Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़India vs Pakistan U19 Asia Cup 2025 final to be held on 21 December Ind eyes on 12th title
कल फिर एशिया कप फाइनल में भिड़ेंगे टीम इंडिया और पाकिस्तान, 12वें खिताब पर भारत की नजरें

कल फिर एशिया कप फाइनल में भिड़ेंगे टीम इंडिया और पाकिस्तान, 12वें खिताब पर भारत की नजरें

संक्षेप:

भारत की अंडर 19 टीम रविवार को आईसीसी अकादमी में होने वाले अंडर 19 एशिया कप फाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए रिकॉर्ड 12वां खिताब अपनी झोली में डालना चाहेगी।

Dec 20, 2025 05:32 pm ISTVikash Gaur Bhasha, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

भारत और पाकिस्तान एक बार फिर से एशिया कप के फाइनल में भिड़ेंगे। कुछ ही समय पहले सीनियर टीमों के बीच एशिया कप 2025 का फाइनल खेला गया था और अब भारतीय टीम रविवार 21 दिसंबर को आईसीसी एकेडमी में होने वाले अंडर 19 एशिया कप 2025 फाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगी। इस मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए रिकॉर्ड 12वां खिताब अपनी झोली में डालना चाहेगी। आयुष म्हात्रे की अगुवाई वाली भारतीय टीम ग्रुप ए के सभी मैच जीतकर पाकिस्तान से आगे शीर्ष पर रही। पाकिस्तान को ग्रुप चरण में एकमात्र हार भारत के खिलाफ मिली थी, जिसमें उसे पिछले रविवार को 90 रन से हार मिली।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

भारत ने शुक्रवार को सेमीफाइनल में भी यही लय बरकरार रखी और श्रीलंका को आठ विकेट से हराया। दूसरी ओर पाकिस्तान ने गत चैंपियन बांग्लादेश को हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल तक भारत का सफर हरफनमौला प्रदर्शन पर आधारित रहा है जिसमें बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने मिलकर एक मजबूत इकाई बनाई। बल्लेबाजी में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा है और टीम ने दो बार 400 से ज्यादा का स्कोर बनाया है। इस 50 ओवर के टूर्नामेंट में युवा प्रतिभाओं का उदय हुआ है जिसमें 17 साल के विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू शामिल हैं।

युवा प्रतिभा वैभव सूर्यवंशी ने संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ पहले मैच में 95 गेंद में 171 रन बनाकर भारत को छह विकेट पर 433 रन के स्कोर तक पहुंचाया तो कुंडू ने मलेशिया के खिलाफ रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया। इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 125 गेंद में नाबाद 209 रन बनाए और युवा वनडे में दोहरा शतक बनाने वाले पहले भारतीय बन गए। यह जोड़ी पाकिस्तान के अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ एक और अच्छा प्रदर्शन करना चाहेगी। जब भी भारत का शीर्ष क्रम लड़खड़ाया है, मध्यक्रम में ऐसे मौके पर अच्छा प्रदर्शन किया है।

हैदराबाद के आरोन जॉर्ज ने लगातार तीन अर्धशतक लगाकर टीम को संभाला है, उन्होंने महत्वपूर्ण मध्य ओवरों में बल्लेबाजी करते हुए 100 से ज्यादा का स्ट्राइक रेट बनाए रखा है। उन्हें बाएं हाथ के बल्लेबाज विहान मल्होत्रा ​​का भी अच्छा साथ मिला है जो श्रीलंका के खिलाफ 61 रन बनाकर नाबाद रहे थे। टीम में गहराई लाने वाले ऑलराउंडर कनिष्क चौहान हैं जिन्होंने 127 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट के साथ फिनिशर की भूमिका को फिर से परिभाषित किया है और साथ ही गेंद से सही समय पर विकेट भी लिए हैं।

चौहान ने चार मैचों में छह विकेट लिए हैं जिसमें ग्रुप चरण में पाकिस्तान के खिलाफ 33 रन देकर तीन विकेट लेने का शानदार प्रदर्शन शामिल है। गेंदबाजी में भारत की अगुवाई तेज गेंदबाज दीपेश देवेंद्रन ने की जो पाकिस्तान के अब्दुल सुभान के साथ टूर्नामेंट में 11 विकेट लेकर संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। दीपेश ने नयी गेंद से 130 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से सटीक लाइन पर गेंदबाजी करके शानदार प्रदर्शन किया है।

मलेशिया के खिलाफ उनका 22 रन देकर पांच विकेट झटकने का शानदार स्पैल उनकी काबिलियत को दिखाता है जबकि पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने शीर्ष क्रम को ध्वस्त कर दिया और लगातार ओवरों में तीन बल्लेबाजों को आउट किया जिसमें टूर्नामेंट के शीर्ष स्कोरर समीर मिन्हास भी शामिल थे। मिन्हास ने मलेशिया के खिलाफ नाबाद 177 रन बनाए थे। उन्होंने फाइनल से पहले बांग्लादेश के खिलाफ अर्धशतक बनाया और वह अपनी पिछली गलतियों को सुधारने के लिए उत्सुक होंगे।

पाकिस्तान की सबसे बड़ी ताकत उनकी तेज गेंदबाजी है जिसमें सुभान सबसे आगे हैं और उन्हें बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद सैयाम और अली रजा से अच्छा समर्थन मिल रहा है। स्पिन विभाग में बाएं हाथ के गेंदबाज निकब शफीक ने भारत के खिलाफ दो विकेट लेकर प्रभावित किया जबकि लेग-स्पिनर अहमद हुसैन विविधता लाते हैं। हालांकि, बल्लेबाजी फरहान यूसुफ की अगुवाई वाली टीम के लिए चिंता का विषय बनी हुई है जो लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के लिए संघर्ष कर रही है। अब टीम बड़े मंच पर भारत के खिलाफ हार के सिलसिले को रोकने के लिए बेताब होगी।

सितंबर में भारत की सीनियर टीम ने एशिया कप (टी20) खिताब जीतने के दौरान पाकिस्तान को तीन बार हराया था। जूनियर टीम भी इसी चलन को जारी रखने की उम्मीद करेगी। पिछले मुकाबलों की तरह दोनों टीमों के खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाने की नीति का पालन करने की उम्मीद है। पाकिस्तान 2012 में एक बार एशिया कप का चैंपियन रह चुका है और तब से वह दो बार (2013-14 और 2017) उपविजेता रहा है। मैच सुबह 10.30 बजे शुरू होगा।

टीमें इस प्रकार हैं:

भारत:

आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, विहान मल्होत्रा ​​(उपकप्तान), वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), हरवंश सिंह (विकेटकीपर), युवराज गोहिल, कनिष्क चौहान, खिलान ए पटेल, नमन पुष्पक, डी. दीपेश, हेनिल पटेल, किशन कुमार सिंह, उधव मोहन, आरोन जॉर्ज।

पाकिस्तान:

फरहान यूसुफ (कप्तान), उस्मान खान (उपकप्तान), अब्दुल सुभान, अहमद हुसैन, अली हसन बलूच, अली रजा, दानियाल अली खान, हमजा जहूर (विकेटकीपर), हुजैफा अहसन, मोमिन कमर, मोहम्मद सय्याम, मोहम्मद शायान (विकेटकीपर), नकाब शफीक, समीर मिन्हास और मोहम्मद हुजैफा।

Vikash Gaur

लेखक के बारे में

Vikash Gaur

विकाश गौड़: डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर कम असिस्टेंट मैनेजर, स्पोर्ट्स


संक्षिप्त विवरण:

विकाश गौड़ पिछले 8 वर्षों से हिंदी डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) के स्पोर्ट्स सेक्शन में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर (असिस्टेंट मैनेजर) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


विस्तृत बायो:

परिचय और अनुभव: विकाश गौड़ भारतीय डिजिटल स्पोर्ट्स मीडिया का एक उभरता हुआ चेहरा हैं। लगभग 8 वर्षों के अनुभव के साथ, विकाश ने डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को जमीन से समझा है। 2016 में अपने करियर की शुरुआत करने वाले विकाश ने डिजिटल-फर्स्ट अप्रोच के साथ खेल पत्रकारिता में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। जनवरी 2021 से वह 'लाइव हिन्दुस्तान' की स्पोर्ट्स टीम के मुख्य स्तंभ बने हुए हैं, जहां वह कंटेंट प्लानिंग और स्पोर्ट्स कवरेज का नेतृत्व करते हैं।


करियर का सफर:
मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़ से पत्रकारिता का ककहरा सीखने के बाद विकाश का सफर 'खबर नॉन स्टॉप' से शुरू हुआ था, जो अब देश के प्रतिष्ठित मीडिया घरानों तक फैला हुआ है। उन्होंने पत्रिका समूह की वेबसाइट 'कैच न्यूज' में खेल की खबरों की तकनीकी समझ विकसित की। इसके बाद 'डेली हंट' में वीडियो प्रोड्यूसर के तौर पर काम करते हुए उन्होंने विजुअल स्टोरीटेलिंग के गुर सीखे। 'दैनिक जागरण' की वेबसाइट में करीब ढाई साल तक खेल डेस्क पर अपनी धार तेज करने के बाद, उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान का रुख किया, जहां वे बीते 4 साल से चौके-छक्के लगा रहे हैं। इंटर्न के तौर पर प्रिंट की समझ हासिल कर चुके विकाश गौड़ के पास अब डिजिटल की अच्छी समझ है और वे ट्रेंड को बखूबी फॉलो करते हैं।


खेल जगत की कवरेज और विशेषज्ञता:
अपने अब तक के करियर में विकाश ने दुनिया के कई बड़े खेल आयोजनों को डेस्क और फील्ड पर रहकर कवर किया है। उनकी विशेषज्ञता केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं है, बल्कि वह मल्टी-स्पोर्ट्स इवेंट्स की भी गहरी समझ रखते हैं। उन्होंने निम्नलिखित प्रमुख आयोजनों का व्यापक विश्लेषण और रिपोर्टिंग की है:


क्रिकेट:आईसीसी क्रिकेट विश्व कप, आईपीएल और द्विपक्षीय सीरीज।


ग्लोबल इवेंट्स: ओलंपिक गेम्स, राष्ट्रमंडल खेल और एशियाई खेल


पत्रकारिता का दृष्टिकोण:
विकाश का मानना है कि खेल पत्रकारिता केवल स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह खिलाड़ियों के संघर्ष, खेल की रणनीति और डेटा के पीछे छिपी कहानी को पाठकों तक पहुंचाने का माध्यम है। लाइव हिन्दुस्तान में अपनी भूमिका में वह सुनिश्चित करते हैं कि खेल की खबरें सटीक, तेज और निष्पक्ष हों, जिससे पाठकों को एक संपूर्ण अनुभव मिल सके।


विशेषज्ञता:

क्रिकेट विश्लेषण एवं लाइव कवरेज
ओलंपिक एवं ग्लोबल स्पोर्ट्स इवेंट्स
इंटरव्यू एवं मीडिया इंटरैक्शन
स्पोर्ट्स डेटा एंड स्टेटिस्टिक्स
डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी एंड टीम मैनेजमेंट


ट्विटर प्रोफाइल
लिंक्डइन और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, लाइव स्कोर, क्रिकेट शेड्यूल, T20 वर्ल्ड कप 2026, T20 वर्ल्ड कप 2026 शेड्यूल और T20 वर्ल्ड कप 2026 प्वाइंट टेबल की पूरी जानकारी और खिलाड़ियों के आंकड़े हिंदी में पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।