर मिलने वाली। उनके नाम पर भीड़ स्टेडियम खिंची चली आती है लेकिन अब क्रिकेट की नई सनसनी वैभव सूर्यवंशी भी लोकप्रियता के किसी पैमाने पर कमतर नहीं हैं। अगर कोई खिलाड़ी आज कोहली से ज्यादा ध्यान खींच रहा है तो सूर्यवंशी ही हैं। महज 15 साल का लड़का जो हर गुजरते मैच के साथ आक्रामक बल्लेबाजी का एक नया अध्याय लिखता जा रहा है। जिसे अब भारतीय क्रिकेट प्रेमी जल्द से जल्द सीनियर टीम में देखना चाहते हैं।
विराट कोहली अपनी आक्रामकता के लिए जाने जाते हैं। अपनी ऊर्जा के लिए जाने जाते हैं। मैच के दौरान छोटे-छोटे अहम पलों का वह अपने ही अंदाज में लुत्फ उठाते हैं। मलंग अंदाज। खिलंदड़पन। आक्रामकता ऐसी कि युवा तक शरमा जाएं। लेकिन साथ ही साथ उनका एक और अवतार है। सौम्य कोहली का अवतार, जिससे जैसे ग्रेस टपकता हो। जो प्रतिद्वंद्वी टीम के युवाओं की भी हौसलाफजाई करता है। जब चेन्नई सुपर किंग्स से कोई सरफराज खान जानदार पारी खेलता है तो वो उसका हौंसला बढ़ाता है। जब सनराइजर्स हैदराबाद का कोई ईशान किशन सामने आता है तो उसकी दाढ़ी गुदगुदाकर मस्ती करता है।
आरआर के खिलाफ मैच में ये देखना दिलचस्प होगा कि विराट कोहली पर उनका आक्रामक अवतार हावी दिखेगा या जेंटलमैन वाला अवतार। उम्र के साथ कोहली की आक्रामकता शांत नहीं हुई है। पिछले आईपीएळ सीजन में उन्होंने श्रेयस अय्यर के सामने ऐसे अंदाज में आक्रामक जश्न मनाया कि दोनों भिड़ते-भिड़ते बचे थे। अब वैभव सूर्यवंशी अगर आक्रामक बल्लेबाजी से आरसीबी के गेंदबाजों की चैन उड़ाएंगे तो कोहली का तब कैसा रिएक्शन होगा, ये देखने लायक होगा।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



