IPL 2026 Auction की बड़ी बातें, KKR ने ग्रीन और पथिराना पर लुटाया धन, CSK ने चला ये दांव
IPL 2026 Auction: इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल के 19वें सीजन के लिए ऑक्शन मंगलवार 16 दिसंबर को आयोजित हुआ। इसमें सभी टीमों ने अपनी-अपनी स्क्वॉड पूरी की। केकेआर ने विदेशी और सीएसके ने युवाओं पर भरोसा जताया।

IPL 2026 Auction: कोलकाता नाइट राइडर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल के प्लेयर्स ऑक्शन में मंगलवार 16 दिसंबर को अबू धाबी में ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ऑलराउंडर कैमरोन ग्रीन के लिए रिकॉर्ड 25.20 करोड़ रुपये और श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना के लिए 18 करोड़ रुपये खर्च किए। इस नीलामी में ‘अनकैप्ड’ (अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेलने वाले) भारतीय खिलाड़ियों को भी बड़ी सफलता मिली। इसमें उत्तर प्रदेश के 20 वर्षीय बाएं हाथ के स्पिनर प्रशांत वीर और राजस्थान के विकेटकीपर और आक्रामक बल्लेबाज कार्तिक शर्मा को चेन्नई सुपर किंग्स ने एक समान 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा। दोनों खिलाड़ी 30 लाख रुपये की आधार मूल्य में आने के बाद आईपीएल नीलामी के इतिहास में सबसे अधिक कीमत पाने वाले अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए।
जम्मू और कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी दार को भी मोटी रकम मिली। दिल्ली कैपिटल्स ने 8.40 करोड़ रुपये में खरीदा। दार की शुरुआती कीमत भी 30 लाख रुपये थी। पृथ्वी शॉ और सरफराज खान जैसे भारतीय बल्लेबाजों को अच्छी लय में होने के बावजूद नीलामी में शुरुआती चरण कोई खरीदार नहीं मिला। हालांकि, सरफराज को दूसरे दौर की नीलामी में सीएसके ने 75 लाख रुपये में खरीदा, जबकि दिल्ली कैपिटल्स ने इसी रकम में शॉ को टीम में शामिल किया।
मुंबई छोड़ महाराष्ट्र का प्रतिनिधित्व कर रहे शॉ घरेलू क्रिकेट में पिछले कुछ समय से शानदार लय में हैं, जबकि मुंबई के खिलाड़ी सरफराज ने नीलामी शुरू होने से ठीक पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मैच में राजस्थान के खिलाफ 22 गेंदों में 73 रन बनाए थे। दिल्ली कैपिटल्स ने न्यूजीलैंड के काइल जैमीसन को भी आखिरी क्षणों में दो करोड़ रुपये में टीम में शामिल किया। ग्रीन ने अपने हमवतन मिशेल स्टार्क (24.75 करोड़ रुपये) को पीछे छोड़ते हुए आईपीएल नीलामी में सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड बनाया।
केकेआर और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच उनके लिए कड़ी बोली लगी, जिसके अंत में चेन्नई की फ्रेंचाइजी पिछड़ गयी। केकेआर ने इसके बाद वेंकटेश अय्यर को हासिल करने की कोशिश की थी, लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इस हरफनमौला को सात करोड़ रुपये की बोली के साथ अपनी से जोड़ा। तीन बार की इस चैंपियन ने श्रीलंका के तेज गेंदबाज पथिराना को खरीदने की होड़ में तब प्रवेश किया जब दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स ने शुरुआती बोली के बार पीछे हटने का फैसला किया।
दो करोड़ रुपये की आधार मूल्य के साथ इस नीलामी में शामिल होने वाले पथिराना आईपीएल में बिकने वाले सबसे महंगे श्रीलंकाई खिलाड़ी बन गए। हालांकि, विदेशी खिलाड़ियों के लिए नीलामी के नियमों के अनुसार शेष राशि बीसीसीआई के खिलाड़ी विकास कार्यक्रम में जाएगी। ऐसे में इस सत्र के लिए उनका वेतन 18 करोड़ रुपये (19 लाख अमेरिकी डॉलर) ही रहेगा। इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स का प्रतिनिधित्व करने वाले पथिराना को हालांकि पूरी रकम मिलेगी क्योंकि वह वेतन सीमा के अंदर है।
केकेआर के प्रबंध निदेशक वेंकी मैसूर ने कहा कि फ्रेंचाइजी ग्रीन को जिस कीमत पर हासिल किया गया है, उससे वे खुश हैं। उम्मीद है कि ग्रीन आगामी सत्र में टीम को काफी मजबूती प्रदान करेंगे। मैसूर ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हम बहुत खुश हैं। इस पर हमारा ध्यान केंद्रित था और जिसकी हम उम्मीद कर रहे थे। जिस कीमत पर हमने उन्हें खरीदा है, उससे हम संतुष्ट हैं। कीमत अगर इससे ज्यादा होती तो चिंता की बात होती। हम उन्हें खरीदने के इच्छुक थे और उनसे जुड़े हुए थे, लेकिन अगर इससे नीलामी की हमारी योजना प्रभावित होती तो हम उन्हें जाने देते।’’
उन्होंने आगे कहा, ‘‘वे हमारी टीम को काफी मजबूती प्रदान करेंगे और हम जानते हैं कि वे बल्ले और गेंद से क्या कर सकते हैं, इससे हम बहुत खुश हैं। बीसीआई द्वारा 18 करोड़ रुपये के नियम पर हमारा दृष्टिकोण यह है कि हमें कोई चिंता नहीं है, वैसे भी यह फ्रेंचाइजी को तो यह रकम देनी ही पड़ेगी।’’ ग्रीन इससे पहले मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेल चुके हैं। उन्होंने आईपीएल के 29 मैचों में 707 रन बनाने के अलावा 16 विकेट भी चटकाए है।
ग्रीन ने कहा, ‘‘इस साल के आईपीएल के लिए कोलकाता का हिस्सा बनकर मैं बहुत उत्साहित हूं। ईडन गार्डन्स में जाकर वहां के माहौल से परिचित होना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। मुझे उम्मीद है कि यह साल हमारे लिए शानदार रहेगा। जल्द ही मिलते हैं। आमी केकेआर।’’ बांग्लादेश के अनुभवी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजूर रहमान को केकेआर ने सीएसके के साथ कई दौर की बोली के बाद 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा, जबकि मध्य प्रदेश के युवा बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मंगेश यादव को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 5.20 करोड़ रुपये में खरीदा। मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 23 वर्षीय यादव के लिए सनराइजर्स हैदराबाद की बोली को पछाड़ दिया।
सनराइजर्स हैदराबाद ने इंग्लैंड के बल्लेबाज लियाम लिविंगस्टोन को खरीदने के लिए 13 करोड़ रुपये खर्च किए, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स ने ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर-बल्लेबाज जोश इंग्लिस की सेवाएं 8.60 करोड़ रुपये में हासिल कीं। इन दोनों खिलाड़ियों के नाम पर नीलामी की शुरुआती दौर में किसी ने दिलचस्पी नहीं दिखाई थी। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी कूपर कॉनॉली को पंजाब किंग्स ने तीन करोड़ रुपये में खरीदा। मंगलवार को हुई मिनी नीलामी में यह फ्रेंचाइजी की पहली खरीद थी।
विदेशी खिलाड़ियों पर भी बरसा धन
नीलामी के दूसरे चरण में ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स को सनराइजर्स हैदराबाद ने तीन करोड़ रुपये में खरीदा। न्यूजीलैंड के टॉम बैंटन और एडम मिल्ने को क्रमश: गुजरात टाइटन्स ने दो करोड़ रुपये और राजस्थान रॉयल्स ने 2.40 करोड़ रुपये में खरीदा। दक्षिण अफ्रीका के आक्रामक बल्लेबाज डेविड मिलर को दिल्ली कैपिटल्स ने उनके आधार मूल्य दो करोड़ रुपये में खरीदा जबकि न्यूजीलैंड के अनुभवी बल्लेबाज डेवोन कॉन्वे (आधार मूल्य दो करोड़ रुपये) नीलामी में नहीं बिके।
दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी सलामी बल्लेबाज एवं विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक एक करोड़ रुपये के आधार मूल्य पर अपनी पुरानी टीम मुंबई इंडियंस में वापस लौटे। तेज गेंदबाजों में दो करोड़ रुपये की कीमत वाले एनरिच नॉर्किया और लुंगी एनगिडी को इसी रकम पर क्रमश: लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी टीम में शामिल कर लिया।
स्पिनरों में रवि बिश्नोई को राजस्थान रॉयल्स ने 7.2 करोड़ रुपये में खरीदा जबकि सीएसके ने राहुल चाहर को 5.20 करोड़ और अकील हुसैन को दो करोड़ रुपये में टीम में शामिल किया। इस छोटी नीलामी में कुल 369 खिलाड़ी (253 भारतीय और 116 विदेशी खिलाड़ी) शामिल थे जिसमें से 76 खिलाड़ियों ने फ्रेंचाइजी टीमों से बोली हासिल की।
लेखक के बारे में
Vikash Gaurविकाश गौड़: डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर कम असिस्टेंट मैनेजर, स्पोर्ट्स
संक्षिप्त विवरण:
विकाश गौड़ पिछले 8 वर्षों से हिंदी डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) के स्पोर्ट्स सेक्शन में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर (असिस्टेंट मैनेजर) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
विस्तृत बायो:
परिचय और अनुभव: विकाश गौड़ भारतीय डिजिटल स्पोर्ट्स मीडिया का एक उभरता हुआ चेहरा हैं। लगभग 8 वर्षों के अनुभव के साथ, विकाश ने डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को जमीन से समझा है। 2016 में अपने करियर की शुरुआत करने वाले विकाश ने डिजिटल-फर्स्ट अप्रोच के साथ खेल पत्रकारिता में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। जनवरी 2021 से वह 'लाइव हिन्दुस्तान' की स्पोर्ट्स टीम के मुख्य स्तंभ बने हुए हैं, जहां वह कंटेंट प्लानिंग और स्पोर्ट्स कवरेज का नेतृत्व करते हैं।
करियर का सफर:
मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़ से पत्रकारिता का ककहरा सीखने के बाद विकाश का सफर 'खबर नॉन स्टॉप' से शुरू हुआ था, जो अब देश के प्रतिष्ठित मीडिया घरानों तक फैला हुआ है। उन्होंने पत्रिका समूह की वेबसाइट 'कैच न्यूज' में खेल की खबरों की तकनीकी समझ विकसित की। इसके बाद 'डेली हंट' में वीडियो प्रोड्यूसर के तौर पर काम करते हुए उन्होंने विजुअल स्टोरीटेलिंग के गुर सीखे। 'दैनिक जागरण' की वेबसाइट में करीब ढाई साल तक खेल डेस्क पर अपनी धार तेज करने के बाद, उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान का रुख किया, जहां वे बीते 4 साल से चौके-छक्के लगा रहे हैं। इंटर्न के तौर पर प्रिंट की समझ हासिल कर चुके विकाश गौड़ के पास अब डिजिटल की अच्छी समझ है और वे ट्रेंड को बखूबी फॉलो करते हैं।
खेल जगत की कवरेज और विशेषज्ञता:
अपने अब तक के करियर में विकाश ने दुनिया के कई बड़े खेल आयोजनों को डेस्क और फील्ड पर रहकर कवर किया है। उनकी विशेषज्ञता केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं है, बल्कि वह मल्टी-स्पोर्ट्स इवेंट्स की भी गहरी समझ रखते हैं। उन्होंने निम्नलिखित प्रमुख आयोजनों का व्यापक विश्लेषण और रिपोर्टिंग की है:
क्रिकेट:आईसीसी क्रिकेट विश्व कप, आईपीएल और द्विपक्षीय सीरीज।
ग्लोबल इवेंट्स: ओलंपिक गेम्स, राष्ट्रमंडल खेल और एशियाई खेल
पत्रकारिता का दृष्टिकोण:
विकाश का मानना है कि खेल पत्रकारिता केवल स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह खिलाड़ियों के संघर्ष, खेल की रणनीति और डेटा के पीछे छिपी कहानी को पाठकों तक पहुंचाने का माध्यम है। लाइव हिन्दुस्तान में अपनी भूमिका में वह सुनिश्चित करते हैं कि खेल की खबरें सटीक, तेज और निष्पक्ष हों, जिससे पाठकों को एक संपूर्ण अनुभव मिल सके।
विशेषज्ञता:
क्रिकेट विश्लेषण एवं लाइव कवरेज
ओलंपिक एवं ग्लोबल स्पोर्ट्स इवेंट्स
इंटरव्यू एवं मीडिया इंटरैक्शन
स्पोर्ट्स डेटा एंड स्टेटिस्टिक्स
डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी एंड टीम मैनेजमेंट
ट्विटर प्रोफाइल
लिंक्डइन और पढ़ें



