
पाकिस्तान मुकाबले को लेकर कैसी है भारतीय खिलाड़ियों की तैयारी, बैटिंग कोच ने दिया अपडेट
भारतीय टीम के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने कहा है कि खिलाड़ियों का पूरा फोकस मैच पर है। उनका मानना है कि भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को एक दिलचस्प मुकाबला होगा।
भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने शुक्रवार को कहा कि जब से बीसीसीआई ने एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ खेलने के सरकार के फैसले का समर्थन किया है तब से टीम का ध्यान पूरी तरह से क्रिकेट पर है। दोनों पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी रविवार को आमने-सामने होंगे। मई में सीमा पर तनाव बढ़ने के बाद से यह दोनों टीमों के बीच पहला मैच होगा।

कोच सितांशु कोटक ने आईसीसी अकादमी मैदान पर भारत के ट्रेनिंग सत्र से इतर मीडियाकर्मियों से कहा, ‘‘जब से बीसीसीआई ने कहा है कि वे सरकार के फैसले से सहमत हैं, हमारा फोकस हमेशा मैच पर ही रहा है। यह भारत बनाम पाकिस्तान है और यह एक दिलचस्प मुकाबला होगा।’’ उन्होंने आगे कहा, ‘‘भारत बनाम पाकिस्तान हमेशा एक प्रतिस्पर्धी मैच होता है।’’
यह पूछे जाने पर कि क्या क्रिकेटर कश्मीर में हुए आतंकी हमले के बाद तनाव से सचमुच अप्रभावित रह सकते हैं तो कोटक ने बस इतना कहा, ‘‘खिलाड़ियों का ध्यान मैदान पर है और उनके दिमाग में कुछ और नहीं है।’’ कश्मीर में हुए हमले के बाद से पाकिस्तान के साथ क्रिकेट संबंधों का बहिष्कार करने की मांग तेज हो गई थी।
भारत और पाकिस्तान के बीच 14 सितम्बर को एशिया कप में मुकाबला होना है। कपिल ने पत्रकारों के सवालों के जवाब में इतना ही कहा कि हिन्दुस्तान की टीम यह मुकाबला जीतेगी। अपने समय के दिग्गज आलराउंडर ने साथ ही कहा कि भारत ने पिछले मुकाबले में जैसा प्रदर्शन किया था वह सराहनीय था। उसे देखकर मुझे यकीन है कि भारतीय टीम इस बार भी हमें गौरव प्रदान करेगी।
विराट और रोहित जैसे पुराने खिलाड़ियों की अनुपस्थिति के बारे में पूछे जाने पर कपिल ने कहा कि उन्होंने अपने समय में अच्छा प्रदर्शन किया और अब बारी नए खिलाड़ियों की है जिन्हें हमें देखना है।






