भारत-पाकिस्तान के बीच होगा गोल्ड मेडल मैच, श्रीलंका के खिलाफ सेमीफाइनल में चमके ये 5 खिलाड़ी
IND vs PAK Gold Medal Match: एशियन गेम्स 2026 मेंस क्रिकेट का गोल्ड मेडल मैच भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। श्रेयस अय्यर की टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रनों से हराकर सिल्वर मेडल पक्का कर लिया है।

श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने एशियन गेम्स 2026 सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रनों से धूल चटाकर लगातार दूसरी बार फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब भारत और पाकिस्तान के बीच 3 अक्टूबर को गोल्ड मेडल मैच खेला जाएगा। पाकिस्तान ने पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 6 विकेट से हराकर अपना सिल्वर मेडल कन्फर्म कर लिया है। वहीं पहले सेमीफाइनल और दूसरे सेमीफाइनल में हारने वाली बांग्लादेश और श्रीलंका की टीमों के बीच ब्रॉन्ज मेडल मैच होगा। बता दें, भारत ने सेमीफाइनल में पहले बैटिंग करते हुए 169 रन बोर्ड पर लगाए थे, जिसके सामने श्रीलंका की पूरी टीम महज 9.5 ओवर में 45 के स्कोर पर सिमट गई। भारत की इस जीत में ईशान किशन वैभव सूर्यवंशी समेत 5 खिलाड़ी चमके।
ईशान किशन ने लूटी महफिल
ईशान किशन ने श्रीलंका के खिलाफ नॉकआउट मुकाबले में 46 गेंदों पर 80 रनों की धुआंधार पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 4 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के लगाए। जहां हर बल्लेबाज को जापान की घुमती पिचों पर खेलने में दिक्कत हो रही थी, वहां ये खब्बू बल्लेबाज समझदारी से खराब गेंदों की धुनाई कर रहा था। ईशान किशन को इस मैच में नंबर-5 पर बैटिंग करने का मौका मिला और उन्होंने इस दौरान इतिहास भी रचा। वह भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में नंबर-5 या उससे नीचे बैटिंग करते हुए सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उनकी इस पारी के दम पर भारत ने श्रीलंका के सामने 170 रनों का टारगेट रखा था।
वैभव सूर्यवंशी ने दी धमाकेदार शुरुआत
किसी को उम्मीद नहीं थी कि वैभव सूर्यवंशी आज का मैच खेलेंगे। मगर हेड कोच वीवीएस लक्षमण और कप्तान श्रेयस अय्यर ने संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी दोनों को एक साथ प्लेइंग XI में फिट कर डाला। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन तो 7-7 रन बनाकर आउट हो गए, मगर वैभव सूर्यवंशी एक छोर को संभाले रहे। वैभव ने 21 गेंदों पर 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 38 रनों की धुआंधार पारी खेली, जिसके दम पर भारत पावरप्ले में एक बड़ा स्कोर बनाने में कामयाब रहा। उनकी इस परफॉर्मेंस ने भी ईशान किशन को कॉन्फिंडस दिया।
जसप्रीत बुमराह ने पहले ओवर में ही मचाई तबाही
भारतीय स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने श्रीलंका के खिलाफ सेमीफाइनल में पहले ही ओवर में दो विकेट लेकर तबाही मचा दी। उन्होंने सलामी बल्लेबाज सिनेथ जयवर्धने और सोहन डे लिवेरा को खाता भी खोलने का मौका नहीं दिया। बुमराह ने इस मैच में 2 ओवर गेंदबाजी कर 2 विकेट चटकाए। उन्होंने इस दौरान 7 ही रन दिए।
अक्षर पटेल ने भी बरपाया कहर
जसप्रीत बुमराह का साथ गेंदबाजी में अक्षर पटेल ने दिया। बुमराह के पहले ओवर में दो विकेट लेने के बाद पारी की 7वीं और अक्षर पटेल की पहली गेंद पर भारत को तीसरा विकेट मिला। अक्षर पटेल ने चौथे ओवर में 2 और विकेट लेकर श्रीलंकाई टीम को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। भारत ने पावरप्ले खत्म होतो-होते श्रीलंका के 6 प्लेयर्स को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया था। बुमराह और अक्षर के 2-2 विकेट के अलावा 3 प्लेयर्स रन आउट हुए, वहीं अभिषेक शर्मा को 2 बचे विकेट मिले।
फील्डरों से मिला भरपूर साथ
भारत ने श्रीलंका के खिलाफ सेमीफाइनल में 3 रन आउट किए। रवि बिश्नोई, अक्षर पटेल और तिलक वर्मा का इसमें अहम रोल रहा। रन बनाने के प्रेशर में श्रीलंकाई गेंदबाज अच्छे से स्ट्राइक भी रोटेट नहीं कर पाए जिसका खामियाजा उन्हें रनआउट होकर भुगतना पड़ा।



