RR की लगातार दूसरी हार से टूटे-बिखरे वैभव सूर्यवंशी का वीडियो वायरल, उधर KKR कैंप में खुशी के आंसू

Apr 20, 2026 03:54 pm ISTChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

केकेआर के खिलाफ RR की हार के बाद वैभव सूर्यवंशी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वह बाउंड्री के पास जमीन पर सिर झुकाए बैठे हुए हैं। तभी विपक्षी केकेआर का एक सपोर्ट स्टाफ उनके पास पहुंचता है और बगल में बैठकर उनकी हिम्मत बढ़ाता दिख रहा है।

RR की लगातार दूसरी हार से टूटे-बिखरे वैभव सूर्यवंशी का वीडियो वायरल, उधर KKR कैंप में खुशी के आंसू

आईपीएल 2026 में रविवार को राजस्थान रॉयल्स को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा। कोलकाता नाइट राइडर्स ने उसे 4 विकेट से शिकस्त देकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत हासिल की। टीम की हार के बाद 15 साल के वैभव सूर्यवंशी काफी निराश दिखे। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह बाउंड्री के पास जमीन पर सिर झुकाए बैठे हुए हैं। तभी विपक्षी केकेआर के फील्डिंग कोच दिशांत याज्ञनिक उनके पास पहुंचते हैं और बगल में बैठकर उनकी हिम्मत बढ़ाते दिख रहे हैं। दूसरी तरफ पहली जीत के बाद केकेआर के ड्रेसिंग रूम में भी काफी इमोशनल सीन रहा।

वैभव सूर्यवंशी अभी है भी तो महज 15 साल के। उनके अंदर बालसुलभ इमोशंस गहरे बैठे हैं। जब भी उनकी टीम हारती है या वह आउट होते हैं तो वह बहुत निराश दिखते हैं। रविवार के मैच में सूर्यवंशी ने अच्छा प्रदर्शन किया था। उन्होंने 28 गेंदों में 46 रन की पारी खेली थी।

IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

सूर्यवंशी रहे मैच में RR के टॉप स्कोरर

आईपीएल में कोई बल्लेबाज 160 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 40+ का स्कोर बनाता है तो उसे शानदार ही कहेंगे, लेकिन वैभव सूर्यवंशी के स्टैंडर्ड के लिहाज से ये थोड़ा कम लगेगा। इस 15 साल के बल्लेबाज ने अपने आईपीएल करियर में 200 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। केकेआर के खिलाफ मैच में उनका स्ट्राइक रेट 164.28 का था। वह अपने विध्वंसक अंदाज में खेलने के बजाय सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती जैसे स्पिनरों के खिलाफ थोड़ी संयमित बल्लेबाजी की।

अच्छे प्रदर्शन के बाद भी टीम के हारने पर सूर्यवंशी काफी निराश नजर आए। वह बाउंड्री रोप के नजदीक अकेले बैठे थे। बिल्कुल निराश। थके-हारे। टूटे-टूटे से। केकेआर के फील्डिंग कोच दिशांत याज्ञनिक ने उन्हें इस हाल में देखा तो वह उनके पास गए। बगल में बैठ गए और कंधे पर हाथ रखकर उन्हें हिम्मत दिलाते दिखे।

'सच में बच्चा है यार'

उनके इस वीडियो को शेयर करते हुए अमित सिंह नाम के एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा कि सच में बच्चा है यार।

उधर KKR के ड्रेसिंग रूम में खुशी के आंसू

दूसरी तरफ आईपीएल 2026 में पहली जीत हासिल करने वाली केकेआर के ड्रेसिंग रूम में भी काफी भावनात्मक दृश्य रहा। मैच में 3 विकेट लेकर फॉर्म में वापसी करने वाले वरुण चक्रवर्ती ने मैच के बाद खुलासा किया कि उन्होंने ड्रेसिंग रूम में कई की आंखों में आंसू देखे।

चक्रवर्ती ने कहा, ‘बहुत, बहुत महत्वपूर्ण (जीत)। मैं आपको बता सकता हूं कि मैंने आज ड्रेसिंग रूम में कई की आंखों में आंसू देखे, ऐसा 2024 में जब हमने आईपीएल जीता था, तब भी नहीं दिखा था। इसका मुख्य श्रेय कोचिंग स्टाफ को जाता है क्योंकि उन्होंने बाहरी शोर से हमें प्रभावित नहीं होने दिया।’

रॉयल्स पर भारी पड़े नाइट राइडर्स

मैच की बात करें तो राजस्थान रॉयल्स ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 155 रन बनाए थे। दोनों ओपनरों यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई थी और पहले विकेट के लिए 81 रनों की साझेदारी की। सूर्यवंशी 28 गेंद में 46 रन बनाकर वरुण चक्रवर्ती का शिकार बने। जायसवाल ने 29 गेंद में 39 रन की पारी खेली और सुनील नरेन की गेंद पर आउट हुए। इन दोनों के अलावा राजस्थान को कोई भी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाया।

जवाब में केकेआर ने 2 गेंद और 4 विकेट बाकी रहते ही 161 रन बनाकर जीत हासिल कर लिया। उपकप्तान रिंकू सिंह ने नॉटआउट रहते हुए 53 रन और अनुकूल रॉय ने भी नाबाद 29 रन बनाए।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।