हरमनप्रीत और मुझे ऐसा करना चाहिए था, जेमिमा रौड्रिग्स ने बताया भारतीय टीम ने कितने रन कम बनाए?
भारतीय महिला क्रिकेट टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी। हार के बाद जेमिमा रौड्रिग्स ने बताया कि भारतीय टीम ने कितने रन कम बनाए?

भारतीय बल्लेबाज जेमिमा रौड्रिग्स ने स्वीकार किया कि उनकी टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले महिला टी20 मैच में अच्छे रन नहीं बना सकी और उन्होंने यह भी कहा कि आगामी टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए यह सीरीज बल्लेबाजों , खासकर ऑलराउंडर्स के लिए सुनहरा मौका है। भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 157 रन ही बना सकी। दक्षिण अफ्रीका ने पांच गेंद बाकी रहते छह विकेट से जीत दर्ज की।
'हम बल्लेबाजी में 15-20 रन पीछे रह गए'
रौड्रिग्स ने पत्रकारों से कहा, ''मुझे लगता है कि हम बल्लेबाजी में 15-20 रन पीछे रह गए। जिस तरह की शुरुआत हमें मिली और शेफाली ने जिस तरह से शानदार शुरूआत दी, हमें बेहतर स्कोर बनाना चाहिए था।'' उन्होंने कहा, ''इसके बाद दो ओवर में दो विकेट गिर गए लेकिन हरमनप्रीत कौर और मैं साझेदारी बनाने की कोशिश कर रहे थे। हमने वह लय बनाई और दबाव हटा दिया था लेकिन मौके को भुना नहीं सके।'' हरमनप्रीत ने 33 गेंद में नाबाद 47 रन बनाये जबकि जेमिमा ने 29 गेंद में 36 रन की पारी खेली। दोनों ने 51 गेंद में 71 रन की साझेदारी की। जेमिमा और ऋचा घोष (पांच) हालांकि लगातार आउट हो गए जिससे आखिरी ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी नहीं हो सकी।
'हरमन और मुझे बड़ी साझेदारी बनानी चाहिए थी'
रौड्रिग्स ने कहा, ''हरमन और मुझे बड़ी साझेदारी बनानी चाहिए थी। ऋचा भी जिस तरह से आउट हुई, वह शॉट छक्का भी हो सकता था। दस में से एक बार आप इस तरह के शॉट पर आउट हो जाते हैं लेकिन नौ बार वह छक्का लगाती है । विश्व कप को देखते हुए हमें इस पर काम करना होगा।'' उन्होंने कहा, ''निचले क्रम पर आने वाले ऑलराउंडर्स को भी उतना मैच टाइम और अनुभव नहीं मिलता। दक्षिण अफ्रीका में उनके लिये यह सुनहरा मौका है जिससे विश्व कप की तैयारी मजबूत होगी।''
कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने नाबाद पारी खेली
कप्तान लौरा वोल्वार्ट के अर्धशतक की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने भारत की दिशाहीन गेंदबाजी का फायदा उठाते हुए लक्ष्य पांच गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया। भारतीय गेंदबाजों ने 14 वाइड गेंदें फेंकी। वोल्वार्ट ने 39 गेंद में 51 रन बनाए। एनेरी डर्कसेन ने 34 गेंद में नाबाद 44 रन बनाए। पिछली चार सीरीज जीत चुकी भारतीय टीम के लिए स्पिनर श्रेयांका पाटिल और श्रीचरणी ने प्रभावित किया लेकिन तेज गेंदबाज अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर सके। अरूंधति रेड्डी की दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों ने जमकर धुनाई की। पांच मैचों की सीरीज दूसरा मैच रविवार को खेला जाएगा।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



