
वनडे टीम में बने रहेंगे कोहली-रोहित, नए कप्तान शुभमन गिल ने खुद बताया विश्व कप प्लान
भारतीय वनडे टीम के नए कप्तान शुभमन गिल का मानना है कि रोहित और कोहली अगले वनडे विश्व कप की योजना का हिस्सा बने रह सकते हैं।
वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल ने गुरुवार को कहा कि सीनियर खिलाड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली टीम की 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप की योजना का हिस्सा बने रहेंगे क्योंकि उनके कौशल और अपार अनुभव को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने इसके साथ ही कहा कि वह इस महीने के अंत में ऑस्ट्रेलिया दौरे से इस प्रारूप की कमान संभालने पर अपने पूर्ववर्ती रोहित शर्मा की तरह ड्रेसिंग रूम में शांत माहौल बनाए रखने और खिलाड़ियों के साथ दोस्ताना व्यवहार करने की कोशिश करेंगे।
पहले ही भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी संभाल रहे 26 वर्षीय गिल 19 से 25 अक्टूबर तक ऑस्ट्रेलिया में होने वाली तीन मैचों की सीरीज के साथ अपनी वनडे कप्तानी की शुरुआत करेंगे। यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें लगता है कि रोहित और कोहली अगले वनडे विश्व कप की योजना का हिस्सा हैं तो गिल चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर की तरह सतर्क नहीं थे, जिन्होंने हाल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस मुद्दे पर कोई प्रतिबद्धता नहीं जताई थी।
गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के पूर्व संध्या पर उन्हें वनडे टीम का कप्तान भी नियुक्त करने से संबंधित सवालों के जवाब देते हुए कहा, ‘‘बिल्कुल। उनके (रोहित और कोहली) पास जो अनुभव है और उन्होंने भारत के लिए जितने मैच जीते हैं। ऐसे बहुत कम खिलाड़ी हैं जिन्होंने भारत के लिए इतने मैच जीते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘दुनिया में बहुत कम खिलाड़ी हैं जिनके पास इतना कौशल, गुणवत्ता और अनुभव है। इसे देखते हुए मैं बहुत खुश हूं।’’ रोहित अब 38, जबकि कोहली 36 साल के हैं। दोनों टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और इस तरह से वह भारत की तरफ से बहुत कम मैच खेल पाएंगे। ऑस्ट्रेलिया के दौरे में सभी की निगाह इन दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर टिकी रहेगी।
गिल ने कहा कि रोहित शर्मा ने जिस तरह से ड्रेसिंग रूम का माहौल शांत और सौहार्दपूर्ण बनाया उसे वह जारी रखने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘रोहित भाई से मैं कई गुण सीखना चाहता हूं। उनमें एक है उनका शांत स्वभाव और उन्होंने टीम के अंदर जिस तरह से दोस्ताना माहौल पैदा किया वे कुछ ऐसी चीजें हैं जिनके साथ में आगे बढना चाहूंगा।’’
अगरकर ने जहां अहमदाबाद में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला टेस्ट जीतने के बाद गिल को वनडे टीम का कप्तान नियुक्त करने की घोषणा की लेकिन इस बल्लेबाज ने पुष्टि की कि उन्हें इस बारे में कुछ दिन पहले ही सूचित कर दिया गया था।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस प्रारूप में अपने देश का नेतृत्व करने के लिए बहुत उत्साहित हूं। पिछले कुछ महीने बेहद उत्साहजनक रहे लेकिन मैं जितना संभव हो सके वर्तमान में जीना चाहता हूं। मैं पीछे मुड़कर नहीं देखना चाहता कि मैंने क्या हासिल किया है या एक टीम के रूप में हम क्या हासिल कर पाए हैं।’’
गिल को अगले सभी प्रारूपों के कप्तान के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने स्वीकार किया कि कई बार उन्हें मानसिक थकान का सामना करना पड़ता है।
भारतीय कप्तान ने कहा, ‘‘शारीरिक रूप से अधिकतर समय मैं अच्छा महसूस करता हूं लेकिन कई बार मानसिक थकान भी होती है। क्योंकि जब आप लगातार खेलते हैं तो आपकी खुद से भी कुछ अपेक्षाएं होती हैं।’’

लेखक के बारे में
Himanshu Singhहिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)
हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।
परिचय और अनुभव
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।
खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी





