4,4,4,4,4,4, प्रभसिमरन सिंह ने एक ओवर में जड़ दिए 6 चौके, IPL में ऐसा करने वाले तीसरे बैटर
प्रभसिमरन सिंह ने शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में एक ओवर में 6 चौके लगाए। इसके साथ ही वह आईपीएल में एक ओवर में 6 चौके लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं।
पंजाब किंग्स के स्टार बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में एक ही ओवर में 6 चौके जड़ दिए। दिल्ली कैपिटल्स द्वारा मिले 265 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की टीम को प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 126 रन की साझेदारी हुई। प्रियांश 17 गेंद में 43 रन की दमदार पारी खेलकर आउट हुए। प्रभसिमरन ने पावरप्ले के आखिरी ओवर में मुकेश कुमार के खिलाफ 6 चौके बटोरे और इसके साथ ही रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करवा लिया है।
एक ओवर में 6 चौके लगाने वाले तीसरे बैटर
प्रभसिमरन सिंह आईपीएल के इतिहास में एक ओवर में 6 चौके जड़ने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच अरुण जेटली स्टेडियम में हो रहे मुकाबले में ये मुकाम हासिल किया। प्रभसिमरन सिंह के अलावा आईपीएल के इतिहास में ये कारनामा सिर्फ अजिंक्य रहाणे और पृथ्वी शॉ ही कर पाए हैं। आईपीएल में सबसे पहले एक ओवर में 6 चौके लगाने का रिकॉर्ड अजिंक्य रहाणे ने बनाया था। रहाणे ने आईपीएल 2012 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबले में ये कारनामा किया था। रहाणे ने श्रीनाथ अरविंद के ओवर में 6 चौके मारे थे।
सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने आईपीएल 2021 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ एक ओवर में 6 चौके मारे थे। उन्होंने शिवम मावी के खिलाफ ये उपलब्धि दर्ज की थी। वह टी20 मैच के पहले ओवर में 6 चौके लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज हैं।
पंजाब के लिए सबसे तेज अर्धशतक
इस पारी के दौरान प्रभसिमरन सिंह पंजाब किंग्स के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले संयुक्त रूप से चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने अपने रिकॉर्ड की बराबरी की। इससे पहले प्रभसिमरन ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 2024 में 18 गेंदों में अर्धशतक बनाया था। पंजाब किंग्स के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड केएल राहुल के नाम है। राहुल ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 2018 में मोहाली में 14 गेंदों में फिफ्टी लगाई थी।
पंजाब किंग्स के सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में 26 गेंदों में 76 रन की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 9 चौके और पांच छक्के लगाए। प्रभसिमरन सिंह को कुलदीप यादव ने आउट किया। आईपीएल 2026 में प्रभसिमरन पंजाब किंग्स के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं, जबकि आईपीएल के जारी सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में सातवें स्थान पर हैं। प्रभसिमरन ने 7 मैचों में 287 रन बनाए हैं।
लेखक के बारे में
Himanshu Singhहिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)
हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।
परिचय और अनुभव
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।
खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी



