भारत-अफगानिस्तान पहला टी20 रिशेड्यूल होगा या नहीं, DDCA ने खुद किया कन्फर्म

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच तय कार्यक्रम के अनुसार 13 सितंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में होगा। डीडीसीए ने इसकी पुष्टि की है।

indian cricket team
भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर

भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 सितंबर से तीन मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत होने वाली है। गुरुवार को दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ को पत्र लिखकर 13 सितंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले पहले टी20 मैच की तारीख बदलने का अनुरोध किया था। हालांकि अब डीडीसीए ने कन्फर्म किया है कि पहला मैच शेड्यूल के मुताबिक ही होगा। इससे पहले अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भी शेड्यूल सामने आने के बाद उसमें कुछ बदलाव करने की मंशा जाहिर की थी। हालांकि तब बदलाव नहीं हुआ था।

मैच स्थगित नहीं होगा

दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) ने कहा कि भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैच की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला तय कार्यक्रम के अनुसार 13 सितंबर को ही खेला जाएगा। इससे कुछ ही देर पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के कारण डीडीसीए से मैच की तारीख बदलने का अनुरोध किया था। अफगानिस्तान इस तीन मैच की सीरीज में भारत की मेजबानी कर रहा है। सभी मुकाबले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में 13, 15 और 17 सितंबर को खेले जाने हैं।

डीडीसीए ने 'एक्स' पर लिखा, ''13 सितंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाला पहला टी20 अंतरराष्ट्ररय मैच तय कार्यक्रम के अनुसार ही खेला जाएगा। ‘’ डीडीसीए ने कहा, ''दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के साथ बैठक के बाद डीडीसीए को सभी आवश्यक सहयोग और व्यवस्थाओं का आश्वासन दिया गया है। मैच स्थगित नहीं होगा। ''

मैच हो सकता था रिशेड्यूल

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का हवाला देते हुए, दिल्ली यातायात पुलिस ने डीडीसीए से अरुण जेटली स्टेडियम में 13 सितंबर के भारत-अफगानिस्तान क्रिकेट मैच को पुनर्निर्धारित करने को कहा था। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज 13 सितंबर से शुरू होगी। इसके बाद भारतीय टीम जापान से 22 सितंबर को एक मैच खेलेगी। एशियाई खेलों में भारत को पहला मैच 28 सितंबर को खेलना है।

डीडीसीए को पुलिस उपायुक्त ने लिखा लेटर

दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ के सचिव को नौ सितंबर को लिखे पत्र में मध्य रेंज के पुलिस उपायुक्त (यातायात) ने कहा कि 12 और 13 सितंबर को होने वाले शिखर सम्मेलन के लिए बड़ी संख्या में विदेशी प्रतिनिधियों, गणमान्य व्यक्तियों और वीवीआईपी के दिल्ली आने की उम्मीद है। पत्र में कहा गया है कि शिखर सम्मेलन के लिए व्यापक यातायात व्यवस्था की आवश्यकता होगी, जिसमें वीवीआईपी/वीआईपी मार्ग विनियमन, यातायात मार्ग परिवर्तन और विदेशी प्रतिनिधियों के वाहनों की सुचारू आवाजाही के लिए कर्मियों की तैनाती शामिल है।

पत्र के अनुसार, 13 सितंबर के क्रिकेट मैच में लगभग 25,000 से 35,000 दर्शकों के आने की उम्मीद है। यातायात पुलिस ने कहा कि अरुण जेटली स्टेडियम के आसपास के इलाकों और डीडीयू मार्ग, बीएसजेड मार्ग, मिंटो रोड व कमला मार्केट पर पहले से ही काफी संख्या में वाहन और पैदल लोग आते-जाते हैं। पत्र के मुताबिक, मैच के कारण बीएसजेड मार्ग, माता सुंदरी कॉलेज, राजघाट और बाल भवन के आसपास अतिरिक्त यातायात और पार्किंग बढ़ने की संभावना है। इससे सड़क पर वाहनों के चलने के लिए जगह कम हो सकती है और जाम लग सकता है।

इसमें बताया गया कि बड़ी संख्या में दिल्ली यातायात पुलिस के कर्मियों को पहले से ही ब्रिक्स से संबंधित यातायात विनियमन, मार्ग परिवर्तन और वीवीआईपी/वीआईपी आवाजाही के लिए तैनात किया गया है। पत्र में कहा गया है कि इसी के साथ क्रिकेट मैच के लिए व्यवस्था करने से कर्मियों पर काफी दबाव पड़ेगा और यातायात मार्ग परिवर्तन, पार्किंग, भीड़ विनियमन, आपातकालीन पहुंच और मार्ग निकासी में महत्वपूर्ण चुनौतियां पैदा होंगी।

अफगानिस्तान सीरीज के लिए भारतीय टीम :

श्रेयस अय्यर (कप्तान ), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नीतिश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरूण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, यश ठाकुर ।

अफगानिस्तान की टीम

इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज, नूर रहमान, सेदिकुल्लाह अटल, दरवेश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदीन नैब, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नांगयाल खरोटी, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, फजलहक फारूकी, अब्दुल्लाह अहमदजई और नवीन उल हक।

रिजर्व खिलाड़ी: इजाज अहमदजई, शाहिदुल्लाह कमाल और फरीद अहमद मलिक।

Himanshu Singh

लेखक के बारे में

Himanshu Singh

हिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)

हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।


परिचय और अनुभव

हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।


खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट Cricket Live Score, Cricket Schedule, और Cricket News in Hindi के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी बड़े मुकाबलों के पल-पल के अपडेट्स और देश-दुनिया की हर क्रिकेट खबर सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़भारत-अफगानिस्तान पहला टी20 रिशेड्यूल होगा या नहीं, DDCA ने खुद किया कन्फर्म