
भारत-बांग्लादेश मैच के बाद क्या खिलाड़ियों ने मिलाए हाथ? टॉस के दौरान खड़ा हो गया था विवाद
भारत बांग्लादेश तनाव के बीच दोनों टीमों ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में मैच खेला। टॉस के दौरान जब दोनों कप्तानों ने हाथ नहीं मिलाए तो विवाद खड़ा हो गया। हालांकि बाद में बांग्लादेश ने इस मुद्दे पर सफाई दी। मैच के बाद भारत और बांग्लादेश के खिलाड़ियों ने हैंडशेक किया।
भारत और बांग्लादेश के बीच शनिवार, 17 जनवरी को अंडर-19 वर्ल्ड कप का मैच खेला गया। दोनों देशों के बीच जारी तनाव के चलते हर किसी की नजरें इसी मैच पर टिकी थी। जब टॉस के दौरान दोनों कप्तानों ने हैंडशेक नहीं किया तो विवाद खड़ा हो गया। फैंस इसकी तुलना भारत-पाकिस्तान से करने लगे। दरअसल, एशिया कप के दौरान भारत ने पाकिस्तान का बॉयकॉट करने के लिए ना तो टॉस के दौरान और ना ही मैच के बाद एक दूसरे से हाथ मिलाए थे। हालांकि कुछ देर बाद बीसीबी ने इस मुद्दे पर सफाई दी थी।
बीसीबी ने सफाई देते हुए कहा था कि वाइस-कैप्टन जवाद अबरार का भारत के कप्तान आयुष म्हात्रे से हाथ न मिलाना अनादर का संकेत नहीं था। बोर्ड ने कहा कि यह बात जवाद के दिमाग से निकल गई थी क्योंकि वह रेगुलर कप्तान अजीजुल हकीम की जगह टॉस के लिए आए थे, जो मैच से कुछ देर पहले बीमार पड़ गए थे। मैच के बाद हर कोई यह देखना चाहता था कि क्या दोनों टीमों के खिलाड़ी एक दूसरे से हाथ मिलाएंगे या नहीं।
जब बारिश से बाधित मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश पर रोमांचक जीत दर्ज की तो दोनों टीमों के खिलाड़ी एक दूसरे से हाथ मिलाने के लिए लाइन में खड़े हुए। सभी खिलाड़ियों ने एक दूसरे से हाथ मिलाकर मैच का अंत किया।
टीम इंडिया ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले बैटिंग करते हुए वैभव सूर्यवंशी की 72 और अभिज्ञान कुंदू की 80 रनों की पारी के दम पर 238 रन बोर्ड पर लगाए थे। बारिश से बाधित इस मुकाबले में बांग्लादेश को 165 रनों का आसान सा लक्ष्य मिला था, मगर विहान मल्होत्रा की कातिलाना गेंदबाजी के दम पर भारत ने जीत दर्ज की।
विहान मल्होत्रा ने मात्र 4 ओवर में ही मैच को पलट दिया। उन्होंने मात्र 14 रन खर्च कर बांग्लादेश के 4 विकेट हासिल कर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।

लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें




