
IPL का लाइव टेलीकास्ट और स्ट्रीमिंग बांग्लादेश में बैन, क्या BCCI को होगा भारी नुकसान? जानिए
IPL का लाइव टेलीकास्ट और स्ट्रीमिंग बांग्लादेश में बैन कर दी गई है। ऐसे में क्या BCCI को इससे भारी नुकसान होगा? इसकी संभावना न के बराबर है, क्योंकि आईपीएल की बहुत बड़ी मार्केट बांग्लादेश नहीं है।
BCCI के कहने पर जैसे ही KKR ने IPL 2026 से मुस्तफिजुर रहमान को बाहर किया, वैसे ही बांग्लादेश तिलमिला उठा। भारत के खिलाफ बांग्लादेश ने दो अहम कदम उठाए। पहला ये कि बांग्लादेश की टीम भारत टी20 विश्व कप के लिए नहीं आएगी। दूसरा ये कि आईपीएल के टेलीकास्ट और लाइव स्ट्रीमिंग को बांग्लादेश ने अपने यहां बैन कर दिया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि इससे भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई को कितना नुकसान हो सकता है? इसका जवाब है कि बांग्लादेश के आईपीएल को बैन करने से बीसीसीआई पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा। एक्सपर्ट ने तो ये भी दावा किया कि बांग्लादेश के इस कदम से आईपीएल की ग्लोबल ब्रैंड वैल्यू पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला।
बिजनेस स्टैंडर्ड को तीन इंडस्ट्री एक्सपर्ट ने बताया है कि बांग्लादेश के इस पैंतरे से बहुत कम कमाई बोर्ड की रुकेगी। वैल्यूएशन सर्विस प्रोवाइडर D&P एडवाइजरी सर्विसेज के मैनेजिंग पार्टनर संतोष एन ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि बांग्लादेश में IPL ब्रॉडकास्ट पर बैन लगाने के इस कदम का कोई बड़ा असर होगा। इससे BCCI के रेवेन्यू पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा और न ही इससे ब्रॉडकास्टर जो पेमेंट करता है, उसमें कोई बदलाव आएगा।" उन्होंने आगे कहा कि व्यूअरशिप पर भी ज्यादा असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि पिछले सीजन में IPL में सिर्फ दो या तीन बांग्लादेशी खिलाड़ी ही एक्टिव रहे हैं।
TRA रिसर्च के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर एन चंद्रमौली ने भी ऐसी ही राय दी और कहा कि ब्रॉडकास्टर के रेवेन्यू पर शायद ही बांग्लादेश के इस कदम से कोई असर पड़ेगा। उन्होंने कहा, "रेवेन्यू में होने वाले किसी भी नुकसान की भरपाई दूसरे ब्रांड्स के आने से हो जाएगी। IPL लगातार बढ़ रहा है और मौजूदा स्पॉन्सर आने वाले सीजन में अपनी एडवरटाइजिंग बढ़ा सकते हैं।"
आपको बता दें, बीसीसीआई ने 2023 से 2027 तक के लिए 48390.32 करोड़ रुपये की आईपीएल की मीडिया राइट्स डील डिजनी स्टार और वायकॉम 18 के साथ की थी। इसमें से 1300 करोड़ रुपये की डील वायकॉम18 के साथ ग्लोबल ब्रॉडकास्टिंग राइट्स की थी। बांग्लादेश के लिए टी स्पोर्ट्स आईपीएल के मैचों का ब्रॉडकास्टर था, जिसकी डील वायकॉम 18 से हुई होगी।
एकदम सटीक आंकड़े इस डील के नहीं हैं, लेकिन कहा जा रहा है कि ग्लोबल राइट्स की महज 2 पर्सेंट के करीब की डील बांग्लादेश के ब्रॉडकास्टर्स से हुई थी। 1300 करोड़ की ओवरऑल ग्लोबल मीडिया राइट्स में से 2 प्रतिशत का आंकड़ा लगाया जाए तो ये बमुश्किल 26 करोड़ रुपये के आसपास बैठता है, जो कि 5 साल के लिए है। 3 साल इस डील के हो चुके हैं। ऐसे में आप अंदाजा लगा सकते हैं कि महज 5 से 10 करोड़ का नुकसान बीसीसीआई या वायकॉम 18 का हो सकता है।






