संकटमोचक संजू सैमसन के दम पर भारत ने रचा वर्ल्ड कप में इतिहास, देखें 5 सबसे बड़े सफल रन चेज
वेस्टइंडीज ने रविवार को सुपर 8 मुकाबले में भारत के सामने जीत के लिए 196 रन का लक्ष्य दिया था। टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में कभी भी इतने बड़े लक्ष्य का सफल पीछा नहीं किया था लेकिन संजू सैमसन ने कमाल कर दिया। भारत ने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में अपने सबसे बड़े सफल रन चेज का रिकॉर्ड बना दिया।

टी20 विश्व कप के अपने आखिरी सुपर 8 मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को शिकस्त देकर रिकॉर्ड छठी बार सेमीफाइनल में प्रवेश किया। भारत और वेस्टइंडीज दोनों के लिए ये मुकाबला करो या मरो का था क्योंकि पॉइंट टेबल ने इस मैच को वर्चुअल क्वार्टर फाइनल बना दिया था। टी20 विश्व कप में भारतीय टीम के प्लेइंग इलेवन से अंदर-बाहर होते रहे संजू सैमसन इस मैच में टीम के लिए संकटमोचक बनकर उभरे। ओपनिंग करने उतरे सैमसन भारत को जीत दिलाकर ही वापस लौटे। उन्होंने 97 रन की रिकॉर्ड पारी खेली। 11वें ओवर में भारत के 99 रन पर 4 विकेट गिर चुके थे। सामने जीत के लिए 196 रन का लक्ष्य था। टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में कभी भी इतने बड़े लक्ष्य का सफल पीछा नहीं किया था लेकिन संजू सैमसन ने कमाल कर दिया। भारत ने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में अपने सबसे बड़े सफल रन चेज का रिकॉर्ड बना दिया।
संजू सैमसन की 97 रनों की ये नाबाद पारी को उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी कहा जा सकता है। उनके नाम टी20 इंटरनेशनल में 3 शतक भी दर्ज हैं लेकिन ये पारी उन सब पर भारी रही। वजह ये कि सैमसन ने टी20 विश्व कप के बहुत ही महत्वपूर्ण मैच में ये यादगार पारी खेली। अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव जैसे दिग्गज जब सस्ते में निपट चुके थे। भारत गहरे संकट में फंसा था। सामने रिकॉर्ड रन चेज का दबाव था। वैसे वक्त में संजू सैमसन ने एक छोर से खूंटा गाड़कर रख दिया। आक्रामक शॉट्स के बजाय प्योर क्रिकेटिंग शॉट्स से रन बनाते रहे और विपक्षी टीम को कोई मौका देना तो दूर हाफ चॉन्स तक नहीं दिया। सैमसन ने 50 गेंदों में 194 के शानदार स्ट्राइक रेट से नाबाद 97 रन की पारी खेली। अपनी पारी के दौरान उन्होंने 12 चौके और 4 छक्के जड़े। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में रनों का पीछा करते हुए ये किसी भी भारतीय की अब तक की सबसे बड़ी पारी है। इसके साथ ही भारत ने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में अपने सबसे बड़े सफल रन चेज का रिकॉर्ड बना दिया। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में ये किसी भी टीम का तीसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज भी था।
टी20 विश्व कप इतिहास के 5 सबसे बड़े सफल रन चेज
1- इंग्लैंड 230/8 बनाम दक्षिण अफ्रीका (2016 विश्व कप)
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे बड़े सफल रन चेज का रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम है। उसने 2016 के विश्व कप में मुंबई के वानखेड़े मैदान में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में ये कारनामा किया था। अफ्रीकी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जीत के लिए 230 रन का लक्ष्य रखा था। जवाब में इंग्लैंड की टीम ने इतिहास रचते हुए 2 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की।
2- दक्षिण अफ्रीका 208/2 बनाम वेस्टइंडीज (2007 विश्व कप)
टी20 विश्व कप इतिहास का दूसरा सबसे सफल रन चेज दक्षिण अफ्रीका के नाम है। इस फॉर्मेट के पहले ही विश्व कप यानी 2007 में उसने वेस्टइंडीज के खिलाफ ये कमाल किया था। जोहानिसबर्ग में खेले गए उस मैच में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 205 रन बनाए थे। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 2 विकेट के नुकसान पर 208 रन बनाकर इस मैच को आसानी से 8 विकेट से जीत लिया।
3- भारत 199/5 बनाम वेस्टइंडीज (2026 विश्व कप)
लिस्ट में तीसरे नंबर पर भारत है। 1 मार्च 2026 को वेस्टइंडीज के खिलाफ वर्चुअल क्वार्टर फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने विश्व कप इतिहास के अपने सबसे बड़े सफल रन चेज का कारनामा कर दिखाया। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 4 विकेट के नुकसान पर 195 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में संजू सैमसन के नाबाद 97 रनों की बदौलत भारत ने 4 गेंद बाकी रहते ही 5 विकेट के नुकसान पर 199 रन बनाकर ये मैच अपने नाम कर लिया।
4- अमेरिका 197/3 बनाम कनाडा (2024 विश्व कप)
2024 के विश्व कप में अमेरिका ने कनाडा के खिलाफ 195 रन के लक्ष्य को 7 विकेट बाकी रहते हासिल कर लिया था। डलास में खेले गए मैच में कनाडा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 194 रन बनाए थे। जवाब में अमेरिका ने 3 विकेट के नुकसान पर 197 रन बनाकर मैच को 7 विकेट से जीत लिया। ये टी20 विश्व कप इतिहास का चौथा सबसे बड़ा सफल रन चेज है।
5- वेस्टइंडीज 196/3 बनाम भारत (2016 वर्ल्ड कप)
2016 के टी20 विश्व कप में वेस्टइंडीज ने भारत के खिलाफ 193 रन के लक्ष्य का सफल पीछा किया था। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए उस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 192 रन बनाए थे। इसके जवाब में वेस्टइंडीज ने 3 विकेट के नुकसान पर 196 रन बनाकर मैच को 7 विकेट से अपने नाम कर लिया था। यह टी20 विश्व कप इतिहास का अब तक का पांचवां सबसे बड़ा सफल रन चेज है।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय, असिस्टेंट एडिटर
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ें



