टी20 विश्व कप से पहले भारतीय महिला टीम को इंग्लैंड के साथ सीरीज में खोई लय हासिल करने की तलाश
भारतीय महिला क्रिकेट टीम अगले महीने होने वाले महिला टी20 विश्व कप के लिए अपनी अंतिम तैयारी के तौर पर इंग्लैंड के साथ 3 मैचों की सीरीज खेलने जा रही है। सीरीज का पहला मैच गुरुवार को चेम्सफोर्ड में खेला जाएगा। भारतीय टीम इस सीरीज से अपनी खोई लय हासिल करने की कोशिश करेगी।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम अगले महीने होने वाले महिला टी20 विश्व कप के लिए अपनी अंतिम तैयारी के तौर पर इंग्लैंड के साथ 3 मैचों की सीरीज खेलने जा रही है। सीरीज का पहला मैच गुरुवार को चेम्सफोर्ड में खेला जाएगा। भारतीय महिला टीम मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ अपनी निरंतरता दोबारा हासिल करने और सर्वश्रेष्ठ टीम संयोजन तय करने की कोशिश करेगी।
टी20 विश्व कप 12 जून से शुरू हो रहा है और इस वैश्विक टूर्नामेंट को देखते हुए हरमनप्रीत कौर की टीम के लिए यह दौरा और भी ज्यादा अहम हो जाता है। भारतीय टीम ने पिछले एक साल में कई बार शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन लगातार लय बनाए रखने में उसे संघर्ष करना पड़ा है।
टी20 विश्व कप के लिए भारत की तैयारियां मिली-जुली रही हैं। टीम ने पिछले साल दिसंबर में घरेलू मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ 5-0 से शानदार जीत के साथ शुरुआत की थी। इसके बाद टीम ने ऑस्ट्रेलिया में इतिहास रचते हुए 2-1 से टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला जीती, इस तरह उसने एक दशक में वहां पहली द्विपक्षीय सीरीज जीती।
ऑस्ट्रेलिया में मिली यह जीत उस टीम के लिए एक बड़ा कदम मानी गई जिसे अक्सर विदेशों में खासकर दबाव वाले हालात में संघर्ष करना पड़ता था। बल्लेबाजों का आक्रामक रवैया और गेंदबाजों की अनुशासित गेंदबाजी विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से अच्छे संकेत थे।
हालांकि इसके बाद दक्षिण अफ्रीका दौरे पर टीम की लय बिगड़ गई और भारत को 1-4 से निराशाजनक हार का सामना करना पड़ा। वहां के हालात ने इस बड़े टूर्नामेंट से पहले टीम की कई कमियों को उजागर कर दिया।
बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी दिखी, मध्यक्रम मैच खत्म करने में संघर्ष करता रहा और गेंदबाजी आक्रमण भी अहम मौकों पर नियमित रूप से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया। पूरी सीरीज के दौरान भारतीय टीम लय में नहीं दिखी।
इसलिए इंग्लैंड के खिलाफ यह सीरीज भारत को 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ अपने पहले टी20 विश्व कप मैच से पहले इन कमियों पर काम करने का मौका मुहैया कराएगी।
तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी रेणुका सिंह ठाकुर, क्रांति गौड़ और अरुंधति रेड्डी के संभालने की उम्मीद है। इसके अलावा टीम प्रबंधन युवा खिलाड़ी नंदिनी शर्मा को भी कुछ मैच खेलने का मौका दे सकता है क्योंकि इस युवा गेंदबाज ने महिला प्रीमियर लीग में अपनी तेज गेंदबाजी के कौशल से सभी को प्रभावित किया था।
भारत की तेज गेंदबाजों को दक्षिण अफ्रीका में संघर्ष करना पड़ा था और इंग्लैंड के हालात में सीम गेंदबाजी को मदद मिलने की उम्मीद है। ऐसे में मेहमान टीम की तेज गेंदबाजों को शुरुआत से ही ज्यादा अनुशासित और सतर्क रहना होगा।
हालांकि राधा यादव और यास्तिका भाटिया की अब वापसी हुई है जो दक्षिण अफ्रीका सीरीज में नहीं खेल पाई थीं जो टीम के लिए सकारात्मक पहलू है। भारत की पहली पसंद की विकेटकीपर भाटिया एसीएल चोट के कारण टीम से बाहर थीं।
राधा की वापसी से स्पिन विभाग को अहम अनुभव मिलेगा जिसमें दीप्ति शर्मा, श्री चरणी और श्रेयंका पाटिल भी शामिल हैं।
भारत को पिछले साल इंग्लैंड दौरे से भी आत्मविश्वास मिलेगा जब उन्होंने मेजबान टीम पर 3-2 से जीत हासिल करके इंग्लैंड की धरती पर अपनी पहली द्विपक्षीय टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला जीती थी।
वहीं इंग्लैंड की टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद यह श्रृंखला खेल रही है। लेकिन उसे अपनी नियमित कप्तान नैट साइवर-ब्रंट की कमी खलेगी जो अपनी पिंडली की चोट से उबर रही हैं।
लेकिन मेजबान टीम को स्टार बल्लेबाज डैनी वाट हॉज की वापसी से मजबूती मिली है जो हाल में मातृत्व अवकाश से लौटीं हैं।
टीमें इस प्रकार हैं-
भारत:
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फूलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), श्री चरणी, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), नंदिनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव।
इंग्लैंड:
एम ओर्लोट, टैमी ब्यूमोंट, लॉरेन बेल, एलिस कैप्सी, चार्ली डीन, सोफिया डंकले, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन फिलर, एमी जोन्स, नैट साइवर-ब्रंट, पेज स्कोफील्ड, लिन्से स्मिथ, डैनी वाट हॉज, इसी वोंग।
समय: मैच भारतीय समयानुसार रात 11 बजे शुरू होगा।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ें


