वर्ल्ड कप 2027 में एक या दो नहीं, बल्कि 3 बार हो सकती है भारत और पाकिस्तान की टक्कर, ये है सिनेरियो
Cricket World Cup 2027 में एक या दो नहीं, बल्कि 3 बार भारत और पाकिस्तान की टक्कर हो सकती है। दो बार तो पूरी तरह कन्फर्म लग रहा है, जबकि एक बार नॉकआउट में दोनों भिड़ सकते हैं।

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी आईसीसी ने गुरुवार 1 अक्टूबर 2026 को आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 के शेड्यूल का ऐलान कर दिया। इस दौरान ये जानकारी सामने आ गई है कि भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला कब होगा और कहां खेला जाएगा। एक मुकाबला तो पूरी तरह कन्फर्म है कि 10 अक्टूबर 2027 को जोहानिसबर्ग में खेला जाएगा। इसके अलावा एक और मुकाबला अगले महीने सुपर 7 स्टेज में शेड्यूल है, लेकिन आपको ये जानकर खुशी होगी कि भारत और पाकिस्तान 3 बार इस टूर्नामेंट में भिड़ सकते हैं।
दरअसल, आईसीसी ने ऐसा शेड्यूल तैयार किया है, जिसमें एक भारत और पाकिस्तान की टक्कर लीग फेज में कन्फर्म है। दोनों को एक ही ग्रुप में रखा है तो जाहिर है कि दोनों टीमें कम से कम एक बार तो आमने-सामने होंगी है। अगर दोनों टीमें सुपर 7 में जाती हैं तो एक और मैच दोनों के बीच खेला जाएगा, जो रविवार 7 नवंबर 2027 को केपटाउन में आयोजित होगा। ये शेड्यूल खुद आईसीसी ने जारी किया है। दोनों टीमों आसानी से सुपर 7 स्टेज तक पहुंच जाएंगी और कम से कम दो बार तब तक भिड़ेंगी।
कैसे तीसरी बार भिड़ेंगे भारत और पाकिस्तान?
वहीं, अगर क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 में दोनों टीमों के बीच होने वाले तीसरे मैच की बात करें तो यह सेमीफाइनल या फाइनल में ही संभव है। अगर भारत और पाकिस्तान ने सेमीफाइनल्स के लिए क्वालीफाई किया और एक टीम सुपर 7 की पॉइंट्स टेबल में टॉप रैंकिंग पर रही और दूसरी टीम चौथी रैंक पर रही या फिर दोनों दूसरे और तीसरे पायदान पर सुपर 7 स्टेज को खत्म करती हैं तो फिर से सेमीफाइनल में आमने-सामने भारत और पाकिस्तान हो सकते हैं। अगर भारतीय टीम नंबर एक पर रही और पाकिस्तान की टीम दूसरे या तीसरे नंबर पर रही तो फिर दोनों अलग-अलग टीमों से सेमीफाइनल में भिड़ेंगी।
इस केस में आगे तभी भारत और पाकिस्तान का मुकाबला संभव होगा, जब दोनों टीमें अपने-अपने सेमीफाइनल्स जीत जाएं। इसके बाद वर्ल्ड कप 2027 के फाइनल में भारत और पाकिस्तान की टक्कर होगी, जो रविवार 21 नवंबर 2027 को खेला जाएगा। पहला सेमीफाइनल 17 नवंबर को और दूसरा सेमीफाइनल 18 नवंबर को आयोजित होना है। भारत और पाकिस्तान के फैंस चाहेंगे कि दोनों टीमों के बीच सेमीफाइनल या फाइनल में भी भिड़ंत हो और एक हाई वोल्टेज मैच देखने को मिले।
WC में पाकिस्तान से कभी नहीं हारी टीम इंडिया
आपकी जानकारी के लिए बता दें, आईसीसी वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत और पाकिस्तान की टक्कर अब तक जितनी बार भी हुई है, पाकिस्तान को एक बार भी जीत नसीब नहीं हुई है। यहां तक कि टी20 वर्ल्ड कप को भी जोड़ लि या जाए तो पाकिस्तान सिर्फ एक बार ही जीत दर्ज कर पाया है।


