मैच जीता भारत, मगर मिला 'ट्रिपल फेलियर' का झटका; रोहित-कोहली समेत किसने किया निराश?

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

भारत एजबेस्टन में इंग्लैंड को हराने में तो कामयाब रहा, मगर उन्हें ट्रिपल फेलियर का झटका भी मिला। इस मैच में ना तो रोहित शर्मा चल पाए और ना विराट कोहली। इनके अलावा एक और प्लेयर ने निराश किया।

Virat Kohli with Gautam Gambhir and Rohit Sharma

शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में 6 विकेट से जीत दर्ज की। यह भारत की यूके टूर पर पहली जीत है। इससे पहले आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ हुई दो टी20 सीरीज में भारत को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा था। इस मैच में जसप्रीत बुमराह, गुरनूर बरार, प्रसिद्ध कृष्णा ने गेंदबाजी में तो शुभमन गिल और वॉशिंगटन सुंदर ने बल्लेबाजी में इंप्रेस किया। वहीं स्टार ऑफ द डे अक्षर पटेल रहे, जिन्होंने गेंदबाजी में 4 विकेट चटकाने के साथ-साथ शानदार फिफ्टी जड़ भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। अधिकतर भारतीय खिलाड़ियों ने इस मैच में अपना-अपना योगदान दिया, मगर भारत को पहले वनडे में 'ट्रिपल फेलियर' का सामना करना पड़ा। आईए जानते हैं क्या है ये ट्रिपल फेलियर-

एजबेस्टन में भारत का 'ट्रिपल फेलियर'

टेस्ट और टी20 से रिटायरमेंट ले चुके विराट कोहली और रोहित शर्मा को देखने के लिए अब भारतीय फैंस सिर्फ वनडे क्रिकेट का इंतजार करते हैं। लगभग 6 महीने के बाद यह जोड़ी एक साथ मैदान पर नजर आई। कोहली ने आखिरी वनडे जनवरी 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। अफगानिस्तान के खिलाफ हुई वनडे सीरीज में वह चोट के चलते हिस्सा नहीं ले पाए थे। इस सीरीज में रोहित शर्मा जरूर खेले थे।

2027 वर्ल्ड कप से पहले रो-को के लिए हर मैच अहम है। मगर इंग्लैंड के खिलाफ वह पहले वनडे में फेल हुए। हिटमैन ने 21 गेंदों पर 1 चौके की मदद से मात्र 11 रन बनाए। उन्हें सैम कुर्रन ने आउट कर पवेलियन का रास्ता दिखाया।

वहीं विराट कोहली 6 गेंदों पर एक चौका लगाकर 5 के निजी स्कोर पर जोफ्रा आर्चर का शिकार बने। इंग्लैंड के इस तेज गेंदबाज ने विराट को LBW आउट कर भारत को बड़ा झटका दिया।

इन दोनों के जल्दी आउट होने से भारत काफी मुश्किल में था। 259 का पीछा करते हुए भारत 48 रन पर ही दो विकेट खो चुका था और यह दोनों विकेट काफी बड़े थे।

हालांकि कप्तान शुभमन गिल ने उप-कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ भारतीय पारी को संभाला और टीम को रनचेज में बनाए रखा।

केएल राहुल हैं तीसरे 'ट्रिपल फेलियर'

विराट कोहली और रोहित शर्मा के बाद अगर भारतीय टीम में तीसरा कोई और सीनियर बल्लेबाज हैं तो वो हैं केएल राहुल। राहुल ने पिछले कुछ समय से वनडे क्रिकेट में अपनी धाक जमाई है। वह नंबर-5 पर भारत के लिए शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में उनका बल्ला भी नहीं चला। शुभमन गिल के रिटायर हर्ट और श्रेयस अय्यर के रन आउट होने के बाद जब भारत एक बार फिर दबाव में था तो हर किसी की उम्मीदें केएल राहुल पर टिकी थी। मगर राहुल भी एक रन बनाकर अपना विकेट दे बैठे।

इस ट्रिपल फेलियर ने भारत को पहले वनडे में बड़ा दुख दिया, अब देखना होगा कि यह तीनों अगले मैच में कैसा परफॉर्म करते हैं। भारत को बड़े मुकाबलों में इन तीनों की फॉर्म की सबसे ज्यादा जरूरत है।

Lokesh Khera

लेखक के बारे में

Lokesh Khera

लोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट Cricket Live Score, Cricket Schedule, और Cricket News in Hindi के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी बड़े मुकाबलों के पल-पल के अपडेट्स और देश-दुनिया की हर क्रिकेट खबर सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।