फॉर्म की चिंता नहीं, आक्रामक क्रिकेट पर ध्यान देना चाहता है भारत, एशिया कप से पहले बोले हेड कोच मजूमदार
एशिया कप का पहला मुकाबला शुरू होने से पहले भारतीय टीम के हेड कोच अमोल मजूमदार ने बयान दिया है कि टीम फॉर्म के बारे में ज्यादा चिंतित नहीं है। हम आक्रामक क्रिकेट खेलने पर फोकस करना चाहते हैं।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने टीम की हालिया फॉर्म को ज्यादा तवज्जो नहीं देते हुए कहा कि युवा टीम को आक्रामक क्रिकेट खेलकर अगले छह महीनों के लिए मजबूत आधार तैयार करना होगा। इस दौरान भारत को एशियाई खेलों में भी हिस्सा लेना है।
भारत ने इस साल 16 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में से नौ गंवाए हैं। विदेशी दौरों और बड़े टूर्नामेंटों में भी टीम के प्रदर्शन में निरंतरता नहीं रही है। भारत अब रविवार को महिला टी20 एशिया कप में थाईलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा। मजूमदार ने कहा कि टीम को अपने प्रदर्शन से ज्यादा सुधार की गुंजाइश पर ध्यान देना है। उन्होंने मैच से एक दिन पहले संवाददाता सम्मेलन में कहा, ''यह युवा टीम है और इसमें सुधार की काफी गुंजाइश है। हम अच्छा और आक्रामक क्रिकेट खेलने की कोशिश कर रहे हैं। अब हमारा लक्ष्य अगले छह महीनों के लिए सही शुरुआत करना है।'' मजूमदार के मुताबिक दुबई की गर्म और उमस भरी परिस्थितियों में स्पिन गेंदबाज अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा, ''टीम के पास अलग-अलग तरह के स्पिनर हैं और अभ्यास के दौरान पिच से भी स्पिनरों को कुछ मदद मिलती दिखी है। ऐसे में टीम को इसका फायदा उठाने की उम्मीद है।''
पाकिस्तान वाले मैच के लिए कोच ने रखी राय
भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर सवाल पूछे जाने पर मजूमदार ने कहा कि टीम का ध्यान सिर्फ क्रिकेट पर है। उन्होंने कहा, '' मैदान के बाहर की चीजों पर खिलाड़ी ध्यान नहीं दे रहे हैं। उनका पूरा फोकस रविवार के मुकाबले पर है और जब भारत-पाकिस्तान मैच आएगा, तब उसके बारे में बात की जाएगी।'' दाएं पैर की हैमस्ट्रिंग चोट के कारण जेमिमा रोड्रिग्स महिला टी20 एशिया कप के साथ-साथ आगामी एशियाई खेलों में भी नहीं खेल पाएंगी। मजूमदार ने कहा, ''जेमिमा टीम की अहम खिलाड़ी हैं और उनकी कमी काफी खलेगी। बीसीसीआई के 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' में जेमिमा की चोट से उबरने पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है। उनकी गैरमौजूदगी में हालांकि टीम में शामिल दूसरी खिलाड़ी इस मौके का फायदा उठाकर अच्छा प्रदर्शन करेंगी।''
टी-20 विश्व कप में लचर प्रदर्शन के बाद भी भरोसा कायम
बता दें कि बीते साल टीम इंडिया ने हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में वनडे विश्व कप 2025 का खिताब अपने नाम किया था। टीम से टी-20 विश्व कप 2026 का खिताब जीतने की भी उम्मीद थी, लेकिन टूर्नामेंट में इतना लचर प्रदर्शन रहा कि सेमीफाइनल में भी क्वालीफाई नहीं कर सकी। टी-20 विश्व कप में मिली हार के बाद हरमनप्रीत कौर की कप्तानी और अमोल मजूमदार की कोचिंग पर सवाल उठे थे। हालांकि, लीडरशिप पोजीशन में बीसीसीआई ने कोई परिवर्तन नहीं किया है और एशिया कप जिताने की जिम्मेदारी एक बार फिर हरमन और अमोल के नेतृत्व वाली टीम के कंधों पर है।



