गुजरात ने दिल्ली के जबड़े से छीनी जीत, आखिरी दो ओवर में फैंस की सांसें अटकी; डेविड मिलर हीरो से बने जीरो
दिल्ली कैपिटल्स की टीम को गुजरात टाइटंस के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में एक रन से हार का सामना करना पड़ा। आखिरी गेंद तक चले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स की टीम 211 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 209 रन ही बना सकी।

गुजरात टाइटंस ने बुधवार को आईपीएल 2026 के 14वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के जबड़े से जीत छीन ली। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में डेविड मिलर ने दिल्ली की टीम को जीत की दहलीज पर लाकर खड़ा कर दिया था लेकिन उनकी एक गलती ने गुजरात की मैच में वापसी कराई और एक रन से रोमांचक मुकाबला गंवा दिया। दिल्ली कैपिटल्स को आखिरी दो ओवर में जीत के लिए 36 रन चाहिए थे। ज्यादातर लोगों ने गुजरात की जीत मान ली थी लेकिन डेविड मिलर हार मानने को तैयार नहीं थे। उन्होंने 19वें ओवर में सिराज लगातार तीन गेंदों पर बाउंड्री मारी। विप्रज ने पांचवीं गेंद पर चौका मारा, जिससे दिल्ली को आखिरी ओवर में सिर्फ 13 रन ही बनाने थे। प्रसिद्ध कृष्णा के ओवर की पहली ही गेंद पर विप्रज ने चौका जड़ दिया लेकिन अगली गेंद पर आउट हो गए। आखिरी 4 गेंद पर दिल्ली को 8 रन ही चाहिए थे लेकिन अंतिम तीन गेंद पर मिलर 6 रन ही बना सके।
गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स को आईपीएल 2026 के 14वें मुकाबले में एक रन से मात दी। दिल्ली के लिए केएल राहुल ने सर्वाधिक 92 रन बनाए। गुजरात टाइटंस ने पहले बैटिंग करते हुए जोस बटलर, शुभमन गिल और साई सुदर्शन के अर्धशतकों की बदौलत 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 210 रन बनाए। इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 209 रन ही बना सकी।
आखिरी दो ओवर का रोमांच
जीत के लिए 211 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली के लिए केएल राहुल ने 52 गेंद में 11 चौकों और चार छक्कों की मदद से 92 रन बनाए। दिल्ली को आखिरी दो ओवर में 36 रन चाहिये थे और मोहम्मद सिराज ने 19वें ओवर में 23 रन दे डाले। डेविड मिलर (20 गेंद में नाबाद 40) ने उन्हें दो छक्के और दो चौके लगाकर दिल्ली को मैच में बनाए रखा।
आखिरी ओवर में दिल्ली को 13 रन की जरूरत थी और प्रसिद्ध कृष्णा की पहली गेंद पर विपराज निगम ने चौका जड़ दिया। अगली गेंद पर निगम आउट हो गए, जबकि चौथी गेंद पर मिलर ने छक्का लगाया। पांचवीं गेंद पर मिलर के पास एक रन लेने का मौका था लेकिन उन्होंने कुलदीप को रन लेने से मना कर दिया। आखिरी गेंद पर दो रन की जरुरत थी लेकिन कुलदीप यादव रन आउट हो गए। दिल्ली ने वाइड गेंद के लिये रिव्यू भी लिया जो नाकाम रहा।
पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर गिल और वॉशिंगटन सुंदर के बीच तीसरे विकेट के लिये शतकीय साझेदारी की मदद से गुजरात टाइटंस ने चार विकेट पर 210 रन बनाये थे। मांसपेशी में ऐंठन से उबरकर वापसी करने वाले गिल ने 45 गेंद में चार चौकों और पांच छक्कों की मदद से 70 रन बनाये जबकि बटलर ने 27 गेंद में 52 और सुंदर ने 32 गेंद में 55 रन बनाये।
दिल्ली के लिए लुंगी एनगिडि ने चार ओवर में 32 रन देकर एक विकेट लिया। तेज गेंदबाज मुकेश कुमार को दो विकेट मिले लेकिन उन्होंने चार ओवर में 55 रन दे डाले। भारतीय टीम के स्पिनर कुलदीप यादव ने चार ओवर में 42 रन देकर एक विकेट लिया।
राहुल शतक से चूके
दिल्ली को पाथुम निसांका और राहुल ने अच्छी शुरुआत दी और पहले विकेट की साझेदारी में 76 रन जोड़े। दोनों ने छठे ओवर में अशोक शर्मा को खासी नसीहत दी जब राहुल ने चौका और निसांका ने तीन चौके तथा एक छक्का लगाकर 23 रन निकाले। इस साझेदारी को प्रसिद्ध कृष्णा ने नौवें ओवर में तोड़ा जब पहली गेंद पर निसांका मिडआफ में राहुल तेवतिया को कैच दे बैठे। निसांका ने 24 गेंद में छह चौकों और एक छक्के के साथ 41 रन बनाए।
राहुल ने हालांकि इसी ओवर में डीप स्क्वेयर लेग पर चौका , स्ट्रेट और लांग आफ में छक्का लगाने के बाद चौके के साथ अपना पचासा पूरा किया । दिल्ली के सौ रन दसवें ओवर में बने । इसी ओवर की आखिरी दो गेंदों पर हालांकि राशिद ने असहज दिख रहे नीतिश राणा (पांच ) और फॉर्म में चल रहे समीर रिजवी (0) को पवेलियन भेजकर दिल्ली को दो करारे झटके दिये। दिल्ली की उम्मीदें राहुल पर टिकी थी लेकिन वह शतक से आठ रन पीछे रह गए और 17वें ओवर में सिराज की गेंद पर विकेट के पीछे बटलर को कैच दे बैठे।
इससे पहले गुजरात के लिए भरोसेमंद सलामी बल्लेबाज साइ सुदर्शन ने अच्छी शुरूआत की और पहली ही गेंद पर मुकेश कुमार को स्ट्रेट चौका लगाया। वहीं अगले ओवर की पहली गेंद पर एनगिडि को कवर में चौका लगाकर अपने तेवर जाहिर किये। सुदर्शन हालांकि अगले ओवर में मुकेश की गेंद पर बोल्ड हो गए और 19 के स्कोर पर गुजरात ने पहला विकेट गंवा दिया।
इसके बाद से बटलर ने अपने पुराने फॉर्म की झलक देते हुए गुजरात की रनगति को अपने आकर्षक स्ट्रोक्स से आगे बढाना जारी रखा। उन्होंने मुकेश का स्वागत स्ट्रेट में छक्का लगाकर किया । दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल चौथे ओवर में खुद गेंदबाजी के लिये आये लेकिन पहली गेंद पर बटलर ने चौका लगाया और अगली गेंद को लांग आन सीमारेखा के पार पहुंचा दिया।
अक्षर के पहले ओवर में 13 रन बने । बटलर ने पांचवें ओवर में मुकेश को खासी नसीहत देते हुए तीन छक्के और एक चौके के साथ 23 रन निकाले । स्ट्रेट और लांग आन में छक्के के साथ उन्होंने गुजरात के पचास रन 4.2 ओवर में पूरे किये । पावरप्ले के छह ओवर में गुजरात का स्कोर एक विकेट पर 68 रन था ।
बटलर की आक्रामक बल्लेबाजी का नजारा दूसरे छोर से देख रहे गिल को स्ट्राइक नहीं मिलने का मलाल नहीं रहा होगा । इंग्लैंड के इस बल्लेबाज ने अक्षर की गेंद पर एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया जिसमें तीन चौके और पांच छक्के शामिल थे ।
इस साझेदारी को खतरनाक होती देख अक्षर ने अपने सबसे होनहार गेंदबाज कुलदीप यादव को गेंद सौंपी और उन्होंने कप्तान को निराश नहीं किया । कलाई के इस स्पिनर की नीची गेंद पर बटलर (27 गेंद में 52 रन ) चकमा खाकर बोल्ड हो गए ।
गुजरात के बल्लेबाज सातवें से दसवें ओवर के बीच 33 रन ही बना सके और एक विकेट भी गंवाया । दस ओवर के बाद गुजरात का स्कोर दो विकेट पर 101 रन था । दिल्ली के लिये 12वां ओवर भी काफी महंगा साबित हुआ जिसमें 23 रन बने । पहले वॉशिंगटन सुंदर ने डीप मिडविकेट के ऊपर से विपराज निगम को छक्का लगाया । इसके बाद गिल ने गेंदबाज के सिर से ऊपर से गेंद को सीमा पार भेजा।
गिल ने 15वें ओवर में एनगिडि को डीप स्क्वेयर लेग में चौका लगातर अपना अर्धशतक पूरा किया । कुलदीप 17वें ओवर में फिर गेंदबाजी के लिये आये जिन्होंने पहली गेंद लेग स्टम्प के बाहर शॉर्ट डाली जिस पर गिल ने जबर्दस्त पुल शॉट खेलकर शॉर्ट फाइन लेग के ऊपर छक्का लगाने के बाद चौथी गेंद पर अपनी पारी का पांचवां छक्का जड़ा । इस बीच गिल और सुंदर ने तीसरे विकेट के लिये 56 गेंद में सौ रन की साझेदारी पूरी कर ली ।
गिल की पारी का अंत एंगिडि ने किया जब गुजरात का स्कोर 183 रन था । वह आफ स्टम्प से बाहर जाती फुल लैंग्थ गेंद पर मिड आफ में नीतिश राणा को कैच दे बैठे । सुंदर ने नटराजन को 19वें ओवर में स्क्वेयर लेग के ऊपर छक्का लगाकर आईपीएल में अपना पहला अर्धशतक पूरा किया । लेकिन आखिरी ओवर में वह मुकेश की गेंद पर राणा को कैच देकर लौटे । उन्होंने 31 गेंद की पारी में छह चौके और दो छक्के लगाये ।
लेखक के बारे में
Himanshu Singhहिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)
हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।
परिचय और अनुभव
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।
खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी



