भारतीय महिला टीम की 2028 ओलंपिक की सीट पक्की, पुरुष टीम को कब तक करना होगा इंतजार?
Cricket qualification for 2028 Olympics: भारत की महिला क्रिकेट टीम ने 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है। पुरुष टीम को अभी कई महीने इंतजार करना पड़ेगा।

इंटरनेशनल ओलंपिक कमिटी (आईओसी) ने 2028 में लॉस एंजिल्स में होने वाले ओलंपिक गेम्स में क्रिकेट प्रतियोगिताओं के लिए क्वालिफिकेशन सिस्टम को मंजूरी दे दी है। ओलंपिंक में 128 साल बाद क्रिकेट की वापसी होगी, जहां महिला और पुरुष दोनों वर्गों में टी20 फॉर्मेट में छह-छह टीमें गोल्ड मेडल के लिए उतरेंगी। इसमें चार महाद्वीपों (अफ्रीका, एशिया, यूरोप और ओशिनिया) का प्रतिनिधित्व पक्का है। पांच क्वालिफिकेशन स्थान मौजूदा आईसीसी प्रतियोगिता और T20I रैंकिंग को मिलाकर तय किए जाएंगे। यह मौजूदा अप्रूव्ड और पब्लिश एफीटी स्ट्रक्चर के हिसाब से होंगे। पुरुषों और महिलाओं दोनों के कॉम्पिटिशन में छठा और आखिरी स्थान नए आईसीसी ओलंपिक क्वालिफायर से तय की जाएगा, जो 2027 में होगा।
भारतीय महिला टीम की सीट पक्की
भारत महिला क्रिकेट टीम ने आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के जरिए क्वालीफाई कर लिया है। भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, ग्रेट ब्रिटेन, और दक्षिण अफ्रीका की महिला टीमों की सीट पक्की हुई है। हालांकि, भारत जारी महिला वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल में नहीं पहुंचा। ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। पुरुष क्रिकेट टीमों के लिए रैंकिंग अहम होगी। भारत की पुरुष टीम को छह महीने इंतजार करना होगा। कट आफ की तारीख 31 दिसंबर 2026 रखी गई है । भारत को सीधे क्वालीफाई करने के लिए इस साल के आखिर में आईसीसी टी20 रैंकिंग में एशिया में शीर्ष पर रहना होगा। भारतीय पुरुष टीम को हाल ही में आयरलैंड के हाथों दो मैचों की टी20 सीरीज में ऐतिहासिक हार मिली थी।
वेस्टइंडीज को आईओसी की मान्यता नहीं मिली
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने कहा ,'' ओलंपिक में ग्रेट ब्रिटेन हिस्सा लेता है लिहाजा कोटा सिर्फ एक ब्रिटिश देश इंग्लैंड को दिया जाएगा।'' वेस्टइंडीज भी इंग्लैंड में चल रहे महिला वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंच चुका है। विभिन्न कैरेबियाई देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले आईसीसी के सदस्य के तौर पर वेस्टइंडीज को आईओसी की राष्ट्रीय ओलंपिक समिति के रूप में मान्यता नहीं मिली है लिहाजा वह ओलंपिक खेलों में भाग लेने या एक ईकाई के रूप में कोटा हासिल करने की पात्रता नहीं रखता। वेस्टइंडीज में एंटीगा और बारबुडा, बारबाडोस, ब्रिटिश वर्जिन आईलैंड, डोमिनिका, ग्रेनाडा, गयाना, जमैका, सेंट किट्स और नेविस, सेंट लूसिया, सेंट विंसेंट और ग्रेनाडाइन्स, त्रिनिदाद और टोबैगो, यूएस वर्जिन आईलैंड की एनओसी शामिल है।
मेजबान अमेरिका को एक कोटा मिलेगा
मेजबान अमेरिका को पुरुष और महिला वर्ग में एक कोटा मिलेगा क्योंकि क्वालीफिकेशन अवधि के दौरान उसने रैंकिंग में 15 या उससे बेहतर स्थान पर रहने के आईसीसी के मानदंडों को पूरा किया है। 'फाइनल ओलंपिक ग्लोबल क्वालीफिकेशन टूर्नामेंट' महिला और पुरूष वर्ग में अलग से आयोजित किया जायेगा जिसकी तारीखें बाद में तय होंगी । रैंकिंग के आधार पर क्वालीफाई नहीं कर सकी लेकिन पात्रता रखने वाली अगली आठ शीर्ष रैंकिंग वाली टीमें महिला और पुरुष वर्ग में एक स्थान के लिये मुकाबला करेंगी। अगर वेस्टइंडीज उन आठ टीमों में शामिल होती है जिन्होंने अभी तक क्वालीफाई नहीं किया है, तो आईसीसी एक 'वेस्टइंडीज नेशंस रीजनल टूर्नामेंट' आयोजित करेगा। इससे यह तय होगा कि फाइनल क्वालीफायर में इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कौन सी एनओसी करेगी। फाइनल क्वालीफायर में महाद्वीपीय प्रतिनिधित्च की कोई अधिकतम सीमा नहीं होगी।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



