INDW vs ENGW: मंधाना-हरमन और दीप्ति की मेहनत गई बेकार, रनचेज शुरू होने से पहले ही तय थी हार; हैरान कर देगा ये रिकॉर्ड
भारत को आईसीसी वुमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के 20वें मुकाबले में इंग्लैंड के हाथों करीबी मैच में 4 रनों से हार का सामना करना पड़ा। मगर यह हार रनचेज शुरू होने से पहले ही तय हो गई थी।
इंडिया वर्सेस इंग्लैंड आईसीसी वुमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 का 20वां मुकाबला रविवार, 19 अक्टूबर को इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला गया था। इस मैच में पहले बैटिंग करते हुए इंग्लैंड ने हीथर नाइट के शतक के दम पर 288 रन बोर्ड पर लगाए थे, जिसके जवाब में भारत निर्धारित 50 ओवर में 284 ही रन बना पाया। टीम इंडिया के लिए स्मृति मंधाना (88), हरमनप्रीत कौर (70) और दीप्ति शर्मा ने शानदार अर्धशतक जड़ जीत दिलाने की कोशिश की, मगर उनकी मेहनत बेकार गई। लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत की इस मैच में हार रनचेज शुरू होने से पहले ही तय हो गई थी?

जी हां, जैसे ही इंग्लैंड ने 289 रनों का टारगेट भारत के लिए सेट किया था वैसे ही टीम इंडिया की हार इस मैच में तय हो गई थी। दरअसल, वुमेंस वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत आज तक 250 छोड़िए 200 से अधिक रन का टारगेट नहीं चेज कर पाया है। यह टीम इंडिया की इस आसीसी टूर्नामेंट में 200 से अधिक रनों का पीछा करते हुए लगातार 10वीं हार है।
वहीं वुमेंस वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत पहली बार रनचेज में 250 का आंकड़ा पार करने में कामयाब हुआ है। इससे पहले टारगेट का पीछा करते हुए भारत के नाम सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड 240 रनों का था जो उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ ही 2013 में बनाया था।
भारत के लिए इस रनचेज में कोई बैटर शतक नहीं जड़ पाई। बिना शतक जड़े वुमेंस वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का यह दूसरा सबसे बड़ा स्कोर भी है, इससे पहले भारत ने इसी टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बिना किसी प्लेयर की सेंचुरी के 330 रन बनाए थे।
कैसा रहा INDW vs ENGW मैच?
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने हीथर नाइट (109) के शतक के दम पर निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 288 रन बोर्ड पर लगाए। नाइट के अलावा एमी जोन्स ने शानदार अर्धशतक जड़ा। एक समय ऐसा था जब लग रहा था कि इंग्लैंड आसानी से 300 रन का आंकड़ा पार कर जाएगा, मगर भारतीय गेंदबाजों ने अंत में वापसी की और इंग्लिश टीम को थोड़े कम स्कोर पर रोका। दीप्ति शर्मा ने इस दौरान 4 विकेट चटकाए।
289 के टारगेट का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। प्रतिका रावल 6 तो हरलीन देओल 24 रन बनाकर पहले 10 ओवर में ही पवेलियन लौट गईं। भारत ने 42 के स्कोर पर 2 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद बैटिंग करने आईं कप्तान हरमनप्रीत कौर (70) ने ओपनिंग बैटर स्मृति मंधाना (88) के साथ शतकीय साझेदारी कर टीम को मुश्किल से निकाला। हरमन के आउट होने के बावजूद मंधाना एक छोर से लगी हुई थी। इस दौरान दीप्ति शर्मा (50) ने भी शानदार अर्धशतक जड़ा। जैसे ही मंधाना आउट हुई भारतीय पारी लड़खड़ा गई। ऋचा घोष भी कुछ कमाल नहीं कर पाई। भारत को इस मैच में 4 रनों से हार का सामना करना पड़ा।






