IPL 2026 आज का मैच: वैभव सूर्यवंशी समेत एक्शन में होंगे ये सितारे, सुपर संडे में खेले जाएंगे ये 2 ‘महामुकाबले’
IPL 2026 match today: आईपीएल 2026 में आज दो मुकाबले खेले जाएंगे। सुपर संडे को पहला मैच केकेआर और आरआर के बीच होगा, वहीं दूसरे मुकाबले में पंजाब और लखनऊ की टीमें भिड़ेंगी।
IPL 2026 match today: आईपीएल 2026 में आज सुपर संडे को दो मुकाबले खेले जाने हैं। पहले मैच में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी एक्शन में होंगे। वैभव पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खाता नहीं खोल पाए थे। आज उनके सामने कोलकाता नाइट राइडर्स के गेंदबाज चुनौती पेश करेंगे। केकेआर वर्सेस आरआर मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर दोपहर 3 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा। वहीं दिन का दूसरा मुकाबला पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बीच न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। एक तरफ केकेआर है जो अभी तक सीजन की पहली जीत का स्वाद नहीं चख पाई है, वहीं दूसरे तरफ पंजाब की टीम है, जिन्होंने अभी तक इस सीजन हार का मुंह नहीं देखा है। आज के मुकाबले काफी रोमांचक होने वाले हैं।
अजिंक्य रहाणे की KKR क्या RR के खिलाफ कर पाएगी पलटवार?
शानदार फॉर्म में चल रही राजस्थान रॉयल्स पिछले मैच में मिली हार को भुलाकर जीत के लिये तरस रही कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ रविवार को आईपीएल के मैच में लय वापिस पाने के इरादे से उतरेगी। टूर्नामेंट की सबसे मजबूत टीमों में से एक रॉयल्स और खराब फॉर्म से परेशान केकेआर के बीच यह मुकाबला होगा। राजस्थान ने लगातार चार जीत दर्ज की लेकिन पिछले मैच में उसे सनराइजर्स हैदराबाद ने हराया। वहीं केकेआर छह मैचों में एक भी जीत हासिल नहीं कर पाई है।
अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में केकेआर कई मौकों पर जीत के करीब पहुंचकर हार गई है जिससे टीम का आत्मविश्वास डगमगा गया है। पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच बारिश में धुलने से उसे एकमात्र अंक मिला है। रहाणे और मुख्य कोच अभिषेक नायर के कई फैसले भी विवादित रहे हैं। चयन से जुड़े फैसलों और मैच प्रबंधन पर ऊंगली उठी हैं।
केकेआर के लिए गुड न्यूज यह है कि श्रीलंकाई तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना आखिरकार शनिवार देर रात कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) में शामिल हो रहे हैं जिससे टीम का मनोबल बढ़ेगा।
PBKS vs LSG मैच में भिड़ेंगे दो पुराने दोस्त: श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत
तालिका में शीर्ष पर काबिज पंजाब किंग्स रविवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मुकाबले में संघर्ष कर रही लखनऊ सुपर जाइंट्स (एलएसजी) के खिलाफ अपनी जीत की लय बरकरार रखने के लिए मजबूत बल्लेबाजी पर भरोसा करेगी। एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत चोट से उबर को इस मैच को खेलने के लिए फिट है जिससे टीम का हौसला बढ़ेगा।
पंजाब किंग्स इस सत्र में अब तक एकमात्र अजेय टीम रही है। टीम ने पांच में से चार मुकाबले जीते हैं, जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था। श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम का नेट रन रेट +1.067 है, जो उसकी दमदार बल्लेबाजी और सधे हुए लक्ष्य-पीछा करने की क्षमता को दर्शाता है।
पंजाब ने 2025 सत्र से अब तक लक्ष्य का पीछा करते हुए अपने पिछले 11 में से नौ मुकाबले जीते हैं, जो उसके दबदबे की बानगी है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ हालिया जीत में भी यह झलक साफ दिखी। मेजबान टीम की इस रफ्तार को रोकने के लिए एलएसजी को असाधारण प्रदर्शन करना होगा।
अंक तालिका में फिलहाल 8वें स्थान पर मौजूद एलएसजी लगातार दो हार के बाद दबाव में है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ पिछले मुकाबले में कप्तान ऋषभ पंत की कोहनी में चोट लग गयी थी। पंत महज तीन गेंद खेलने के बाद दर्द से कराहते हुए रिटायर्ड हर्ट हो गए थे। वह हालांकि बाद में बल्लेबाजी के लिए लौटे, लेकिन उस समय उनकी कोहनी पर पट्टी लगी हुई थी। एलएसजी के गेंदबाजी कोच भरत अरुण ने पुष्टि की है कि पंत पूरी तरह फिट हैं और रविवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में खेलने के लिए तैयार हैं।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


