हे भगवान, मैंने हैरी ब्रूक से पूछा कि…इंग्लैंड के चेज के दौरान इतना नर्वस थे कप्तान सूर्यकुमार यादव
भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव सेमीफाइनल में इंग्लैंड के चेज के दौरान नर्वस थे। उन्होंने इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक से एक सवाल भी पूछा। भारत की अब फाइनल में न्यूजीलैंड से भिड़ंत होगी।

सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व वाली टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंच गई है। भारत ने टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल में 7 रनों से करीबी जीत दर्ज की। भारत ने 253/7 का स्कोर खड़ा किया था। यह टूर्नामेंट के इतिहास में नॉकआउट का सबसे बड़ा स्कोर है। जवाब में इंग्लैंड ने डिफेंडिंग चैंपियन और मेजबान भारत की सांसें अटका दीं। इंग्लैंड ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 246 रन जुटाए। जैकेब बेथेल ने (48 गेंदों में 105) ने तूफानी शतक ठोका। विल जैक्स ने 35 और जोस बटलर ने 25 रनों का योगदान दिया। सूर्यकुमार ने रोमांचक मुकाबले के बाद कहा कि वह इंग्लैंड के चेज के दौरान नर्वस थे। उन्होंने मजाक में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक से एक सवाल भी पूछा।
'यह एक अविश्वसनीय एहसास है'
सूर्या ने इंग्लैंड को हारने के बाद कहा, ''यह एक अविश्वसनीय एहसास है। भारत में खेलना, बेहतरीन टीम को लीड करना और अहमदाबाद जाकर फाइनल खेलना शानदार है। यह सभी लड़कों के लिए खास एहसास है।'' उन्होंने संजू सैमसन की तारीफ की, जिन्होंने 42 गेंदों में 8 चौकों और सात छक्कों की मदद से 89 रनों की पारी खेली। वह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। सूर्या ने सैमसन को लेकर कहा, ''मुझे लगता है कि जैसे ही वह बैटिंग के लिए उतरा तो उसे पता था कि क्या करना है। जब विकेट भी गिरा तो उसे पता था कि पिच अच्छी है। उसने टीम की जरूरत के हिसाब से बैटिंग की। उसने जो कड़ी मेहनत की, उसका फल मिलना ही था। आज की पारी बहुत खास थी।''
‘चेज के दौरान हार्ट रेट चेक होता तो...’
उन्होंने इंग्लैंड के रन चेज पर कहा, ''हे भगवान! मैंने हैरी ब्रूक से कहा कि हमें तुम्हारे खिलाफ और कितने रन बनाने चाहिए? हालांकि, ईमानदारी से कहूं तो यह एक अच्छा विकेट था। जिस तरह से इंग्लैंड ने बैटिंग की, मैं उनसे क्रेडिट नहीं छीनना चाहता। वे हमेशा मैच में बने हुए थे और चेज में भी लगातार बने रहे। लेकिन जिस तरह से जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और अन्य बॉलर्स ने मैच को वापस खींचा, वो अविश्वसनीय था। यह खास बॉलिंग परफॉर्मेंस थी।'' कप्तान चेज के दौरान नर्वस थे। उन्होंने कहा, ''मैं बहुत नर्वस था। अगर किसी ने मेरा हार्ट रेट चेक किया होता तो आसानी से 160–175 होता। लेकिन यह गेम का हिस्सा है। यह एक शानदार सेमीफाइनल था।''
फाइनल को लेकर क्या बोले सूर्यकुमार?
सेमीफाइनल में अक्षर पटेल की फील्डिंग ने काफी सुर्खियां बटोरीं। उन्होंने दो कैच लपके और एक गजब का एफर्ट दिखाया। भारतीय कप्तान ने फील्डिंग को लेकर कहा, ''मुझे लगता है कि हमें अपने फील्डिंग कोच टी दिलीप को भी कुछ क्रेडिट देना चाहिए। जिस तरह से वह प्रैक्टिस सेशन में लड़कों के साथ काम कर रहे हैं, उन्हें मजेदार और कॉम्पिटिटिव बना रहे हैं। लड़कों ने सच में बहुत अच्छा रिस्पॉन्स दिया है। अपने पर्सनल स्किल सेशन के बाद भी, उन्होंने टीम के लिए एक्स्ट्रा मेहनत की और यह मैदान पर दिख रहा है।'' भारत को आठ मार्च को अहमदाबाद में न्यूजीलैंड से फाइनल में भिड़ना है। सूर्या ने फाइनल पर कहा, ''निश्चित रूप से प्रेशर और नर्वसनेस होगी, खासकर भारत में खेलना और ट्रॉफी के लिए उतरना। लेकिन लड़के और पूरा सपोर्ट स्टाफ उत्हासित है।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



