रियान पराग ने राजस्थान की कप्तानी की रेस में 4 खिलाड़ियों को छोड़ा था पीछे, संगकारा ने बताई पूरी कहानी
राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा ने रियान पराग के कप्तान बनाए जाने को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कप्तानी के लिए रियान सहित पांच उम्मीदवार थे और उनमें से वह सबसे उपयुक्त उम्मीदवार के रूप में सामने आए।

राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच और क्रिकेट निदेशक कुमार संगकारा ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग सत्र के अपने शुरुआती मैच से पहले रविवार को रियान पराग को कप्तान नियुक्त करने के फैसले का बचाव करते हुए कहा कि उनकी परिपक्वता और टीम के लिए स्पष्ट दृष्टिकोण ने उन्हें अन्य दावेदारों से आगे रखा। राजस्थान ने असम के खिलाड़ी पराग को कई अनुभवी खिलाड़ियों पर तरजीह देते हुए इस आईपीएल सत्र के लिए कप्तान बनाया है। इस फैसले पर सवाल इसलिए भी उठ रहे हैं कि पिछले साल उनकी कप्तानी में खेले गए आठ मैचों में से टीम ने केवल दो में जीत हासिल की थी।
संगकारा ने चयन प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए कहा, "कुल पांच उम्मीदवार थे, जिनमें संदीप शर्मा और रविंद्र जडेजा भी शामिल थे। हमने कप्तान चुनने के लिए सख्त मानदंड तय किए थे। सभी उम्मीदवारों से विस्तार से बातचीत की गई और हमें लगा कि सभी में कप्तानी की क्षमता है, लेकिन रियान सबसे उपयुक्त उम्मीदवार के रूप में सामने आए।"
उन्होंने कहा, "रियान ने बातचीत के दौरान काफी परिपक्वता दिखाई। उन्होंने कठिन और कुछ असहज सवालों के जवाब भी बेहद सोच-समझकर दिए। उनकी सोच, टीम के लिए विजन और केवल कप्तान ही नहीं, बल्कि लीडर बनने की इच्छा ने उन्हें सबसे आगे रखा।"
संगकारा ने बताया कि टीम के वरिष्ठ खिलाड़ी पराग का पूरा समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा, "कप्तानी और नेतृत्व दो अलग चीजें हैं और दोनों आसान नहीं हैं। हमने उम्मीदवारों की आत्ममंथन करने की क्षमता, आलोचनात्मक सोच, ईमानदारी और दूसरों को प्रभावित करने की योग्यता को परखा।" उन्होंने यह भी माना कि पराग से गलतियां होंगी, लेकिन वह उनसे सीखेंगे।
संगकारा ने कहा, “कोई भी कप्तान संपूर्ण नहीं होता। मैंने खुद कई गलतियां की हैं। रियान को जडेजा, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल, संदीप शर्मा, शिमरोन हेटमायर, जोफ्रा आर्चर और दासुन शनाका जैसे खिलाड़ियों का समर्थन मिलेगा, जिससे वह मुश्किल समय में सहारा ले सकेंगे।”
इस सत्र से पहले राजस्थान रॉयल्स ने अपने पूर्व कप्तान संजू सैमसन को चेन्नई सुपर किंग्स के साथ ट्रेड (अदला-बदली) कर रविंद्र जडेजा और सैम कुरेन को टीम में शामिल किया। संगकारा ने इस फैसले पर संतोष जताया। उन्होंने कहा, "सबसे अच्छा ट्रेड वही होता है जिसमें दोनों टीमें खुश भी हों और थोड़ी असंतुष्ट भी। हम संजू के जाने से दुखी हैं, वह हमारे लिए बेहतरीन खिलाड़ी और कप्तान रहे हैं, लेकिन यह बदलाव जरूरी था। हमें जडेजा जैसे दिग्गज और सैम कुरेन जैसे खिलाड़ी मिले, जिससे टीम का संतुलन बेहतर हुआ।" कुरन हालांकि चोट के कारण मौजूदा सत्र से बाहर हो गए हैं।
लेखक के बारे में
Himanshu Singhहिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)
हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।
परिचय और अनुभव
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।
खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी



