8 साल बाद अफगानिस्तान से टेस्ट में भिड़ रहा भारत, तब 2 दिन में खत्म हो गया था मैच, अबकी किसमें कितना दम?
भारत और अफगानिस्तान के बीच मुल्लांपुर में शनिवार से टेस्ट मैच की शुरुआत होने जा रही है। इससे पहले 8 साल पहले इस फॉर्मेट में दोनों टीमें भरी थीं। तब भारत ने सिर्फ 2 दिन में ही टेस्ट जीत लिया था। तब भारतीय टीम घर में अजेय सी थी लेकिन अब वैसी बात नहीं रही।

भारत का पिछले कुछ समय में घरेलू टेस्ट मैचों में निराशाजनक प्रदर्शन रहा है, लेकिन उसकी टीम अब भी काफी मजबूत है। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के महत्वपूर्ण मैचों से पहले अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौते टेस्ट में टीम सही कॉम्बिनेशन तैयार करने की कोशिश करेगी। शनिवार से न्यू चंडीगढ़ में यह टेस्ट होने वाला है। आखिरी बार दोनों टीमों का टेस्ट में आमना-सामना 8 साल पहले हुआ था। तब भारत ने 2 दिन में ही मैच जीत लिया था। तब रवि शास्त्री टीम इंडिया के कोच थे और अब गौतम गंभीर। देखना दिलचस्प होगा कि क्या गंभीर के निर्देशन में टीम वैसा ही कमाल कर पाएगी।
अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाला यह मैच डब्ल्यूटीसी का हिस्सा नहीं है लेकिन टीम की दिशा तय करने के लिहाज से यह काफी महत्वपूर्ण है।
तब 2 दिन में ही खत्म हो गया था टेस्ट
इन दोनों टीम के बीच इससे पहले 2018 में टेस्ट मैच खेला गया था जिसमें अफगानिस्तान ने लंच और चाय के सत्र के बीच 10 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद तीसरे सत्र में उसकी दूसरी पारी भी सिमट गई थी और उसे करारी हार का सामना करना पड़ा था।
अब टूट टुका है घर में अजेय रहने का तिलिस्म
अब 2026 में हशमतुल्लाह शाहिदी की अगुआई वाली अफगानिस्तान की टीम भारतीय टीम को कड़ी चुनौती देने की कोशिश करेगी जो बदलाव के दौर से गुजर रही है और अभी तक सही कॉम्बिनेशन तैयार करने के लिए संघर्ष कर रही है। इसके बावजूद भारत का पलड़ा काफी भारी नजर आ रहा है।
लेकिन भारतीय खिलाड़ी पिछले साल बेहतरीन तैयारी के साथ मैदान में उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम से 0-2 से मिली करारी हार को नहीं भूले होंगे। लिहाजा अनुभव के अंतर के बावजूद विपक्षी टीम को हल्के में लेने की गलती नहीं कर सकते।
सही कॉम्बिनेशन और जडेजा के संभावित उत्तराधिकारी की तलाश
तीसरे नंबर का बल्लेबाज और लाल गेंद की क्रिकेट में रवींद्र जडेजा के संभावित उत्तराधिकारी दो ऐसे पहलू हैं जिन्हें मुख्य कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल अगस्त में श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला से पहले इस मैच के दौरान सुलझाना चाहेंगे।
साई सुदर्शन और स्टाइलिश देवदत्त पडिक्कल दोनों ही तीसरे नंबर के बल्लेबाज की दौड़ में शामिल है। गंभीर ने हालांकि शुक्रवार को स्पष्ट कर दिया कि टीम प्रबंधन सुदर्शन को इस बल्लेबाजी क्रम में बनाए रखेगा। उनका मानना है कि सुदर्शन को पर्याप्त मौके मिलने चाहिए।
इस मैच में रवींद्र जडेजा को आराम दिया गया है, लेकिन यह एक सच्चाई है कि भारतीय चयनकर्ता और टीम प्रबंधन राजकोट के इस ऑलराउंडर के बिना भी टीम को तैयार करने के लिए अन्य विकल्पों पर विचार कर रहे हैं।
इसका एक प्रमुख कारण जडेजा का गेंदबाजी में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाना रहा है। जडेजा की सबसे बड़ी खूबी विदेशी परिस्थितियों में टेस्ट मैच में उनकी बल्लेबाजी है, जो अभी भी बेहतरीन है और इसलिए उनके पास अभी कुछ समय है।
मानव सुथार और हर्ष दुबे में किसे मिलेगा मौका?
लेकिन भारतीय टीम प्रबंधन ने उनके विकल्प की तलाश शुरू कर दी है और इसलिए उसने मानव सुथार और हर्ष दुबे को टीम में रखा है। अगर पिछले कुछ दिन के नेट अभ्यास पर गौर करें तो सुथार बेहतर खिलाड़ी नजर आते हैं लेकिन दुबे का पलड़ा भी कम भारी नहीं है।
मानव आक्रामक गेंदबाज नजर आते हैं जबकि दुबे का रवैया थोड़ा रक्षात्मक है लेकिन उनकी बल्लेबाजी अधिक मजबूत है।
जहां तक भारत और अफगानिस्तान के बीच मुकाबले की बात है तो आंकड़ों पर नजर डालने से भी अंतर स्पष्ट हो जाता है।
अनुभव में बहुत पीछे है अफगानिस्तान
अफगानिस्तान ने 2018 में बेंगलुरु में भारत के खिलाफ अपना पहला टेस्ट मैच खेला था, जिसे मेजबान टीम ने दो दिनों के भीतर ही जीत लिया था। इसके बाद से जून 2026 तक अफगानिस्तान ने 11 और मैच खेले हैं।
इसी अवधि में भारत ने 67 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें से ऋषभ पंत अकेले 49 मैचों का हिस्सा रहे हैं। संयोगवश, जब अफगानिस्तान आखिरी बार भारत के खिलाफ खेला था, तब पंत ने टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण भी नहीं किया था।
2018 की टीम से केवल केएल राहुल ही वर्तमान भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा हैं, जबकि अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी और बल्लेबाज रहमत शाह भी उस मैच में खेले थे।
अफगानिस्तान की पूरी बल्लेबाजी लाइन-अप के पास कुल मिलाकर नौ टेस्ट शतक हैं, जबकि भारतीय टेस्ट टीम में शामिल बल्लेबाजों ने 39 शतक बनाए हैं।
गर्मी के साथ-साथ नए फॉर्मेट के हिसाब से ढलने की चुनौती
शाहिदी की टीम ने अफगानिस्तान के जलालाबाद में एक शिविर लगाया था, लेकिन केवल अभ्यास सत्रों से ही किसी टीम को टेस्ट मैच के लिए तैयार नहीं किया जा सकता।
यह मैच जून के महीने में उत्तर भारत में भीषण गर्मी में खेला जाएगा और इसमें दोनों टीम की शारीरिक फिटनेस की भी कड़ी परीक्षा होगी। इसके अलावा भारतीय खिलाड़ियों को आईपीएल समाप्त होने के एक सप्ताह के अंदर सबसे छोटे फॉर्मेट से सबसे बड़े फॉर्मेट में खेलना है और यह भी एक चुनौती होगी।
टीम किस प्रकार हैं:
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, मानव सुथार, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल।
अफगानिस्तान: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अब्दुल मलिक, रहमानुल्लाह गुरबाज़, रहमानुल्लाह, अफ़सर ज़ज़ई (विकेटकीपर), इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, अज़मतुल्लाह उमरज़ई, शराफुद्दीन अशरफ, नांगेयालिया खारोटे, बिलाल सामी, कैस अहमद, मोहम्मद सलीम, जियाउर रहमान।
समय: मैच शुरू होने का समय: सुबह 9:30 बजे।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ें


