IND vs NAM: अभिषेक और सिराज का प्लेइंग XI से कटा पत्ता, आखिर किन खिलाड़ियों की हुई एंट्री?
India vs Namibia T20 World Cup 2026: भारत ने नामीबिया के खिलाफ मैच में अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए। अभिषेक शर्मा और मोहम्मद सिराज को बाहर बैठना पड़ा है।

भारत की गुरुवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नामीबिया से भिड़ंत हो रही है। नामीबिया ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में टॉस जीतकर भारत को बल्लेबाजी का न्योता दिया। भारत ने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं। युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को बाहर बैठना पड़ा है। अभिषेक पूरी तरह फिट नहीं हुए हैं। उन्हें पेट में संक्रमण के कारण दो दिन अस्पताल रहना पड़ा। ओपनर को बुधवार को अस्पताल से छुट्टी मिली। अभिषेक अमेरिका के खिलाफ पहले मैच में गोल्डन डक का शिकार हुए थे और उसके बाद मैच में आगे हिस्सा नहीं लिया। उनकी जगह संजू सैमसन ने फील्डिंग की थी।
सैमसन और बुमराह की हुई एंट्री
अभिषेक की जगह प्लेइंग इलेवन में सैमसन को एंट्री मिली है। नामीबिया के खिलाफ मैच खराब फॉर्म से जूझ रहे संजू सैमसन के लिए लय में लौटने का एक सुनहरा मौका है, क्योंकि लगातार असफलताओं के चलते उन्हें अपनी जगह ईशान किशन के हाथों गंवानी पड़ी। वह आज ईशान के साथ भारतीय पारी का आगाज करेंगे, जो शानदार फॉर्म में हैं। वहीं, सिराज की जगह धाकड़ तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराग को शामिल किया गया है। बुमराह अस्वस्थ होने के कारण पहले मैच में नहीं खेले थे। बुमराह की गैर मौजूदगी में अमेरिका मैच में उतरे सिराज ने अच्छी गेंदबाजी की थी। उन्होंने तीन शिकार किए। सिराज को लंबे समय बाद भारत के लिए सबसे छोटे फॉर्मेट में खेलना का मौका था।
टॉस गंवाने के बाद क्या बोले सूर्यकुमार?
नामीबिया के खिलाफ टॉस गंवाने के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा, ''हम पहले बैटिंग ही करना चाहते थे। बहुत खुश हूं। जब तक हम टॉस हार रहे हैं और मैच जीत रहे हैं तो कोई दिक्कत नहीं। यह एक बड़ा टूर्नामेंट है और ओस एक बड़ा फैक्टर होगी। हालांकि, जब आप पहले बैटिंग करते हैं और डिफेंड करते हैं तो आपको बहुत कॉन्फिडेंस मिलता है। यह बहुत अच्छा विकेट है। उम्मीद है बल्लेबाज एन्जॉय करेंगे। अभिषेक पूरी तरह से ठीक नहीं हुए हैं। वह एक या दो मैच के लिए और बाहर रह सकते हैं। संजू उनकी तरह ही ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हैं। सिराज की जगह बुमराह आए हैं।'' सूर्याकुमार ने अमेरिका के खिलाफ नाबाद 84 रनों की तूफानी पारी खेली थी।
नामीबिया के खिलाफ भारत की प्लेइंग XI: संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।

लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय





