IND vs AFG: भारत ने दर्ज की अपने टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी जीत, देखें पारी और रन के अंतर की टॉप 10 बड़ी जीतें
भारत ने मुल्लांपुर टेस्ट में अफगानिस्तान को तीसरे ही दिन पारी और 300 रन के विशाल अंतर से हरा दिया। ये टेस्ट इतिहास में भारत की पारी और रनों के अंतर के लिहाज से अब तक की सबसे बड़ी जीत है। टेस्ट में आठवीं बार भारत ने पारी और 200+ रनों के अंतर से जीत हासिल की है।

टीम इंडिया ने मुल्लांपुर टेस्ट में अफगानिस्तान को तीसरे ही दिन पारी और 300 रन के अंतर से हरा दिया। ये टेस्ट इतिहास में भारत की अब तक की सबसे बड़ी जीत है। टेस्ट में आठवीं बार भारत ने पारी और 200+ रनों के अंतर से जीत हासिल की है।
भारत ने 8 विकेट के नुकसान पर 564 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित की थी। केएल राहुल और कप्तान शुभमन गिल ने शानदार शतक जड़े थे। साई सुदर्शन और ऋषभ पंत ने 81-81 रन की पारी खेली थी। इनके अलावा वॉशिंगटन सुंदर ने नाबाद 52 रन बनाए थे।
जवाब में अफगानिस्तान ने रविवार को दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 5 विकेट के नुकसान पर 113 रन बनाए थे। सोमवार को उसकी पहली पारी 152 रनों पर सिमट गई और भारत ने उसे फॉलो ऑन दिया। अफगानिस्तान की पहली पारी में रहमत शाह ने सबसे ज्यादा 60 रन बनाए। कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने 20, सेदिकुल्लाह अटल ने 17 और अब्दुल मलिक ने 16 रन बनाए। अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे भारतीय ऑलराउंडर मानव सुथार ने पहली पारी में 33 रन देकर 6 विकेट झटके। उनके अलावा प्रसिद्ध कृष्ण ने 3 और वॉशिंगटन सुंदर ने एक विकेट लिया।
अफगानिस्तान अपनी दूसरी पारी में सिर्फ 112 रन बना सका। इस तरह भारत ने इकलौते टेस्ट मैच को पारी और 300 रनों के विशाल अंतर से जीत लिया। अफगानिस्तान की तरफ से दूसरी पारी में सेदिकुल्लाह अटल ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए। रहमानुल्लाह गुरबाज ने 24 और रहमत शाह ने 13 रन का योगदान दिया। अफगानिस्तान की तरफ से दूसरी पारी में इन तीनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया।
मानव सुथार ने दूसरी पारी में 1 विकेट हासिल किया। वॉशिंगटन सुंदर ने 4, कुलदीप यादव ने 2 और मोहम्मद सिराज ने एक विकेट हासिल किया।
टेस्ट इतिहास में पारी और रनों के अंतर से भारत की 10 सबसे बड़ी जीत
1- पारी और 300 रन से जीत (vs अफगानिस्तान)
2- पारी और 272 रन से जीत (vs वेस्टइंडीज)
अक्टूबर 2018 में राजकोट में खेले गए टेस्ट में भारत ने वेस्टइंडीज को पारी और 272 रनों के अंतर से जीत हासिल की थी। अफगानिस्तान के खिलाफ ऐतिहासिक जीत से पहले तक टेस्ट क्रिकेट में पारी और रनों के अंतर के लिहाज से वह सबसे बड़ी जीत थी।
3- पारी और 262 रन (vs अफगानिस्तान)
जून 2018 में बेंगलुरु में खेले गए इस टेस्ट मैच में भारत ने अफगानिस्तान को दो दिन में ही शिकस्त दी थी। भारत ने पहली पारी में 474 रन बनाए थे। जवाब में अफगानिस्तान की टीम पहली पारी में 109 रन पर आउट हो गई थी। फॉलो ऑन करते हुए अफगान टीम दूसरी पारी में भी 103 रन पर ढेर हो गई थी।
4- पारी और 239 रन (vs बांग्लादेश)
भारत ने मई 2007 में बांग्लादेश को उसके ही घर में पारी और 239 रनों के अंतर से हराया था। वह मैच मीरपुर में खेला गया था।
5- पारी और 239 रन (vs श्रीलंका)
नवंबर 2017 में भारत ने नागपुर में खेले गए टेस्ट मैच में श्रीलंका को पारी और 239 रन के अंतर से हराया था।
6- पारी और 222 रन (vs श्रीलंका)
मार्च 2022 में मोहाली में खेले गए टेस्ट में भारत ने श्रीलंका को पारी और 22 रनों के अंतर से हराया था।
7- पारी और 219 रन (vs ऑस्ट्रेलिया)
मार्च 1998 में भारत ने ईडन गार्डन्स में खेले गए टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को पारी और 219 रन के अंतर से शिकस्त दी थी।
8- पारी और 202 रन (vs दक्षिण अफ्रीका)
अक्टूबर 2019 में रांची टेस्ट में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को पारी और 202 रनों के अंतर से हराया था।
9- पारी और 198 रन (vs न्यूजीलैंड)
नवंबर 2010 में भारत ने नागपुर टेस्ट में न्यूजीलैंड को पारी और 198 रन के अंतर से शिकस्त दी थी।
10- पारी और 171 रन (vs श्रीलंका)
अगस्त 2017 में भारत ने पल्लेकेल में खेले गए टेस्ट में मेजबान श्रीलंका को पारी और 171 रनों के अंतर से शिकस्त दी।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ें


