भारत ने T20I में रचा इतिहास, 20 साल में पहली बार 50 रन के अंदर टीम को किया ढेर
भारतीय टीम ने पहली बार टी20 इंटरनेशनल में विपक्षी टीम को 50 के स्कोर के अंदर ऑलआउट करके इतिहास रच दिया है। भारत ने श्रीलंका को एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में 9.5 ओवर में 45 रन पर रोक दिया।

भारतीय टीम ने एशियन गेम्स 2026 में गुरुवार को श्रीलंका को हराकर फाइनल में जगह बना ली है। टीम ने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है। श्रेयस अय्यर के नेतृत्व वाली भारतीय टीम ने दूसरे सेमीफाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए ईशान किशन के दमदार 80 रनों की बदौलत 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 169 रन बनाए। इसके जवाब में श्रीलंका ने पावरप्ले के भीतर ही छह विकेट 31 रन पर गंवा दिये थे और पूरी टीम 9.5 ओवर में 45 रन पर आउट हो गई। इसी के साथ भारतीय टीम ने टी20 इंटरनेशनल में एक बड़ी उपलब्धि भी हासिल कर ली है।
भारत ने पहली बार टी20 इंटरनेशनल में किया ये कारनामा
भारतीय टीम ने टी20 इंटरनेशनल के 20 साल के इतिहास में पहली बार विपक्षी टीम को 50 के स्कोर के अंदर ऑलआउट किया है। 170 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम की भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के आगे अधिक देर तक नहीं टिक सकी और पूरी टीम 9.5 ओवरों में 45 रन पर ढ़ेर हो गई। श्रीलंका की ओर से नुवानिदु फर्नांडो (15) रन ही दहाई आंकड़े तक पहुंच सके।
श्रीलंका 45 पर सिमटा
श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। लेकिन ईशान किशन (नाबाद 80) और वैभव सूर्यवंशी (38) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर भारत ने श्रीलंका को जीत के लिए 170 रनों का लक्ष्य दिया। श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने मात्र तीन रन के स्कोर पर अपने तीन विकेट गवां दिये। जसप्रीत बुमराह ने पहले ही ओवर में दो विकेट झटक कर भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई। इसके बाद तो अन्य गेंदबाजों अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और अभिषेक शर्मा ने श्रीलंका की पारी को ध्वत करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। 10वें ओवर की पांचवीं गेंद पर अभिषेक शर्मा ने बिनुरा फर्नांडो (शून्य) को बोल्ड कर श्रीलंका की पारी का 45 रन के स्कोर पर अंत कर दिया।
भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 169 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। इशान किशन ने 46 गेंदों में चार चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए (नाबाद 80) रनों की आतिशी पारी खेली। वॉशिंगटन सुंदर सात रन बनाकर नाबाद रहे। श्रीलंका की ओर से थरिंडु रत्नायका और सहान अराछिगे ने दो-दो विकेट लिये। वनुजा सहन, लसिथ क्रुसपुल और नुवानिदु फर्नांडो ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। अब खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम का मुकाबला चिप प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा। पाकिस्तान ने गुरुवार को एशियाई खेलों की क्रिकेट प्रतियोगिता के वर्षा बाधित पहले सेमीफाइनल में बंगलादेश को नौ गेंदें शेष रहते छह विकेट से हराकर स्वर्ण पदक मुकाबले में जगह बनाई।



