अब तो जीतना आदत है हमारी, भारत ने पिछले ढाई सालों में 7 ICC ट्रॉफी में जमाया है कब्जा
भारत ने पिछले ढाई सालों से अधिक समय में 7 आईसीसी ट्रॉफी में अपना कब्जा जमाया है और क्रिकेट की दुनिया में पूरी तरह से एकाधिकार स्थापित करने की ओर अग्रसर है। भारत के हिस्से में सिर्फ WTC बीते ढाई सालों में नहीं रहा है। बाकी सारे खिताब इंडिया ने जीते हैं।

भारतीय टीम ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में रविवार को टी-20 विश्व कप 2026 का खिताब अपने नाम किया। भारत ने इस खिताब से साथ इतिहास रच दिया। टीम इंडिया सबसे ज्यादा बार टी-20 विश्व कप का खिताब जीतने वाली टीम बन गई है। टीम ने 3 बार इस ट्रॉफी में अपना कब्जा जमाया है। भारत घर में टी-20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बना है। इन सब रिकॉर्डों के साथ- साथ बीते ढाई सालों में भारतीय क्रिकेट की बादशाहत पूरी दुनिया में देखने को मिली है। 2023 के वनडे विश्व कप के फाइनल में मिली हार ने भारतीय क्रिकेट टीम को काफी मायूसी दी थी। उसके जख्मों पर मरहम लगा पाना काफी मुश्किल था। लेकिन उस हार से सबक सीखते हुए भारतीय क्रिकेट टीम ने ऐसा प्रदर्शन किया है कि पीछे मुड़कर नहीं देखा।
आईसीसी टी-20 विश्व कप 2024
भारतीय क्रिकेट टीम ने 29 जून 2024 को रोहित शर्मा की कप्तानी में टी-20 विश्व कप 2026 का खिताब अपने नाम किया। भारत ने यह खिताब फाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को हराकर जीता था। यह आईसीसी ट्रॉफी भारत के 14 साल के सूखे को समाप्त करने वाली थी। 2011 के बाद भारत ने पहली बार कोई आईसीसी ट्रॉफी का खिताब जीता था। रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम ने यह सूखा खत्म कर भारत की जीत की आधारशिला रखी। इसके बाद भारतीय सीनियर पुरुष क्रिकेट टीम ने अपने स्ट्रेंथ पर काम किया और नतीजा आगे सुखद हुआ।
आईसीसी अंडर -19 महिला वर्ल्ड कप
2024 विश्व कप जीतने के बाद भारतीय यंग महिला क्रिकेटरों ने भारत की झोली में एक और आईसीसी ट्रॉफी डाल दी। भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम ने निक्की प्रसाद की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका को फाइनल में हराकर इतिहास रच दिया। भारतीय टीम ने लगातार दूसरी बार यह खिताब अपने नाम किया। 2023 में शेफाली वर्मा की कप्तानी में भी टीम इंडिया ऐसा कर चुकी थी।
आईसीसी मेंस चैंपियंस ट्रॉफी 2025
रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम ने साल फरवरी- मार्च 2025 में खेले गए चैंपियंस ट्रॉफी में कब्जा जमाया। टीम इंडिया पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही और फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर खिताब अपने नाम किया। भारत ने 2013 के बाद चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता। इससे पहले टीम इंडिया ने सौरव गांलुली की कप्तानी में साल 2002 में भी श्रीलंका के साथ संयुक्त रूप से चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था। रोहित शर्मा ने इस ट्रॉफी के साथ अपनी कप्तानी में भारत को बैक-टू-बैक आईसीसी ट्रॉफी जिताई।
आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम ने वो कारनामा कर दिखाया जो 2023 में सीनियर पुरुष टीम भी ना कर सकी। कप्तान कौर की अगुआई वाली भारतीय सीनियर महिला टीम ने 2025 वनजे वर्ल्ड का खिताब पहली बार अपने नाम किया। इस खिताबी जीत ने भारतीय महिला क्रिकेट को काफी प्रोत्साहित किया। भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया और फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराया था। इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका जैसी टीमों के होते हए भारतीय महिला टीम के खिलाड़ियों ने अपनी श्रेष्ठता को साबित किया और खिताब अपने नाम कराया।
आईसीसी ब्लाइंड महिला टी-20 विश्व कप 2025
इसके बाद साल 2025 के अंत में भारतीय महिला ब्लाइंड टीम ने टी-20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। भारत ने श्रीलंका में आयोजित पहले ब्लाइंड महिला टी20 विश्व कप में फाइनल में नेपाल को सात विकेट से हराकर जीत हासिल की। कोलंबो के पी सारा ओवल में खेले गए मैच में भारत ने नेपाल को 114/5 पर रोक दिया और फिर 12.1 ओवर में सिर्फ तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
आईसीसी अंडर-19 पुरुष वर्ल्ड कप
भारत के लिए साल 2026 की शुरुआत भी शानदार रही। जूनियर पुरुष टीम ने साल की शुरुआत खुशियों से की। आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारतीय टीम ने आईसीसी अंडर -19 पुरुष विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। भारत ने 6 फरवरी 2026 को जिम्बाब्वे के हरारे में खेले गए फाइनल में इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर रिकॉर्ड छठी बार अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप का खिताब जीता। वैभव सूर्यवंशी ने फाइनल में तूफानी 175 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द मैच बने। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 411/9 का विशाल स्कोर बनाया, जिसके जवाब में इंग्लैंड 311 रन पर ऑल आउट हो गई।
आईसीसी मेंस टी-20 वर्ल्ड कप 2026
इसके बाद अब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने फरवरी मार्च में खेले गए सीनियर पुरुष टी-20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया है और इतिहास रच दिया है। इस तरह से देखा जाए तो बीते ढाई साल में भारत ने एक दो नहीं बल्कि 7 आईसीसी ट्रॉफी अपने नाम कर ली है और क्रिकेट की दुनिया में एकछत्र राज स्थापित किया है।
लेखक के बारे में
Vimlesh Kumar Bhurtiyaविमलेश कुमार भुर्तिया (Vimlesh Kumar Bhurtiya): खेल पत्रकार
संक्षिप्त विवरण
विमलेश कुमार भुर्तिया पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स टीम में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई की है।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: विमलेश कुमार भुर्तिया भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक उभरता हुआ नाम हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 4 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्पोर्ट्स टीम में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पिछले चार वर्षों से वह इसी संस्थान से जुड़े हुए हैं और डिजिटल मीडिया की गतिशीलता, कार्यशैली और प्रकृति को समझने का प्रयास किया है। उनका मानना है कि पाठक किसी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म की रीढ़ होता है ऐसे में उनके हितों को ध्यान में रखते हुए खबरों का प्रकाशन होना चाहिए। यह पत्रकारिता को जीवंत रखता है और जर्नलिज्म का मूल गुण भी यही है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
विमलेश ने भारत के सबसे प्रतिष्ठित पत्रकारिता संस्थान से अपनी शिक्षा ग्रहण की है। वे 2021-22 बैच के भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली के छात्र रहे हैं। उन्होंने इस नामी संस्थान से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा किया है। इसके बाद उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में ही मास्टर्स यानी (M.A) की डिग्री भी हासिल की है। इन्होंने अपना ग्रेजुएशन मध्य प्रदेश के नामचीन साइंस कॉलेजों में से एक होलकर साइंस कॉलेज से किया है। ग्रेजुएशन के दूसरे साल से ही विमलेश की दिलचस्पी साहित्य और पत्रकारिता की ओर जागृत होने लगी थी। यही कारण था कि ग्रेजुएशन के दिनों में ही उन्होंने दैनिक चैतन्यलोक नामक इंदौर की क्षेत्रीय पत्रिका में काम करना शुरू कर दिया। कुछ महीनों बाद उन्होंने दैनिक भास्कर में बतौर कॉपी एडिटर ट्रेनिंग ली। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर के पत्रकारिता और जनसंचार विभाग से मास मीडिया में इंटर्नशिप की। विमलेश कुमार भुर्तिया को कंप्यूटर का भी अच्छा ज्ञान है। उन्होंने भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय से कंप्यूटर एप्लीकेशन में डिप्लोमा किया है।
खेल पत्रकारिता और पत्रकारिता का उद्देश्य
विमलेश खेल से जुड़ी तमाम तरह की स्टोरीज पाठकों तक पहुंचाते हैं, जिनमें तथ्यों की स्पष्टता होती है और सकारात्मक विश्लेषण भी शामिल होता है। ये क्रिकेट की दुनिया का अच्छा ज्ञान रखते हैं और राजनीति में गहरी दिलचस्पी है। राजनीति और क्रिकेट में घट रही घटनाओं का विश्लेषण करना उनकी तह तक जाना विमलेश को पसंद है। उनका मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी तथ्यपरकता (Fact-checking) है। चाहे वह चकाचौंध से भरा क्रिकेट जगत हो या अन्य खेल और खिलाड़ियों का जीवन। बतौर खेल पत्रकार यह कसौटी हर वक्त बनी रहनी चाहिए कि लेखन हमेशा प्रमाणिक हो। उनकी रिपोर्टिंग का उद्देश्य पाठकों को न केवल सूचित करना है, बल्कि उन्हें सही और सुरक्षित जानकारी के माध्यम से सशक्त बनाना भी है। पत्रकारिता का मुख्य उद्देश्य सूचना, शिक्षा और मनोरंजन होता है और इन्हीं उद्देश्यों को पूरा करना एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी होनी चाहिए।



