भारतीय टीम दूसरे टी20 में हुई फेल, ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में की बराबरी; शतक से चूकीं जॉर्जिया वोल
भारतीय महिला क्रिकेट टीम दूसरे टी20 मैच में फेल हो गई। भारत कैनबरा में 164 का लक्ष्य हासिल नहीं कर सका। ऑस्ट्रेलिया के लिए जॉर्जिया वोल ने शानदार बल्लेबाजी की।

जॉर्जिया वोल (88) और बेथ मूनी (46) के बीच पहले विकेट के लिए 128 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की बदौलत ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने गुरुवार को कैनबरा में दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत को 19 रन से हराकर तीन मैच की सीरीज 1-1 से बराबर कर ली।वोल और मूनी की पहले विकेट की साझेदारी भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की सबसे बड़ी भागीदारी रही जिससे मेजबान टीम ने पांच विकेट पर 163 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने शानदार शुरुआत की लेकिन इसके बावजूद 20 ओवर में नौ विकेट पर 144 रन ही बना सकी जिसमें हरमनप्रीत कौर ने 36, स्मृति मंधाना ने 31 और शेफाली वर्मा ने 29 रन का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए एश्ले गार्डनर ने 22 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि किम गार्थ, अनाबेल सदरलैंड और ऑस्ट्रेलिया की कप्तान सोफी मोलिनू को दो-दो विकेट मिले। सीरीज का निर्णायक मुकाबला शनिवार को एडिलेड ओवल में खेला जाएगा।
भारत ने सात रन के अंदर छह विकेट गंवाए
भारत का स्कोर नौवें ओवर में एक विकेट पर 65 रन था लेकिन मेहमान टीम ने आखिर में सात रन के अंदर छह विकेट गंवा दिए। शेफाली (23 गेंद में पांच चौके) की तेज शुरुआत के बाद मंधाना भी खुलकर खेल रही थीं। दोनों भारतीय सलामी बल्लेबाजों ने पावरप्ले में 54 रन बना लिए थे। लेकिन मोलिनू ने शेफाली को पगबाधा आउट करके भागीदारी का अंत किया और गार्डनर ने जेमिमा रोड्रिग्स (04) का अहम विकेट लिया। लगातार दो विकेट गिरने से भारत की रन गति धीमी पड़ गई। जल्द ही मंधाना के रूप में तीसरा विकेट गिरा जब वह गार्थ की गेंद पर मूनी को कैच दे बैठीं। भारतीय टीम ने तीन विकेट पर 71 रन बना लिए थे। तब कप्तान हरमनप्रीत और ऋचा घोष (19) ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 55 रन जोड़े। हालांकि, रन रेट बढ़ता जा रहा था जिससे भारतीय खिलाड़ियों को जोखिम उठाने का खामियाजा भुगतना पड़ा।
दीप्ति के आउट होने से उम्मीदों को झटका
हरमनप्रीत को 17वें ओवर की दूसरी गेंद पर गार्थ ने आउट किया और तीन गेंद बाद घोष भी गार्डनर की गेंद पर स्टंप आउट हो गईं। भारत की उम्मीदों को एक और बड़ा झटका तब लगा जब 18वें ओवर में गार्डनर ने दीप्ति शर्मा (शून्य) को सदरलैंड के हाथों कैच कराया जिससे भारत का स्कोर छह विकेट पर 128 रन हो गया। इससे पहले सलामी बल्लेबाज वोल और मूनी की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने अच्छी शुरूआत की। अरुंधति रेड्डी ने एक बार फिर अच्छा प्रदर्शन किया और ऑस्ट्रेलिया की दोनों सलामी बल्लेबाजों को आउट किया। हालांकि उन्होंने पारी की आखिरी गेंद पर एशले गार्डनर (नाबाद 10) का कैच छोड़ दिया। उन्होंने चार ओवर में 30 रन देकर दो विकेट झटके। सपाट पिच पर वोल और मूनी ने भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाते हुए 14.5 ओवर में 128 रन जोड़े।
वोल-मूनी ने पहले विकेट के लिए 115 रन जोड़े
मूनी अपने अर्धशतक से चार रन पहले आउट हो गईं। वोल और मूनी ने भारत के खिलाफ महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में ऑस्ट्रेलिया की पहले विकेट के लिए 115 रन की साझेदारी को बेहतर बनाया जो मार्च 2020 में मेलबर्न में एलिसा हीली और मूनी की जोड़ी ने बनाई थी। दाएं हाथ की बल्लेबाज वोल ने शुरू से ही आक्रामक रूख अख्तियार और मूनी ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। वोल ने भारत की खराब गेंदबाजी का पूरा फायदा उठाते हुए अपनी पारी के दौरान 11 चौके और एक छक्का लगाया। उन्होंने 57 गेंद में 88 रन बनाए। मूनी 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर अरुंधति की गेंद पर मिडऑन पर शेफाली वर्मा के हाथों कैच आउट हुईं। बाएं हाथ की इस सलामी बल्लेबाज ने 39 गेंद की अपनी पारी में चार चौके जड़कर 46 रन बनाए। भारत ने सिडनी में खेले गए पहले मैच में डीएलएस पद्धति से 21 रन से जीत हासिल की थी।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



