
USA के खिलाफ भारत बनाएगा 300 रन, डेल स्टेन ने की थी भविष्यवाणी, अब सोशल मीडिया पर हो रहे ट्रोल
अमेरिकी टीम को कमजोर समझकर और भारतीय बैटिंग लाइनअप के हालिया प्रदर्शन को देखते हुए पूर्व दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने भविष्यवाणी कर दी कि भारत अमेरिका के खिलाफ 300 रन बनाएगा, लेकिन भविष्यवाणी गलत निकली। अब वे सोशल मीडिया पर ट्रोल किए जा रहे हैं।
शनिवार (7 फरवरी) को भारत और अमेरिका के बीच टी-20 विश्व कप का मुकाबला खेला गया। इस मैच में टीम इंडिया को बहुत मजबूत माना जा रहा था और यूएसए की टीम को ज्यादातर क्रिकेट प्रशंसक कमतर आंक रहे थे। यहां तक कि क्रिकेट के जानकार और पूर्व क्रिकेटर भी अमेरिका की टीम को सीरियस नहीं ले रहे थे। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने तो यूएसए के टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने के फैसले पर यहां तक कह दिया कि भारत को आज 300 रन बनाने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने ट्वीट करके कहा कि- 300 लोडिंग।
हालांकि, मैच शुरू होते ही उनकी यह भविष्यवाणी गलत साबित हुई और अभिषेक शर्मा शून्य के स्कोर पर चलते बने। ईशान किशन और तिलक वर्मा ने कुछ अच्छे शॉट्स खेले लेकिन वे भी ज्यादा देर नहीं टिक सके। हालात यह हुई कि भारतीय टीम के एक के बाद एक लगातार विकेट गिरते रहे। वो तो शुक्र है सूर्यकुमार यादव का जिन्होंने टीम इंडिया को अपनी ऐतिहासिक पारी से संभाल लिया वरना एक वक्त तक तो ऐसा भी लग रहा था कि भारतीय टीम 100 के स्कोर पर ही ऑलआउट हो जाएगी। हालांकि, भारत ने 161 रन बनाए और निर्धारित 20 ओवर में अमेरिका को 162 रनों का लक्ष्य दिया। अमेरिका की टीम इस लक्ष्य को हासिल नहीं कर पाई और 132 रन ही बना सकी। इस तरह भारत ने यह मुकाबला 29 रनों से जीतकर विश्व कप में आगाज कर लिया है।
हालांकि, अमेरिकी टीम को कमजोर जानकर 300 की भविष्यवाणी करने वाले दक्षिणी अफ्रीकी पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन की अब जमकर आलोचना हो रही है। लोग उनसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तरह-तरह के सवाल पूछ रहे हैं। उनकी भविष्यवाणी पर मीम्स भी शेयर कर रहे हैं। एक यूजर ने पूछा कि भारत के इस प्रदर्शन को देखते हुए क्या आपको अभी भी लगता है कि यह टीम टी-20 विश्व कप जीतने के लिए सबसे फेवरेट है। वहीं एक अन्य यूजर ने मीम शेयर करते हुए लिखा कि ये लोग पहले सपने दिखाते हैं फिर तोड़ देते हैं। ऐसे लोग भावनाओं से खेलने वाले होते हैं। एक यूजर ने तो यहां तक कह दिया कि यह स्कोर कभी नहीं बन सकता। आज के दिन सौरभ नेत्रवलकर अनप्लेएबल हैं। और तो और वह मौजूदा दक्षिण अफ्रीकी टीम के गेंदबाजों में रबाडा को छोड़कर सबसे बेहतरीन हैं।
भारत की खराब बल्लेबाजी को देखते हुए डेल स्टेन ने अगले ही घंटे यह कुबूल कर लिया कि मेरी भविष्यवाणी गलत हो गई है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि- ‘हां मुझसे गलती हो गई।’
हालांकि, उनकी आलोचना तब भी नहीं रुकी। लोगों ने उन पर तरह-तरह के मीम बनाए और प्रतिक्रियाओं का दौर अभी भी जारी है। बता दें कि कल खेले गए मुकाबलों में छोटी टीमों का दबदबा देखने को मिला। टूर्मामेंट के पहले मैच में पाकिस्तान नीदरलैंड से हारते-हारते बचा। वहीं, भारत को भी अमेरिका ने कड़ी टक्कर देकर आंखें खोल दीं। वेस्टइंडीज ने जरूर अपना दबदबा बनाए रखा और स्क्वॉटलैंड को हावी नहीं होने दिया।






