
रोहित का गदर, युवराज का तूफान...आखिरी बार जब UAE से भिड़ा भारत तो क्या हुआ था?
एशिया कप में मेजबान यूएई के खिलाफ मैच से भारत अपने अभियान की शुरुआत करने जा रहा है। दोनों टीमें इससे पहले भी एक बार एशिया कप के टी20 मुकाबले में भिड़ चुकी हैं। दोनों टीमों के बीच 2016 में भिड़ंत हुई थी जिसमें रोहित शर्मा और युवराज सिंह ने बल्ले से तूफान मचा दिया था।
एशिया कप में भारत आज यानी 10 सितंबर 2025 से अपने अभियान का आगाज करने जा रहा है। दुबई में रात 8 बजे उसकी मेजबान यूएई से भिड़ंत होगी। कप्तान सूर्यकुमार यादव पहले ही कह चुके हैं कि टीम इंडिया मेजबान को हल्के में नहीं लेगी। एशिया कप के इतिहास में इससे पहले भी दोनों टीमें टी20 में एक बार एक दूसरे से भिड़ चुकी हैं। 3 मार्च 2016 को ढाका में वो भिड़ंत हुई थी। उस मैच में क्या हुआ था और दोनों टीमों के अपने-अपने पिछले 5 टी20 मैच में क्या नतीजे निकले थे, आइए बताते हैं।

सबसे पहले एशिया कप के इतिहास में दोनों टीमों के बीच टी20 में इससे पहले की इकलौती भिड़ंत की बात करते हैं। उस मैच में भारत ने सिर्फ 61 गेंदों में लक्ष्य हासिल कर लिया था। रोहित शर्मा ने बल्ले से गदर काट दिया था। रही-सही कसर युवराज सिंह की विस्फोटक बल्लेबाजी ने पूरी कर दी।
यूएई ने बनाए थे 81 रन
यूएई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 81 रन बनाए थे। शैमान अनवर (43) और रोहन मुस्तफा के अलावा टीम का कोई भी खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाया। भारत की तरफ से भुवनेश्वर कुमार ने 2, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या, हरभजन सिंह, पवन नेगी और युवराज सिंह ने 1-1 विकेट लिए।
रोहित शर्मा ने काटा था गदर
82 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने आक्रामक शुरुआत की। रोहित शर्मा अलग ही मूड में दिख रहे थे। इसका अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि जब 43 रन के स्कोर पर उनका विकेट गिरा और भारत को पहला झटका लगा तब उसमें हिटमैन का योगदान 39 रन का था। साथी ओपनर शिखर धवन ने तब तक सिर्फ 2 रन ही बनाए थे और 2 अतिरिक्त रन थे।
युवराज सिंह ने खेली थी तूफानी पारी
रोहित शर्मा ने 39 रन की अपनी पारी में 28 गेंदों का सामना किया। 7 चौके और एक छक्का लगाया। उनका विकेट गिरने के बाद युवराज सिंह बल्लेबाजी के लिए उतरे। उन्होंने और शिखर धवन ने मिलकर 11वें ओवर में ही भारत को जीत दिला दी। धवन ने 20 गेंद में नाबाद 16 और युवराज सिंह ने 14 गेंदों में नाबाद 25 रन बनाए। रोहित शर्मा प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।
पिछले 5 मैचों में दोनों टीमों का प्रदर्शन
दोनों टीमों के पिछले 5-5 टी20 मैचों की बात करें तो इनमें आपस में भिड़ंत नहीं हुई है। यूएई को अपने पिछले सभी पांचों मैचों में हार का सामना करना पड़ा। दूसरी तरफ भारत के पिछले 5 मैच का ट्रैकरिकॉर्ड देखें तो 4 में उसे जीत मिली है और एक में हार।






