ऑस्ट्रेलिया को T20I में धोने के बाद अब ODI की बारी, स्मृति मंधाना बोलीं- शीर्ष पर रहना है
टी20 श्रृंखला जीत चुकी मौजूदा विश्व चैम्पियन भारतीय टीम तीन मैचों की वनडे श्रृंखला के पहले मैच में मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया से खेलेगी तो उसे मनोवैज्ञानिक बढ़त हासिल होगी। भारत ने पिछले साल नवी मुंबई में विश्व कप सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया था।

टी20 श्रृंखला जीत चुकी मौजूदा विश्व चैम्पियन भारतीय टीम तीन मैचों की वनडे श्रृंखला के पहले मैच में मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया से खेलेगी तो उसे मनोवैज्ञानिक बढ़त हासिल होगी। भारत ने पिछले साल नवी मुंबई में विश्व कप सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया था।
यह श्रृंखला इसलिये भी महत्वपूर्ण है क्योंकि ऑस्ट्रेलिया की महानतम खिलाड़ियों में से एक एलिसा हीली इसके बाद वनडे प्रारूप से विदा लेने जा रही हैं। भारत के खिलाफ छह मार्च से पर्थ में शुरू हो रहा टेस्ट उनके करियर का आखिरी मैच होगा।
तीन मैचों की टी20 श्रृंखला से बाहर रहने के बाद हीली की वापसी हुई है। भारत ने श्रृंखला 2-1 से जीती जो पिछले एक दशक में इस प्रारूप में ऑस्ट्रेलिया में श्रृंखला में उसकी पहली जीत थी।
स्टार लेग स्पिनर अलाना किंग भी वनडे और टेस्ट टीम में लौटी हैं।
भारत के लिये काशवी गौतम, हरलीन देओल और प्रतीका रावल टीम में अरूंधति रेड्डी, भारती फुलमाली और श्रेयांका पाटिल की जगह आई हैं। टखने की चोट से उबरी प्रतीका को बाद में वनडे टीम में शामिल किया गया।
स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने तीसरे टी20 में 82 रन बनाये और वह इस फॉर्म को जारी रखना चाहेंगी।
मंधाना ने कहा, ‘ऑस्ट्रेलिया को ऑस्ट्रेलिया में हराना खास है। हम विश्व क्रिकेट में दबदबा बनाना चाहते हैं लिहाजा किसे हराते हैं और कहां हराते हैं, यह मायने नहीं रखता। हमें बस लगातार जीतना है और शीर्ष पर रहना है।’
वनडे विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया पर पांच विकेट से मिली जीत में 127 रन बनाने वाली जेमिमा रौड्रिग्स भी अच्छी लय में हैं जिन्होंने तीसरे टी20 में 59 रन बनाये थे। कप्तान हरमनप्रीत कौर को पहले टी20 में बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला लेकिन दूसरे में उन्होंने 36 और तीसरे में नाबाद दो रन बनाये थे।
गेंदबाजी में रेणुका ठाकुर और श्री चरणी ने अच्छा प्रदर्शन किया है। दीप्ति शर्मा से फॉर्म में लौटने की उम्मीद होगी।
ऑस्ट्रेलियाई टीम में मैच जिताने वाले खिलाड़ियों की कमी नहीं है। एलिसे पैरी, एशले गार्डनर, बेथ मूनी, ताहलिया मैकग्रा, हीली और किंग से प्रेरणा लेकर वे वापसी की कोशिश करेंगे।
दूसरा मैच 27 फरवरी को और तीसरा एक मार्च को होबार्ट में खेला जायेगा।
ट्रॉफी का निर्धारण अंकों के आधार पर होगा। हर टी20 और वनडे मैच जीतने पर दो और टेस्ट जीतने पर चार अंक दिये जायेंगे।
टीमें:
भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, रेणुका ठाकुर, श्रीचरणी, वैष्णवी शर्मा, क्रांति गौड़, स्नेह राणा, दीप्ति शर्मा, रिचा घोष, उमा छेत्री, अमनजोत कौर, जेमिमा रौड्रिग्स, काशवी गौतम , हरलीन देयोल, प्रतिका रावल ।
ऑस्ट्रेलिया: एलिसा हीली (कप्तान ), सोफी मोलिनू, डार्सी ब्राउन, निकोला कारी, एशले गार्डनर, किम गार्थ, अलाना किंग, फीबी लिचफील्ड, बेथ मूनी, ताहलिया मैकग्रा, एलिसे पैरी, अनाबेल सदरलैंड, जॉर्जिया वोल, जॉर्जिया वेयरहैम ।
मैच का समय: सुबह 9:20 से।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय, असिस्टेंट एडिटर
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ें


