
IPL 2026: ऑक्शन में कितने भारतीय और विदेशी खिलाड़ी खरीद पाएगी CSK? पर्स में इतने करोड़ रुपये
संक्षेप: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने आईपीएल 2026 ऑक्शन से पहले 10 खिलाड़ियों को रिलीज किया और दो को ट्रेड किया। खिलाड़ियों का ऑक्शन अगले महीने होगा। आईपीएल में एक टीम में अधिकतम 25 खिलाड़ी हो सकते हैं।
आईपीएल 2026 के लिए मिनी ऑक्शन का आयोजन 16 दिसंबर को अबू धाबी में होगा। हाल ही में सभी 10 टीमों ने रिटेन और रिलीज प्लेयर्स की लिस्ट जारी की। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने अपने स्क्वॉड से 10 खिलाड़ियों को रिलीज किया जबकि दो का ट्रेड किया। पांच बार की चैंपियन सीएसके ने ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और सैम करन के बदले राजस्थान रॉयल्स से विकेटकीपर संजू सैमसन को लिया है। सैमसन 18 करोड़ रुपये में सीएसके का हिस्सा बने हैं।

CSK के पर्स में इतने करोड़ रुपये
पिछले सीजन में हर आईपीएल टीम के पर्स में 120 करोड़ रुपये थे। 19वें सीजन के ऑक्शन से पहले प्लेयर्स को रिलीज करने के बाद सबसे मोटा पर्स कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) का है। केकेआर नीलामी में 64.3 करोड़ रुपये लेकर उतरेगी। उसके बाद सबसे ज्यादा पैसे सीएसके के पास है। सीएसके के पर्स में 43.4 करोड़ रुपये बचे हैं। वहीं, सबसे कम पर्स पांच बार की आईपीएल विजेता मुंबई इंडियंस (2.75 करोड़ रुपये) का है।
कितने खिलाड़ी खरीद पाएगी CSK?
आईपीएल में एक टीम के स्क्वॉड में अधिकतम 25 खिलाड़ी हो सकते हैं। स्क्वॉड में ज्यादा से ज्यादा 8 विदेशी प्लेयर हो सकते हैं। सीएसके के स्क्वॉड में फिलहाल 16 खिलाड़ी हैं। चेन्नई ने 15 खिलाड़ियों को रिटेन किया और एक को ट्रेड के जरिए शामिल किया। चेन्नई के स्क्वॉड में अब सिर्फ 9 स्लॉट खाली हैं। सीएसके नीलामी में पांच भारतीय और चार विदेशी खिलाड़ी ही खरीद सकती है। चेन्नई ने आईपीएल 2025 में प्रदर्शन बेहद निराशाजनक किया था। सीएसके चार मैच जीतकर अंक तालिका में दसवें पायदान पर रही थी।
CSK का मौजूदा स्क्वॉड: एमएस धोनी, ऋतुराज गायकवाड़ , संजू सैमसन (ट्रेड) आयुष म्हात्रे, डेवाल्ड ब्रेविस, उर्विल पटेल, अंशुल कंबोज, गुरजापनीत सिंह, जेमी ओवरटन, मुकेश चौधरी, नाथन एलिस, श्रेयस गोपाल, खलील अहमद, नूर अहमद, रामकृष्ण घोष, शिवम दुबे।
CSK द्वारा रिलीज प्लेयर्स: डेवोन कॉनवे, रचिन रवींद्र, वंश बेदी, आंद्रे सिद्दार्थ, मथीशा पथिराना, राहुल त्रिपाठी, दीपक हुडा, विजय शंकर, शेख रशीद, कमलेश नागरकोटी। रवींद्र जडेजा (ट्रेड), सैम करन (ट्रेड)।






