श्रीलंका के साथ टेस्ट सीरीज खेलेगा भारत, टी20 सीरीज का भी हो सकता है ऐलान
भारत और श्रीलंका के बीच अगस्त में दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा सकती है। श्रीलंका दौरे पर भारतीय टीम टी20 सीरीज भी खेल सकती है। शेड्यूल का ऐलान होना बाकी है।

भारत, श्रीलंका के साथ इस साल के आखिर में अपनी टेस्ट सीरीज की शुरुआत कर सकता है। शुभमन गिल की टीम को दो टेस्ट मैच खेलने हैं, और उम्मीद है कि दक्षिणी श्रीलंका में गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में 15 से 19 अगस्त के बीच पहला मैच खेला जाएगा। ये दोनों टेस्ट मैच मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) चरण का हिस्सा होंगे। दूसरे टेस्ट मैच के लिए जगह अभी तय नहीं हुई है, लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि यह मैच सेंट्रल कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (एसएससी) ग्राउंड में होगा। यह मैच 23 अगस्त से शुरू होगा।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने अभी तक आधिकारिक तौर पर इस कार्यक्रम की घोषणा नहीं की है, लेकिन क्रिकबज को पता चला है कि दोनों टेस्ट मैचों की शुरुआती तारीखें काफी हद तक सही हैं और गाले में सीरीज का पहला मैच खेला जाएगा। दो टेस्ट मैचों के अलावा, भारत तीन टी-20 मैच भी खेल सकता है। बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया ने भी हाल ही में इसका जिक्र किया था। सैकिया ने मीडिया से कहा, “तीन मैचों का अनुरोध है और हम जल्द ही कार्यक्रम को अंतिम रूप देंगे।”
लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) नौ अगस्त को खत्म होने वाली है, इसलिए टेस्ट सीरीज के बाद टी-20 मैच कराना, उन्हें पहले कराने की तुलना में ज्यादा सही लग रहा है। माना जा रहा है कि एसएलसी इस दौरे की बारीकियों पर काम कर रहा है, जिसमें तीन मैचों की टी-20 सीरीज को शामिल करने की संभावना भी है।
भारत ए श्रीलंका में मौजूद
भारत ए के लिये वनडे क्रिकेट में पदार्पण करते हुए वैभव सूर्यवंशी 14 रन ही बना सके लेकिन ऋतुराज गायकवाड़ के शतक की मदद से भारतीय टीम ने मंगलवार को श्रीलंका ए को आठ रन से हराया । श्रीलंका ए जीत के लिये 278 रन के लक्ष्य की ओर बढती दिख रही थी और कप्तान साहान अराछिगे ने 72 गेंद में 74 रन बनाये लेकिन मेजबान टीम ने आखिरी चार विकेट दस गेंद के भीतर गंवा दिये जिससे भारत को यह करीबी जीत मिली । इनमें से तीन विकेट आखिरी ओवर में गिरे जिसमें तेज गेंदबाज अरशद खान ने दो विकेट लिये जबकि एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।
इससे पहले गायकवाड़ ने 101 रन बनाकर भारत ए को छह विकेट पर 277 रन तक पहुंचाया । स्पिनर आयुष बडोनी और अनुकूल रॉय ने दो दो विकेट लिये । अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके साहान टीम को जीत के करीब ले आये थे लेकिन अंशुल कम्बोज की गेंद पर बोल्ड हो गए । पारी के आखिर में लगातार विकेट गंवाकर श्रीलंका ए ने तिलक वर्मा की कप्तानी वाली भारत ए टीम को जीत तोहफे में दे दी। भारत ए को अब 11 जून को अफगानिस्तान ए से खेलना है ।
लेखक के बारे में
Himanshu Singhहिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)
हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।
परिचय और अनुभव
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।
खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी



