भारत के बाद इंग्लैंड में भी डेब्यू में चमके मानव सुथार, वॉरिकशायर के लिए चटकाए 3 विकेट
भारत के लिए टेस्ट में यादगार पदार्पण करने वाले बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने काउंटी चैम्पियनशिप डिवीजन वन में वारविकशर की ओर से पदार्पण मैच में यॉर्कशर के खिलाफ पहली पारी में तीन विकेट हासिल किए।

भारतीय टीम के लिए अपने टेस्ट डेब्यू पर कमाल का प्रदर्शन करने वाले मानव सुथार ने काउंटी क्रिकेट में भी अपनी बेहतरीन लय को जारी रखते हुए वॉरिकशायर के लिए अपना पहला मैच खेलते हुए यॉर्कशायर के ख़िलाफ़ 81 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। यॉर्कशायर ने पहली पारी में बेहतरीन शुरुआत की थी और एक विकेट के नुकसान पर 192 रन बना लिए थे, लेकिन इसके बाद सुथार ने 167 रन की बेहतरीन पारी खेलने वाले विलियम लक्सटन को अपना पहला शिकार बनाया। इसके बाद उन्होंने 55 रन की पारी खेलने वाले सैम व्हार्टन को अपना दूसरा शिकार बनाया।
सुथार ने तीन विकेट लिए
इन दो महत्वपूर्ण विकेटों के बाद सुथार ने अपना तीसरा विकेट जॉर्ज हिल के रूप में हासिल किया। हिल भी 30 रन बनाकर अच्छी लय में दिख रहे थे। कुल मिलाकर सुथार ने अपने तीनों विकेट सेट बल्लेबाज़ों के रूप में लिए। इसका परिणाम यह रहा कि यॉर्कशायर मज़बूत शुरुआत के बावजूद सिर्फ़ 469 रन ही बना पाई। अफगानिस्तान के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट में मैन ऑफ द मैच बने सुथार ने कुल सात विकेट हासिल किए थे। इसके बाद सुथार छोटी अवधि के लिए वॉरिकशायर से अनुबंधित हुए हैं। वह काउंटी चैंपियनशिप के दो राउंड के लिए उपलब्ध रहेंगे।
सुथार ने 29 प्रथम श्रेणी मुकाबलों में 132 विकेट हासिल किए हैं और वह पहली बार इंग्लैंड के घरेलू सर्किट का हिस्सा बने हैं। अपने पहले काउंटी स्टिंट के बारे में सुथार ने एक बयान में कहा था, "मैं काउंटी चैंपियनशिप में वॉरिकशायर से जुड़ने को लेकर काफी उत्साहित हूं। टीम ने सीज़न की अच्छी शुरुआत की है और मुझे उम्मीद है कि टीम को ख़िताब दिलाने की कोशिश में मैं उनकी मदद कर पाऊंगा।"
भारत के लिए थे सात विकेट
सुथार को मौजूदा काउंटी चैम्पियनशिप के अगले दो दौर के लिए वारविकशर ने अनुबंधित किया है। उनके अगले सप्ताह टॉनटन में समरसेट के खिलाफ भी खेलने की संभावना है। राजस्थान के इस स्पिनर ने टेस्ट क्रिकेट में भी अपने पहले ही ओवर में विकेट हासिल किया था। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ पहली पारी में 33 रन देकर छह विकेट के साथ शानदार प्रदर्शन किया और दूसरी पारी में 29 रन देकर एक विकेट लिया था। भारत ने वह मैच एक पारी और 300 रन से जीता था।
इस बीच, भारत के अनुभवी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट ने भी ससेक्स के लिए अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने ग्लेमोर्गन के खिलाफ 14.2 ओवर में 29 रन देकर चार विकेट चटकाए। उनादकट की घातक गेंदबाजी की बदौलत ग्लेमोर्गन की टीम 51.2 ओवर में 155 रन पर सिमट गई। उनादकट ने 2024 में ससेक्स के साथ दो वर्ष का अनुबंध करने के बाद काउंटी टीम के लिए दोबारा खेलना शुरू किया है।
लेखक के बारे में
Himanshu Singhहिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)
हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।
परिचय और अनुभव
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।
खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी



