
हमारे छोरे, छोरियों से कम हैं के..,विश्व कप जीतने के लिए महिला क्रिकेटरों ने 'सूर्या ब्रिगेड' को किया प्रेरित
आगामी 7 फरवरी से शुरू होने वाले पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के लिए आधिकारिक प्रसारक जियोस्टार ने एक क्रांतिकारी प्रोमो लॉन्च किया है। इस विज्ञापन की सबसे बड़ी विशेषता इसकी 'रोल रिवर्सल' थीम है, जिसमें भारत की विश्व विजेता महिला क्रिकेटर पुरुष टीम का प्रचार करती नजर आ रही हैं।
भारतीय क्रिकेट के इतिहास में पहली बार एक ऐसा अनूठा तालमेल देखने को मिल रहा है, जहां महिला क्रिकेट सितारे पुरुष टीम की जीत के लिए हुंकार भर रही हैं। आगामी 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में शुरू होने वाले पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के लिए आधिकारिक प्रसारक जियोस्टार ने एक क्रांतिकारी प्रोमो लॉन्च किया है। इस विज्ञापन की सबसे बड़ी विशेषता इसकी 'रोल रिवर्सल' थीम है, जिसमें भारत की विश्व विजेता महिला क्रिकेटर पुरुष टीम का प्रचार करती नजर आ रही हैं। यह अभियान न केवल खेल के प्रति बदलते नजरिए को दर्शाता है, बल्कि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली नई भारतीय टीम के प्रति देश के भरोसे को भी मजबूती देता है।
इस वायरल वीडियो में भारतीय महिला टीम की धुरंधर खिलाड़ी शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स और दीप्ति शर्मा मुख्य भूमिका में हैं, जो आत्मविश्वास के साथ पुरुष टीम की जर्सी पहने दिखाई देती हैं। प्रोमो में जेमिमा और शेफाली नवंबर 2025 में महिला टीम द्वारा जीते गए 50 ओवर के विश्व कप की याद दिलाती हैं और कहती हैं कि अब पुरुषों के चमकने की बारी है। वीडियो का सबसे चर्चित हिस्सा वह है जहां शेफाली वर्मा फिल्म दंगल के मशहूर डायलॉग को उलटते हुए कहती हैं,"हमारे छोरे, छोरियों से कम हैं के?" यानी हमारे लड़के हमारी लड़कियों से कम नहीं हैं। यह पंक्ति सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो रही है, क्योंकि यह पहली बार है जब महिला खिलाड़ी पुरुषों के टूर्नामेंट के लिए खिलाड़ियों को इस तरह प्रेरित कर रही हैं।
क्रिकेट फैंस इस नए अंदाज की जमकर सराहना कर रहे हैं, क्योंकि यह प्रोमो भारतीय क्रिकेट की एकता को प्रदर्शित करता है। जहां रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गजों की अनुपस्थिति में सूर्यकुमार यादव एक युवा टीम का नेतृत्व करेंगे, वहीं महिला चैंपियंस का यह समर्थन टीम के मनोबल को बढ़ाने वाला है। महिला टीम ने पिछले साल विश्व कप जीतकर जो मानक स्थापित किए थे, अब पुरुष टीम उसी गौरव को दोहराने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। इस प्रोमो में यह भी कहा गया है कि हमारी लड़कियों ने यानी महिला क्रिकेट टीम ने विश्व कप खिताब घर से दूर नहीं जाने दिया और अब बारी पूरुष क्रिकेट टीम की है कि टी-20 वर्ल्ड कप के खिताब को डिफेंड करके जीत का परचम लहराएं।






